Elon Musk की बड़ी चेतावनी: 5 साल में इंसानों से ज्यादा स्मार्ट हो जाएगा AI, 10 साल में छिन सकता है कंट्रोल!
एलन मस्क ने चेतावनी दी है कि अगले पांच साल में AI की इंटेलिजेंस पूरी मानवता से आगे निकल सकती है और एक दशक के भीतर इसे कंट्रोल करना मुश्किल हो सकता है। उन्होंने AI कंपनियों से सुरक्षा के लिए मिलकर काम करने की अपील की है।

दुनिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का डिवेलपमेंट जिस तेजी से हो रहा है, उसने अब एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या आने वाले समय में इंसान AI को कंट्रोल कर पाएगा? Tesla और SpaceX के CEO Elon Musk ने AI को लेकर एक बार फिर गंभीर चेतावनी दी है। उनका मानना है कि अगले करीब पांच साल में AI की इंटेलिजेंस पूरी मानव जाति की कंबाइन्ड इंटेलिजेंस से भी आगे निकल सकती है। मस्क ने यह भी चेतावनी दी है कि अगर AI इंसानों से कहीं ज्यादा बुद्धिमान हो गया, तो अगले 10 वर्षों में उसे कंट्रोल करना बेहद मुश्किल हो सकता है।
हालांकि, मस्क AI के भविष्य को केवल खतरे के तौर पर नहीं देखते। उनका मानना है कि अगर AI का विकास सही दिशा में हुआ, तो यह मानव इतिहास में समृद्धि और विकास का दौर ला सकता है। AI के कारण प्रोडक्टिविटी बढ़ सकती है, कई मुश्किल दिक्कतों का सॉल्यूशन तेजी से हो सकता है और इंसानों की जिंदगी पहले से कहीं ज्यादा आसान हो सकती है। लेकिन इसके साथ ही वह मानते हैं कि AI की बढ़ती क्षमताओं के साथ सुरक्षा को लेकर तैयारी करना भी जरूरी है।
AI कंपनियों को मिलकर काम करने की जरूरत
मस्क का कहना है कि AI के संभावित खतरों से निपटने के लिए दुनिया की बड़ी AI कंपनियों को आपसी कॉम्पिटीशन से ऊपर उठकर सुरक्षा के मामले पर सहयोग करना चाहिए। उनके मुताबिक, AI डिवेलप करने वाली कंपनियों को नियमित तौर पर एक-दूसरे के साथ बैठकर AI safety और इससे जुड़े संभावित जोखिमों पर चर्चा करनी चाहिए।
उनका सुझाव है कि ऐसी बैठकें हर सप्ताह या कम से कम हर दो सप्ताह में होनी चाहिए। इस तरह कंपनियां एक-दूसरे के अनुभवों और सुरक्षा उपायों से सीख सकती हैं और AI मॉडल के विकास के दौरान सामने आने वाले खतरों को समय रहते पहचाना जा सकता है।
लॉन्च से पहले हो AI मॉडल की सुरक्षा जांच
मस्क ने AI मॉडल की सुरक्षा को लेकर peer review का विचार भी सामने रखा है। उनका मानना है कि लेटेस्ट frontier AI models को पब्लिकली लॉन्च करने से पहले प्रतिस्पर्धी AI कंपनियों के एक्सपर्ट्स से उनकी समीक्षा कराई जा सकती है।
इस प्रोसेस का मकसद किसी कंपनी की तकनीक को रोकना नहीं, बल्कि यह पता लगाना होगा कि नए AI मॉडल में कोई ऐसा जोखिम तो नहीं है, जिसे डिवेलप करने वाली कंपनी खुद पहचान ना पाई हो। अलग-अलग कंपनियों के एक्सपर्ट्स के एनालिसिस और रिव्यू से संभावित खतरों को पहले ही सामने लाया जा सकता है।
सरकारों को कब करना चाहिए हस्तक्षेप?
मस्क के मुताबिक, AI कंपनियों के बीच सहयोग और सेल्फ-रेग्युलेशन को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उनका मानना है कि अगर कंपनियां गंभीर सुरक्षा चिंताओं को दूर करने में असफल रहती हैं, तभी सरकारों को हस्तक्षेप करना चाहिए। यह विचार ऐसे समय में आया है जब दुनिया भर की सरकारें AI के डिवेलपमेंट और इसके इस्तेमाल को लेकर नियम बनाने की कोशिश कर रही हैं।


