फ्रिज को बनाया ‘हथियार’, हैकर्स ने 50 डिग्री तक पहुंचा दिया तापमान, सुपरमार्केट्स में खराब हुआ सामान

लाइव हिन्दुस्तान
share

फ्रांस में साइबर अटैक के जरिए सुपरमार्केट के रेफ्रिजरेशन सिस्टम को निशाना बनाया गया, जिससे कुछ फ्रिज का टेंपरेटर तो 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इस घटना में खाने की चीजें खराब होने और कुछ जगहों पर आग लगने की खबर आई, जांच एजेंसियां हमले के तरीके का पता लगा रही हैं।

France Supermarket Cyberattack
हैकर्स ने हजारों फ्रिज का तापमान बढ़ा दिया और बड़े स्तर पर नुकसान पहुंचाया।

फ्रांस में साइबर अटैक का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया, जिसमें हैकर्स ने फ्रिज को हथियार बनाते हुए सुपरमार्केट के रेफ्रिजरेशन सिस्टम को निशाना बनाया है। रिपोर्टों के मुताबिक, कुछ फ्रिज और फ्रीजर का तापमान बढ़कर 50 डिग्री सेल्सियस यानी 122 डिग्री फारेनहाइट तक पहुंचा दिया गया। इससे खाने-पीने की चीजों को सुरक्षित रखने वाले सिस्टम प्रभावित हुए और कई स्टोर में सामान खराब हुआ और वहीं कुछ जगहों से आग लगने के मामले भी सामने आए। इस घटना ने इंटरनेट से जुड़े डिवाइस और मशीनों की साइबर सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, फ्रांस में इंटरमार्शे, कैरेफोर और कोऑपरेटिव यू जैसी सुपरमार्केट चेन के स्टोर प्रभावित हुए। कुछ रिपोर्ट्स में सैकड़ों स्टोर तक असर पहुंचने की बात कही गई है। शुरुआती जांच में डेनमार्क की कंपनी डैनफॉस के रेफ्रिजरेशन मैनेजमेंट सिस्टम से जुड़ी संभावित सुरक्षा खामी का जिक्र हुआ है। हालांकि, हमले के पीछे कौन था और सभी प्रभावित सिस्टम तक पहुंच कैसे बनाई गई, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।

हैकर्स ने कैसे फ्रिज का तापमान बढ़ाया?

बड़े सुपरमार्केट्स में सैकड़ों फ्रिज और फ्रीजर होते हैं। इनका तापमान कंट्रोल करने और निगरानी के लिए डिजिटल कंट्रोल सिस्टम इस्तेमाल किए जाते हैं। इनकी मदद से कर्मचारी एक ही जगह से कई मशीनों की स्थिति देख सकते हैं और जरूरत पड़ने पर उनकी सेटिंग बदल सकते हैं। यह सुविधा काम आसान बनाती है, लेकिन सिस्टम की सुरक्षा कमजोर होने पर ऐसा अटैक हो सकता है। अगर कोई अटैकर कंट्रोल सॉफ्टवेयर या नेटवर्क तक पहुंच जाए, तो वह मशीनों को हैक कर सकता है।

शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मामले में फोर्स्ड डिफ्रॉस्ट यानी जबरन बर्फ पिघलाने वाले फीचर का इस्तेमाल किया गया। फ्रिज और फ्रीजर के इवैपोरेटर पर बर्फ जमने पर उसे हटाने के लिए डिफ्रॉस्ट साइकल चलाया जाता है। यह सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन इसे गलत तरीके से चलाने या जरूरत से ज्यादा समय तक एक्टिव रखने पर कूलिंग प्रभावित हो सकती है। रिपोर्ट में कुछ मशीनों का तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने और करीब छह घंटे तक यही स्थिति बने रहने का जिक्र है। हालांकि, सभी स्टोर्स में हमले का तरीका एक जैसा था या नहीं, यह साफ नहीं है।

Hacking Attach France

डैनफॉस के पुराने सिस्टम पर क्यों उठे सवाल?

इस घटना की शुरुआती जांच में डैनफॉस के रेफ्रिजरेशन कंट्रोल सिस्टम से जुड़ी संभावित सुरक्षा कमजोरी का जिक्र किया गया है। रिपोर्टों के मुताबिक, कुछ प्रभावित सिस्टम पुराने फर्मवेयर पर चल रहे थे। फर्मवेयर वह सॉफ्टवेयर होता है, जो किसी डिवाइस के काम को कंट्रोल करता है। स्मार्टफोन, राउटर, स्मार्ट टीवी और इंडस्ट्रियल मशीनरी की तरह रेफ्रिजरेशन कंट्रोलर में भी इसका इस्तेमाल होता है। सुरक्षा खामी सामने आने पर मैन्युफैक्चरर अपडेट रिलीज कर सकता है, जिससे उस कमजोरी को दूर किया जा सके।

अगर कंपनियां लंबे समय तक पुराने सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल करती रहती हैं, तो उनके सिस्टम में मौजूद कई खामियों का फायदा उठाना अटैकर्स के लिए आसान हो सकता है। हालांकि, किसी सिस्टम का पुराना होना अपने आप में साइबर अटैक की वजह नहीं होता। नेटवर्क सिक्योरिटी, रिमोट एक्सेस, पासवर्ड और बाकी फैक्टर्स भी महत्वपूर्ण होते हैं।

फ्रांस की सुपरमार्केट चेन को कितना नुकसान हुआ?

शुरुआती रिपोर्टों में इंटरमार्शे के करीब 150 स्टोर और कैरेफोर के करीब 80 सुपरमार्केट प्रभावित होने की जानकारी दी गई। कोऑपरेटिव यू और कुछ अन्य रिटेल चेन के स्टोर में भी परेशानी की खबर आई। प्रभावित स्टोर्स को खाने का सामना हटाना पड़ा। बता दें, नुकसान केवल फ्रिज में रखे सामान तक सीमित नहीं रहता। मांस, मछली, दूध, डेयरी उत्पाद और फ्रोजन फूड को सुरक्षित रखने के लिए निर्धारित तापमान जरूरी होता है। कई जगह सामान खराब होने के मामले भी सामने आए।

इस घटना में कुछ जगहों पर आग लगने की भी खबर आई, हालांकि हर प्रभावित स्टोर में आग लगने की पुष्टि नहीं हुई है। आग की घटनाओं और साइबर अटैक के बीच सटीक संबंध जांच के बाद ही साफ हो सकेगा। शुरुआती रिपोर्टों में नुकसान के दसियों लाख यूरो तक पहुंचने की आशंका भी जताई गई, हालांकि पूरा आंकड़ा सामने आना बाकी है।

स्मार्ट टीवी और स्मार्ट होम डिवाइस भी हो सकते हैं निशाना

यह घटना इंटरनेट ऑफ थिंग्स यानी आईओटी की सुरक्षा पर सवाल उठाती है। आईओटी उन डिवाइस और मशीनों को कहा जाता है, जो इंटरनेट या नेटवर्क से जुड़कर डेटा शेयर करते हैं या दूर से कंट्रोल किए जा सकते हैं। आज स्मार्ट टीवी, सिक्योरिटी कैमरे, वाई-फाई राउटर, स्मार्ट लॉक और एयर कंडीशनर जैसे कई डिवाइस इंटरनेट से जुड़े हैं। इनकी मदद से यूजर्स को रिमोट कंट्रोल और ऑटोमेशन जैसी सुविधाएं मिलती हैं। लेकिन सिक्योरिटी कमजोर होने पर हैकर्स इनका गलत इस्तेमाल करने की कोशिश कर सकते हैं।

Pranesh Tiwari

लेखक के बारे में

Pranesh Tiwari

प्राणेश वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वे पिछले चार वर्षों से टेक्नोलॉजी सेक्शन का अहम हिस्सा हैं। खुद को दिल से लेखक और पेशे से पत्रकार मानने वाले प्राणेश के पास पत्रकारिता के क्षेत्र में आठ वर्षों से अधिक का अनुभव है। उन्होंने अपने पूरे करियर में साइंस और टेक्नोलॉजी की जटिलताओं को आम पाठकों के लिए सरल, सहज और रोचक भाषा में प्रस्तुत करने पर विशेष ध्यान दिया है।

विशेषज्ञता और कार्यशैली
प्राणेश की विशेषज्ञता गैजेट्स, टेक इनसाइट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे विषयों में है। वे तकनीकी बारीकियों और कठिन शब्दावली को इस तरह प्रस्तुत करते हैं कि एक सामान्य पाठक भी तेजी से बदलती डिजिटल दुनिया को आसानी से समझ सके। लेटेस्ट गैजेट्स का रिव्यू करना और नए मोबाइल ऐप्स के फीचर्स को आजमाना उनके काम का पसंदीदा हिस्सा है। उनकी लेखन शैली में स्पष्टता, रिसर्च और कहानी कहने का संतुलन देखने को मिलता है।

अब तक का सफर और उपलब्धियां
प्राणेश ने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत नवभारत टाइम्स ऑनलाइन से की। इसके बाद उन्होंने न्यूजबाइट्स (NewsBytes) में सीनियर टेक जर्नलिस्ट के रूप में काम किया, जहां उन्होंने तकनीकी रिपोर्टिंग में अपनी अलग पहचान बनाई। वे भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली के पूर्व छात्र हैं और अपनी प्रतिभा के लिए प्रतिष्ठित PTI अवॉर्ड से सम्मानित हो चुके हैं।

लेखन और व्यक्तिगत रुचियां
पत्रकारिता के साथ-साथ प्राणेश एक संवेदनशील और रचनात्मक लेखक भी हैं। लॉकडाउन के दौरान उन्होंने ‘सिर्फ दोस्त: नए जमाने की प्रेम कहानियां’ नामक लघुकथा संग्रह लिखा, जिसमें रिश्तों की बारीकियों को भावनात्मक रूप से प्रस्तुत किया गया है।

उन्हें स्मार्टफोन, कंज्यूमर टेक और डिजिटल इनोवेशन से जुड़े विषयों पर गहराई से रिसर्च करना और पढ़ना पसंद है। काम के अलावा, उन्हें यात्रा करना भी बेहद पसंद है। उनके लिए यात्राएं केवल सुकून का जरिया नहीं, बल्कि नए अनुभवों और कहानियों को खोजने का तरीका हैं।

चाहे वह किसी नए AI टूल की पड़ताल हो या किसी अनदेखी जगह की यात्रा.. प्राणेश का लक्ष्य हमेशा एक बेहतरीन कहानी बुनना ही होता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsगैजेट्स न्यूज़फ्रिज को बनाया ‘हथियार’, हैकर्स ने 50 डिग्री तक पहुंचा दिया तापमान