चुटकियों में होगा ऑफिस का काम, आ गया नया AI फीचर, आपसे पूछे बिना देगा सारे Emails का जवाब
Claude AI टूल आपके ईमेल का जवाब दे सकता है, मैसेज भेज सकता है और फाइलों को मैनेज कर सकता है। यह आपसे पहले पूछे बिना आपकी ओर से जीमेल पर ईमेल भी भेज सकता है। चलिए डिटेल में बताते हैं कैसे और क्या-क्या काम करेगा यह नया फीचर

एन्थ्रोपिक (Anthropic) के क्लॉड AI (Claude AI) ने बुधवार को एक बड़े अपग्रेड की घोषणा की। यह AI असिस्टेंट अब सिर्फ Gmail मैसेज पढ़ने या Google Drive में फाइलें खोजने से कहीं ज्यादा काम कर सकता है। अब यह एआई टूल आपके ईमेल का जवाब दे सकता है, मैसेज भेज सकता है और फाइलों को मैनेज कर सकता है। यह आपसे पहले पूछे बिना आपकी ओर से जीमेल पर ईमेल भी भेज सकता है।
यह नया फीचर क्लॉड के गूगल वर्कस्पेस कनेक्टर्स के जरिए उपलब्ध है। यूजर्स अपने जीमेल, गूगल कैलेंडर और गूगल ड्राइव अकाउंट्स को क्लॉड से कनेक्ट कर सकते हैं और AI से आम भाषा में काम करने के लिए कह सकते हैं।
क्लॉड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, “क्लॉड अब जीमेल में ईमेल भेज सकता है और गूगल ड्राइव में फाइलों को मैनेज कर सकता है। क्लॉड से किसी थ्रेड का जवाब देने के लिए कहें, और वह जवाब का ड्राफ्ट तैयार करके उसे भेज देगा। आप तय कर सकते हैं कि उसे आपकी मंजूरी कब चाहिए। इसे आजमाने के लिए कनेक्टर्स मेनू से जीमेल या गूगल ड्राइव को कनेक्ट करें। यह सभी पेड प्लान पर उपलब्ध है।”
उदाहरण के लिए, यूजर्स क्लॉड से किसी खास ईमेल थ्रेड का जवाब देने के लिए कह सकते हैं। क्लॉड संदर्भ (context) को समझ सकता है, जवाब तैयार कर सकता है और उसे जीमेल के जरिए भेज सकता है।
डिफॉल्ट रूप से, क्लॉड ईमेल भेजने, उसका जवाब देने या उसे फॉरवर्ड करने से पहले आपकी मंजूरी मांगता है। हालांकि, टीम और एंटरप्राइज एडमिन यूजर्स को बिना मंजूरी के ये काम करने की अनुमति दे सकते हैं।
अटैच फाइल का कंटेंट नहीं पढ़ सकता
कंपनी ने एक सपोर्ट पेज पर कहा, "क्लॉड से किसी थ्रेड का जवाब देने के लिए कहें, और वह जवाब का ड्राफ्ट तैयार करके उसे भेज देता है। आप तय करते हैं कि उसे आपकी मंजूरी कब चाहिए।" हालांकि, AI स्टार्टअप का कहना है कि क्लॉड सीधे जीमेल अटैचमेंट का कंटेंट नहीं पढ़ सकता।
गूगल ड्राइव इंटीग्रेशन में कई काम के फीचर भी मिलते हैं। AI असिस्टेंट गूगल डॉक्स को खोज और निकाल सकता है, शीट्स, स्लाइट्स, पीडीएफ, इमेज और माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस डॉक्यूमेंट जैसी फाइलों को पढ़ सकता है और फोल्डर बना सकता है।
आप क्लॉड से ड्राइव में फाइलों को मूव, शेयर या डिलीट करने के लिए भी कह सकते हैं। जब जरूरी फाइल बनाने और कोड चलाने के फीचर चालू हों, तो क्लॉड से बनी फाइलों को सीधे गूगल ड्राइव में भी सेव किया जा सकता है। यूजर प्लस बटन पर क्लिक करके और गूगल ड्राइव चुनकर, सीधे क्लॉड कन्वर्सेशन में गूगल ड्राइव की फाइलें जोड़ सकते हैं। वे हाल ही में देखे गए डॉक्यूमेंट खोज सकते हैं या डॉक्यूमेंट का URL पेस्ट कर सकते हैं।
AI असिस्टेंट गूगल कैलेंडर के साथ भी काम कर सकता है। आप इससे कैलेंडर देखने, इवेंट बनाने या अपडेट करने, सभी की उपलब्धता (availability) का पता लगाने, अटेंडीज को मैनेज करने और बार-बार होने वाली मीटिंग्स सेट करने के लिए कह सकते हैं।
डारियो अमोदेई की कंपनी एंथ्रोपिक के अनुसार, क्लॉड कनेक्टेड गूगल डेटा का इस्तेमाल तभी करता है जब यूजर उससे कोई ऐसा काम करने के लिए कहता है जिसके लिए उस जानकारी की जरूरत होती है।
प्राइवेसी को लेकर, कंपनी का कहना है कि वह जीमेल, गूगल ड्राइव या गूगल कैलेंडर कनेक्टर डेटा पर अपने मॉडल को ट्रेन नहीं करती है। हालांकि, कंपनी ने कहा कि क्लॉड चैट में मैन्युअल रूप से कॉपी की गई जानकारी को यूजर की मौजूदा डेटा और ट्रेनिंग सेटिंग्स के हिसाब से हैंडल किया जा सकता है।


