ChatGPT की ट्रेनिंग के लिए कॉपीराइटेड कंटेंट यूज कर सकता है OpenAI? दिल्ली हाई कोर्ट का फैसला

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

दिल्ली हाई कोर्ट ने OpenAI और ANI के बीच कॉपीराइट विवाद में ChatGPT की AI ट्रेनिंग को लेकर अहम फैसला सुनाया है। कोर्ट के फैसले से OpenAI को बड़ी राहत मिली है।

ChatGPT Copyright Case
ChatGPT Copyright Case

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया में कॉपीराइट को लेकर चल रही बहस के बीच दिल्ली हाई कोर्ट का एक बड़ा फैसला सामने आया है। कोर्ट ने OpenAI और समाचार एजेंसी ANI के बीच चल रहे विवाद में OpenAI को राहत देते हुए कहा है कि मौजूदा मामले में ChatGPT की ट्रेनिंग के लिए ANI के कॉपीराइटेड कंटेंट के इस्तेमाल को कॉपीराइट उल्लंघन नहीं माना जा सकता। कोर्ट ने इस इस्तेमाल को भारतीय कॉपीराइट कानून में मौजूद रिसर्च से जुड़े ‘फेयर डीलिंग’ के दायरे में माना है।

मामला नवंबर, 2024 में उस समय सामने आया था, जब समाचार एजेंसी Asian News International (ANI) ने OpenAI के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया। ANI का आरोप था कि OpenAI ने उसकी प्रकाशित खबरों और अन्य कॉपीराइटेड कंटेंट का इस्तेमाल ChatGPT को ट्रेन करने के लिए बिना अनुमति किया।

समाचार एजेंसी ने यह भी दावा किया था कि ChatGPT कई बार ANI के नाम से ऐसी खबरें या जानकारी पेश करता है, जो वास्तव में एजेंसी ने प्रकाशित नहीं की थीं। यानी AI मॉडल की ओर से गलत या मनगढ़ंत जानकारी को ANI से जोड़ने का भी आरोप लगाया गया था।

कोर्ट ने क्या कहा?

मामले की सुनवाई के दौरान अदालत के सामने यह सवाल था कि क्या AI मॉडल को ट्रेन करने के लिए कॉपीराइटेड कंटेंट का इस्तेमाल भारतीय कॉपीराइट कानून का उल्लंघन है। अदालत ने मौजूदा मामले के तथ्यों को देखते हुए OpenAI के पक्ष में फैसला दिया।

कोर्ट के मुताबिक, ANI यह साबित नहीं कर सकी कि ChatGPT ने उसके लेखों को इस तरह से याद रखा या दोहराया, जिससे कॉपीराइट का उल्लंघन साबित हो। अदालत ने AI ट्रेनिंग में कंटेंट के इस्तेमाल को रिसर्च से जुड़े 'फेयर डीलिंग' अपवाद के संदर्भ में भी देखा। इसका मतलब यह है कि इस विशेष मामले में OpenAI को ChatGPT की ट्रेनिंग के लिए ANI के कंटेंट के इस्तेमाल को लेकर कॉपीराइट उल्लंघन का दोषी नहीं माना गया है।

क्या अब कॉपीराइटेड कंटेंट से ट्रेन किया जा सकता है AI?

फैसले का सबसे अहम पहलू यही है कि इसे AI कंपनियों के लिए कॉपीराइटेड कंटेंट के इस्तेमाल की खुली छूट के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। दिल्ली हाई कोर्ट का फैसला ANI और OpenAI के बीच सामने आए विवाद और उससे जुड़े फैक्ट्स पर आधारित है। इसका मतलब यह नहीं है कि हर AI कंपनी किसी भी लेखक, पत्रकार, प्रकाशक या वेबसाइट के कॉपीराइटेड कंटेंट को बिना अनुमति AI मॉडल की ट्रेनिंग में इस्तेमाल कर सकती है और उसे हर मामले में 'फेयर डीलिंग' का संरक्षण मिल जाएगा।

AI कंपनियों और मीडिया इंडस्ट्री के लिए अहम है फैसला

AI मॉडल को ट्रेन करने के लिए बड़ी मात्रा में डाटा की जरूरत होती है। इसमें इंटरनेट पर उपलब्ध टेक्स्ट, आर्टिकल, किताबें और अन्य कंटेंट शामिल हो सकता है। ऐसे में यह सवाल दुनियाभर में बहस का विषय बना हुआ है कि कॉपीराइट वाले कंटेंट का इस्तेमाल AI ट्रेनिंग के लिए बिना लाइसेंस और बिना किसी तरह के पेमेंट के किया जा सकता है या नहीं।

लेखक, पत्रकार और मीडिया कंपनियां लंबे समय से AI कंपनियों के खिलाफ यह सवाल उठाती रही हैं कि उनके काम का इस्तेमाल AI मॉडल को बेहतर बनाने के लिए किया जा रहा है, लेकिन उन्हें इसके लिए कोई भुगतान या परमिशन की व्यवस्था नहीं दी गई है।

दूसरी तरफ AI कंपनियों का तर्क रहा है कि मॉडल की ट्रेनिंग और किसी कंटेंट को सीधे कॉपी करके दोबारा पब्लिश करने में अंतर है। AI मॉडल किसी लेख को सामान्य तौर पर स्टोर करके उसी रूप में प्रकाशित करने के बजाय उससे पैटर्न और भाषा को समझकर जवाब तैयार करता है।

बता दें, दिल्ली हाई कोर्ट का यह फैसला भारत में AI और कॉपीराइट कानून के बीच संबंध को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आने वाले समय में जैसे-जैसे AI का इस्तेमाल बढ़ेगा, वैसे-वैसे AI मॉडल की ट्रेनिंग के लिए डेटा के इस्तेमाल को लेकर कानूनी सवाल भी बढ़ेंगे।

Pranesh Tiwari

लेखक के बारे में

Pranesh Tiwari

प्राणेश वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वे पिछले चार वर्षों से टेक्नोलॉजी सेक्शन का अहम हिस्सा हैं। खुद को दिल से लेखक और पेशे से पत्रकार मानने वाले प्राणेश के पास पत्रकारिता के क्षेत्र में आठ वर्षों से अधिक का अनुभव है। उन्होंने अपने पूरे करियर में साइंस और टेक्नोलॉजी की जटिलताओं को आम पाठकों के लिए सरल, सहज और रोचक भाषा में प्रस्तुत करने पर विशेष ध्यान दिया है।

विशेषज्ञता और कार्यशैली
प्राणेश की विशेषज्ञता गैजेट्स, टेक इनसाइट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे विषयों में है। वे तकनीकी बारीकियों और कठिन शब्दावली को इस तरह प्रस्तुत करते हैं कि एक सामान्य पाठक भी तेजी से बदलती डिजिटल दुनिया को आसानी से समझ सके। लेटेस्ट गैजेट्स का रिव्यू करना और नए मोबाइल ऐप्स के फीचर्स को आजमाना उनके काम का पसंदीदा हिस्सा है। उनकी लेखन शैली में स्पष्टता, रिसर्च और कहानी कहने का संतुलन देखने को मिलता है।

अब तक का सफर और उपलब्धियां
प्राणेश ने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत नवभारत टाइम्स ऑनलाइन से की। इसके बाद उन्होंने न्यूजबाइट्स (NewsBytes) में सीनियर टेक जर्नलिस्ट के रूप में काम किया, जहां उन्होंने तकनीकी रिपोर्टिंग में अपनी अलग पहचान बनाई। वे भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली के पूर्व छात्र हैं और अपनी प्रतिभा के लिए प्रतिष्ठित PTI अवॉर्ड से सम्मानित हो चुके हैं।

लेखन और व्यक्तिगत रुचियां
पत्रकारिता के साथ-साथ प्राणेश एक संवेदनशील और रचनात्मक लेखक भी हैं। लॉकडाउन के दौरान उन्होंने ‘सिर्फ दोस्त: नए जमाने की प्रेम कहानियां’ नामक लघुकथा संग्रह लिखा, जिसमें रिश्तों की बारीकियों को भावनात्मक रूप से प्रस्तुत किया गया है।

उन्हें स्मार्टफोन, कंज्यूमर टेक और डिजिटल इनोवेशन से जुड़े विषयों पर गहराई से रिसर्च करना और पढ़ना पसंद है। काम के अलावा, उन्हें यात्रा करना भी बेहद पसंद है। उनके लिए यात्राएं केवल सुकून का जरिया नहीं, बल्कि नए अनुभवों और कहानियों को खोजने का तरीका हैं।

चाहे वह किसी नए AI टूल की पड़ताल हो या किसी अनदेखी जगह की यात्रा.. प्राणेश का लक्ष्य हमेशा एक बेहतरीन कहानी बुनना ही होता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsगैजेट्स न्यूज़ट्रेनिंग के लिए कॉपीराइटेड कंटेंट यूज कर सकता है OpenAI? दिल्ली HC का फैसला