एलन मस्क ने गूगल CEO सुंदर पिचाई की तारीफ में कही बड़ी बात, जानें क्या बोले

लाइव हिन्दुस्तान
share

एलन मस्क ने Gemini 4 Argon लॉन्च करने पर गूगल CEO सुंदर पिचाई को बधाई दी और कहा कि CEO की X पोस्ट ट्रेडिशनल प्रेस रिलीज से ज्यादा असरदार हो सकती है। गूगल का नया AI मॉडल कोडिंग, साइबर सिक्योरिटी, फाइनेंस और साइंस जैसे जटिल कामों के लिए पेश किया गया है।

Elon Musk Praises Sundar Pichai
मस्क ने सुंदर पिचाई की तारीफ X के इस्तेमाल को लेकर की है।

टेक्नोलॉजी की दुनिया में गूगल के नए AI मॉडल Gemini 4 Argon की लॉन्चिंग के बीच एलन मस्क ने गूगल के CEO सुंदर पिचाई की तारीफ की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के मालिक मस्क ने पिचाई को नए AI मॉडल की लॉन्चिंग पर बधाई देते हुए कहा कि कंपनियों के CEO और बड़े अधिकारियों का सीधे X पर आकर प्रोडक्ट की जानकारी देना ट्रेडिशनल प्रेस रिलीज से ज्यादा असरदार हो सकता है। उनके इस बयान ने टेक कंपनियों के बीच सोशल मीडिया की बढ़ती अहमियत को फिर चर्चा में ला दिया है।

सुंदर पिचाई ने X पर एक पोस्ट के जरिए Gemini 4 Argon की ग्लोबल उपलब्धता की जानकारी दी थी। इसके जवाब में एलन मस्क ने उन्हें और उनकी टीम को बधाई दी। मस्क का मानना है कि कंपनी के बड़े अधिकारियों का सीधे सोशल मीडिया पर लोगों से कम्युनिकेट करना अपने मैसेज को अच्छे ढंग से पहुंचाने और प्रोडक्ट की सेल बढ़ाने का बेहतर तरीका है।

X पोस्ट को प्रेस रिलीज से बेहतर क्यों मानते हैं मस्क?

एलन मस्क के इस कॉमेंट के पीछे सोशल मीडिया के जरिए सीधे लोगों तक पहुंचने की स्ट्रेटजी को समझा जा सकता है। ट्रेडिशनल प्रेस रिलीज आमतौर पर मीडिया संस्थानों को भेजी जाती हैं, जिसके बाद उनसे जुड़ी खबरें पब्लिश होती हैं। वहीं, X पर किसी कंपनी का CEO सीधे ग्राहकों, निवेशकों, डेवलपर्स और दूसरे यूजर्स तक जानकारी पहुंचा सकता है।

इस तरीके से कंपनियों को अपने प्रोडक्ट का मेसेज शेयर करने के लिए मीडिया कवरेज का इंतजार नहीं करना पड़ता। यूजर्स पोस्ट पर तुरंत प्रतिक्रिया दे सकते हैं, सवाल पूछ सकते हैं और जानकारी को दूसरे लोगों तक पहुंचा सकते हैं। इससे नए प्रोडक्ट या फीचर को लेकर चर्चा तेजी से बढ़ सकती है।

हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि प्रेस रिलीज की अहमियत खत्म हो गई है। आधिकारिक घोषणाओं, विस्तृत जानकारी और मीडिया रिपोर्टिंग के लिए प्रेस रिलीज अब भी काम की हैं। सोशल मीडिया पोस्ट और प्रेस रिलीज दोनों की अपनी अलग भूमिका है, लेकिन एलन मस्क अपने प्लेटफॉर्म X को मिल रही अहमियत के चलते सुंदर पिचाई की तारीफ कर रहे हैं।

Gemini 4 Argon में क्या है खास?

गूगल का Gemini 4 Argon AI मॉडल कोडिंग, फाइनेंस, कानूनी रिसर्च, साइबर सिक्योरिटी और साइंस जैसे जटिल क्षेत्रों में काम करने के लिए पेश किया गया है। कंपनी के मुताबिक, यह मॉडल कई स्टेप्स वाले काम करने में सक्षम है और कुछ अहम बेंचमार्क्स पर बेहतर परफॉर्म करता है। बता दें, यह लॉन्च ऐसे समय हुआ है जब गूगल और दूसरी टेक कंपनियां AI के क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही हैं। ऐसे में नए मॉडल तैयार करने के साथ-साथ उनकी जानकारी लोगों तक पहुंचाना भी जरूरी हो गया है।

Pranesh Tiwari

लेखक के बारे में

Pranesh Tiwari

प्राणेश वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वे पिछले चार वर्षों से टेक्नोलॉजी सेक्शन का अहम हिस्सा हैं। खुद को दिल से लेखक और पेशे से पत्रकार मानने वाले प्राणेश के पास पत्रकारिता के क्षेत्र में आठ वर्षों से अधिक का अनुभव है। उन्होंने अपने पूरे करियर में साइंस और टेक्नोलॉजी की जटिलताओं को आम पाठकों के लिए सरल, सहज और रोचक भाषा में प्रस्तुत करने पर विशेष ध्यान दिया है।

विशेषज्ञता और कार्यशैली
प्राणेश की विशेषज्ञता गैजेट्स, टेक इनसाइट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे विषयों में है। वे तकनीकी बारीकियों और कठिन शब्दावली को इस तरह प्रस्तुत करते हैं कि एक सामान्य पाठक भी तेजी से बदलती डिजिटल दुनिया को आसानी से समझ सके। लेटेस्ट गैजेट्स का रिव्यू करना और नए मोबाइल ऐप्स के फीचर्स को आजमाना उनके काम का पसंदीदा हिस्सा है। उनकी लेखन शैली में स्पष्टता, रिसर्च और कहानी कहने का संतुलन देखने को मिलता है।

अब तक का सफर और उपलब्धियां
प्राणेश ने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत नवभारत टाइम्स ऑनलाइन से की। इसके बाद उन्होंने न्यूजबाइट्स (NewsBytes) में सीनियर टेक जर्नलिस्ट के रूप में काम किया, जहां उन्होंने तकनीकी रिपोर्टिंग में अपनी अलग पहचान बनाई। वे भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली के पूर्व छात्र हैं और अपनी प्रतिभा के लिए प्रतिष्ठित PTI अवॉर्ड से सम्मानित हो चुके हैं।

लेखन और व्यक्तिगत रुचियां
पत्रकारिता के साथ-साथ प्राणेश एक संवेदनशील और रचनात्मक लेखक भी हैं। लॉकडाउन के दौरान उन्होंने ‘सिर्फ दोस्त: नए जमाने की प्रेम कहानियां’ नामक लघुकथा संग्रह लिखा, जिसमें रिश्तों की बारीकियों को भावनात्मक रूप से प्रस्तुत किया गया है।

उन्हें स्मार्टफोन, कंज्यूमर टेक और डिजिटल इनोवेशन से जुड़े विषयों पर गहराई से रिसर्च करना और पढ़ना पसंद है। काम के अलावा, उन्हें यात्रा करना भी बेहद पसंद है। उनके लिए यात्राएं केवल सुकून का जरिया नहीं, बल्कि नए अनुभवों और कहानियों को खोजने का तरीका हैं।

चाहे वह किसी नए AI टूल की पड़ताल हो या किसी अनदेखी जगह की यात्रा.. प्राणेश का लक्ष्य हमेशा एक बेहतरीन कहानी बुनना ही होता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsगैजेट्स न्यूज़एलन मस्क ने की गूगल CEO सुंदर पिचाई की तारीफ, कही ये बड़ी बात