BSNL यूजर्स के लिए बड़ी खबर, इन 2 प्लान के साथ FREE मिल रहा इंश्योरेंस और ₹10,000 साइबर फ्रॉड कवर
BSNL ने दो प्रीपेड रिचार्ज प्लान के साथ फ्री इंश्योरेंस की सुविधा शुरू की है। इन प्लान्स के साथ कंपनी 1 लाख रुपए तक का एक्सीडेंटल डेथ कवर और 10,000 रुपए तक का साइबर फ्रॉड प्रोटेक्शन मिलेगा। चलिए जानते हैं किस प्लान के साथ मिलेंगे ये फायदे:

अगर आप BSNL का सिम इस्तेमाल करते हैं तो आपके लिए एक अच्छी खबर है। क्योंकि सरकारी टेलीकॉम कंपनी ने कुछ चुनिंदा प्रीपेड प्लान के साथ फ्री इंश्योरेंस कवर देना शुरू किया है। खास बात यह है कि इसके लिए ग्राहकों को रिचार्ज की कीमत के अलावा अलग से इंश्योरेंस प्रीमियम नहीं देना होगा। फिलहाल यह सुविधा STV 202 रुपए और STV 2449 रुपए प्लान के साथ दी रही है। इन दोनों प्लान के साथ ग्राहकों को ₹1 लाख तक का एक्सीडेंटल डेथ कवर मिलेगा। इसके अलावा ऑनलाइन ठगी या साइबर फ्रॉड में होने वाले नुकसान पर 10,000 रुपए तक का साइबर फ्रॉड प्रोटेक्शन भी शामिल है। BSNL ने इस सुविधा के लिए The Oriental Insurance Company Limited (OICL) के साथ पार्टनरशिप की है।
BSNL के 2 रिचार्ज में मिलेगा फ्री इंश्योरेंस
BSNL ने यह इंश्योरेंस सुविधा हर रिचार्ज के साथ नहीं जोड़ी है। फिलहाल सिर्फ 202 रुपए और 2449 रुपए वाले प्लान इसके दायरे में आते हैं। यानी अगर आप इनमें से किसी एक प्लान से अपना BSNL नंबर रिचार्ज करते हैं, तो प्लान के साथ इंश्योरेंस बेनिफिट भी मिलेगा। इस ऑफर की खास बात यह है कि ग्राहक को इंश्योरेंस के लिए अलग से कोई प्रीमियम देने की जरूरत नहीं है। योग्य रिचार्ज करने के बाद कवर अपने आप एक्टिव होगा। इंश्योरेंस की जानकारी SMS के जरिए ग्राहक को भेजी जाएगी।
BSNL के ₹202 वाले प्लान में बेनेफिट्स
सबसे कम कीमत वाला इंश्योरेंस वाला ऑप्शन 202 रुपए का है। इस प्लान की वैलिडिटी 30 दिन है। इसमें ग्राहकों को कुल 300 मिनट की वॉयस कॉलिंग, 5GB डेटा और 100 SMS मिलते हैं। इसके साथ ही 1 लाख रुपए तक का एक्सीडेंटल डेथ कवर और 10,000 रुपए तक का साइबर फ्रॉड प्रोटेक्शन दिया जाता है।
₹2449 वाले प्लान के फायदे
अगर आप बार-बार रिचार्ज करने से बचना चाहते हैं तो 2449 रुपए प्लान लंबी वैलिडिटी वाला ऑप्शन है। यह प्लान 365 दिनों यानी पूरे एक साल तक चलता है। इसमें लोकल, STD और रोमिंग के लिए अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग के साथ रोजाना 2GB डेटा और 100 SMS दिए जाते हैं। इस प्लान के साथ भी 1 लाख रुपए तक का एक्सीडेंटल डेथ कवर और 10,000 रुपए तक का साइबर फ्रॉड कवर मिलता है।
BSNL के इन दोनों प्लान में साइबर फ्रॉड की वजह से हुए नुकसान के लिए 10,000 रुपए तक का कवर दिया गया है। इसमें ऑनलाइन चोरी, फिशिंग और ईमेल स्पूफिंग जैसे फ्रॉड से होने वाले नुकसान को शामिल किया गया है। हालांकि, इसके लिए एक जरूरी शर्त है। साइबर फ्रॉड कवर पाने के लिए ग्राहक का BSNL मोबाइल नंबर बैंक अकाउंट से लिंक होना चाहिए।


