
आईटी मिनिस्टर अश्विनी वैष्णव को पसंद आया Zoho, ऑफिस प्रोडक्टिविटी के लिए जबर्दस्त स्वदेशी टूल
आईटी मिनिस्टर अश्विनी वैष्णव ने Zoho को यूज करना शुरू कर दिया है। जोहो एक ऑफिस प्रोडक्टिविटी ऐप्लिकेशन है। इसके जरिए यूजर डॉक्युमेंट्स, स्प्रेडशीट्स और प्रेजेंटेशन्स को मैनेज कर सकते हैं।
आईटी मिनिस्टर अश्विनी वैष्णव ने Zoho को यूज करना शुरू कर दिया है। जोहो एक ऑफिस प्रोडक्टिविटी ऐप्लिकेशन है। इसके जरिए यूजर डॉक्युमेंट्स, स्प्रेडशीट्स और प्रेजेंटेशन्स को मैनेज कर सकते हैं। वैष्णव ने एक्स अकाउंट से पोस्ट करके यह जानकारी दी। उन्होंने यूजर्स से विदेशी ऑप्शन्स की बजाय घरेलू प्रोडक्ट्स और सर्विसेज को चुनकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वदेशी पहल को अपनाने की भी अपील की।
वैष्णव ने लिखा, 'मैं जोहो पर मूव कर रहा हूं - डॉक्युमेंट्स, स्प्रेडशीट्स और प्रेजेंटेशन्स के लिए हमारा अपना स्वदेशी प्लेटफॉर्म। मैं सभी से आग्रह करता हूं कि वे स्वदेशी प्रोडक्ट्स और सर्विसेज को अपनाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वदेशी की पहल में शामिल हों।'
जोहो के सीईओ ने कहा थैंक यू
जोहो के सीईओ श्रीधर वेम्बू ने इस फैसले की तुरंत सराहना की और वैष्णव के सपोर्ट के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने इसे अपनी डिवेलपमेंट टीम के लिए एक महत्वपूर्ण प्रोत्साहन बताया। वेम्बू ने X पोस्ट में कहा, 'धन्यवाद सर, यह हमारे उन इंजीनियरों का मनोबल बढ़ाने वाला है जिन्होंने दो दशकों से भी ज्यादा समय तक हमारे प्रोडक्ट सूट को बनाने के लिए कड़ी मेहनत की है। हम आपको और हमारे देश को गौरवान्वित करेंगे। जय हिंद।'
इंटरनैशनल टेक्नोलॉजी प्रोवाइडर्स पर निर्भरता कम करने की तैयारी
आईटी मिनिस्टर वैष्णव का यह प्लैटफॉर्म चेंज भारत की तकनीकी आत्मनिर्भरता और डिजिटल स्वतंत्रता की ओर तेजी से बढ़ते प्रयासों का हिस्सा है। इस रणनीतिक दिशा ने गति पकड़ी है क्योंकि सरकार घरेलू क्षमताओं को मजबूत करते हुए इंटरनैशनल टेक्नोलॉजी प्रोवाइडर्स पर निर्भरता कम करना चाहती है। प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय नागरिकों को लिखे अपने हालिया पत्र में इस संदेश को दोहराया है, जिसमें उन्होंने त्योहारों के मौसम में घरेलू स्तर पर बने प्रोडक्ट्स के समर्थन को प्रोत्साहित किया है।
क्या है जोहो?
जोहो एक इंडियन मल्टीनैशनल टेक्नोलॉजी कंपनी है जो वेब-बेस्ड बिजनेस ऐप्लिकेशन्स और ऑफिस प्रोडक्टिविटी टूल्स के अपने बड़े कलेक्शन के लिए जानी जाती है। यह दुनिया भर में कई सारे लेवल्स पर ऑर्गनाइजेशन्स को सर्विसेज ऑफर करती है। श्रीधर वेम्बू के नेतृत्व में 1996 में शुरू हुई यह कंपनी सेल्स, मार्केटिंग, फाइनेंस, ह्यूमन रिसोर्सेज, इन्फर्मेशन टेक्नोलॉजी, ऐनालिटिक्स और दूसरे बिजनेस फंक्शन्स को कवर करने वाले 80 से अधिक ऐप्लिकेशन ऑफर करती है। खास बात है कि इस प्लेटफॉर्म ने Microsoft 365, Google Workspace और Salesforce जैसी स्थापित सेवाओं के एक कॉस्ट-इफेक्टिव और यूनिफाइड ऑप्शन के रूप में अपनी पहचान बनाई है।

लेखक के बारे में
Kumar Prashant Singhलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


