काम की बात: फोन पर 1600 या 140 नंबर से आ रही है कॉल? जानें कौन-सी है जरूरी और कौन-सी ऑफर वाली, सरकार ने दी डिटेल

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

अब 1600 और 140 नंबर देखकर घबराने की जरूरत नहीं है। 1600 नंबर जरूरी जानकारी देने वाली कॉल के लिए हैं, जबकि 140 नंबर ऐड और ऑफर वाली कॉल के लिए हैं। TRAI ने दी पूरी डिटेल।

Spam calls

अगर आपके मोबाइल पर कभी 1600 या 140 से शुरू होने वाले नंबर से कॉल आई है और आपने यह सोचकर फोन नहीं उठाया कि कहीं यह स्पैम कॉल तो नहीं, तो यह खबर आपके लिए है। इन नंबरों को लेकर लोगों के बीच काफी भ्रम फैल गया था। कई लोग इन्हें फर्जी कॉल समझ रहे थे, जबकि कई लोगों को समझ ही नहीं आ रहा था कि आखिर ये नंबर किसलिए होते हैं। अब TRAI (भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण) ने इस मामले पर सफाई दी है। TRAI ने बताया है कि 1600 से शुरू होने वाले नंबर और 140 से शुरू होने वाले नंबर का काम बिल्कुल अलग है। 1600 वाले नंबर का इस्तेमाल बैंक, बीमा कंपनी और सरकारी विभाग जैसी संस्थाएं जरूरी जानकारी देने के लिए करती हैं। वहीं 140 वाले नंबर से आने वाली कॉल प्रमोशनल यानी ऑफर और विज्ञापन से जुड़ी होती हैं। अगर आप भी ऐसे नंबरों से आने वाली कॉल को लेकर कन्फ्यूज रहते हैं, तो यहां आसान भाषा में समझिए कि कौन-सी कॉल जरूरी है, कौन-सी प्रमोशनल है और किन कॉल्स को आप बंद भी कर सकते हैं।

1600 नंबर से कॉल आए तो क्या समझें

अगर आपके फोन पर 1600 से शुरू होने वाले नंबर से कॉल आती है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। यह आमतौर पर किसी बैंक, बीमा कंपनी, निवेश कंपनी या सरकारी विभाग की कॉल हो सकती है। मान लीजिए आपने बैंक से लोन लिया है, बीमा पॉलिसी खरीदी है या सरकार की किसी योजना का लाभ ले रहे हैं। ऐसे में जरूरी जानकारी देने के लिए आपको 1600 सीरीज वाले नंबर से कॉल आ सकती है। TRAI का कहना है कि इन नंबरों को खास तौर पर भरोसेमंद कॉल के लिए रखा गया है, ताकि लोग आसानी से पहचान सकें कि कॉल किसी जरूरी काम से आई है।

140 नंबर से आने वाली कॉल का मतलब

अगर किसी नंबर की शुरुआत 140 से होती है, तो समझिए कि यह ऑफर, डिस्काउंट या किसी कंपनी के प्रचार से जुड़ी कॉल है। जैसे मोबाइल रिचार्ज ऑफर, क्रेडिट कार्ड ऑफर, नई कार, बीमा या किसी कंपनी की स्कीम की जानकारी। यानी 140 नंबर से आने वाली कॉल जरूरी नहीं होती, बल्कि प्रमोशनल कॉल होती है।

क्या 140 नंबर वाली कॉल बंद कर सकते हैं?

हां। अगर आपको ऐसी प्रमोशनल कॉल पसंद नहीं हैं, तो आप DND (Do Not Disturb) सेवा चालू कर सकते हैं। इसके बाद आपकी पसंद के अनुसार प्रमोशनल कॉल आनी बंद हो जाएंगी। अगर आपने DND में सभी प्रमोशनल कॉल ब्लॉक कर रखी हैं, तो 140 नंबर से आने वाली मार्केटिंग कॉल आपको नहीं मिलेगी।

क्या 1600 नंबर वाली कॉल भी बंद हो जाएगी?

नहीं। TRAI ने साफ कहा है कि 1600 नंबर से आने वाली जरूरी कॉल को ब्लॉक नहीं किया जाएगा। ऐसा इसलिए क्योंकि इन कॉल्स में बैंक ट्रांजैक्शन, बीमा, सरकारी सूचना या दूसरी जरूरी जानकारी हो सकती है। अगर इन्हें ब्लॉक कर दिया जाए, तो लोगों तक जरूरी डिटेल नहीं पहुंच पाएगी।

सरकार ने इस वजह से दी इन नंबरों से जुड़ी सफाई

पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया और कई रिपोर्ट्स में 1600 और 140 नंबरों को लेकर अलग-अलग बातें कही जा रही थीं। इससे लोग कन्फ्यूज हो रहे थे कि कौन-सी कॉल असली है और कौन-सी फर्जी। इसी भ्रम को दूर करने के लिए TRAI ने साफ किया कि दोनों नंबर अलग-अलग काम के लिए तय किए गए हैं और लोगों को इनके बारे में सही जानकारी होनी चाहिए।

Himani Gupta

लेखक के बारे में

Himani Gupta

हिमानी गुप्ता लाइव हिन्दुस्तान में गैजेट्स सेक्शन से जुड़ी हुई हैं और 2020 से इस संस्थान का हिस्सा हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें करीब 12 साल का अनुभव है। इससे पहले वह नेटवर्क 18 में गैजेट्स और बिजनेस सेक्शन देखती रही हैं, जहां बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें दो बार बेस्ट परफॉर्मर ऑफ द मंथ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। नेटवर्क 18 से पहले भी हिमानी ने कई अन्य मीडिया संस्थानों में काम किया है। हिमानी स्मार्टफोन, कंज्यूमर गैजेट्स और AI से जुड़ी खबरों और फीचर्स पर लिखती हैं। लेटेस्ट गैजेट्स को एक्सप्लोर करना, उनकी टेस्टिंग करना और नए ऐप्स पर काम करना उनके काम का अहम हिस्सा है।

शिक्षा के क्षेत्र में हिमानी ने आईपी यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी (MJMC) की पढ़ाई की है। इसके अलावा उन्होंने डिजिटल विद्या (Digital Vidya) से सोशल मीडिया मार्केटिंग का कोर्स भी किया है। एडिटोरियल के अलावा, हिमानी को गूगल एनालिटिक्स और सोशल मीडिया की भी काफी जानकारी है और बतौर सोशल मीडिया मैनेजर भी काम कर चुकी हैं। काम के अलावा उन्हें टेक ट्रेंड्स को समझना और उन्हें कहानियों में ढालना पसंद है, ताकि पाठक बदलती डिजिटल दुनिया से हमेशा अपडेट रह सकें।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।