
Apple के फोल्डेबल फोन में मिल सकता है कमाल का सेल्फी कैमरा, नई लीक में सामने आई बड़ी जानकारी
ऐपल के अपकमिंग फोल्डेबल फोन को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। लीक रिपोर्ट के अनुसार यह फोन इंडस्ट्री फर्स्ट 24 मेगापिक्सल के अंडर डिस्प्ले सेल्फी कैमरा से लैस होगा। फोन के रियर में 48 मेगापिक्सल के कैमरे मिल सकते हैं।
ऐपल जल्द अपना पहला फोल्डेबल फोन लॉन्च कर सकता है। इस फोन को लेकर काफी चर्चा चल रही है। पिछले कुछ महीनों से यह फोन लीक रिपोर्ट्स में भी नजर आ रहा है। इसी कड़ी अब एक नई रिपोर्ट आई है, जिसमें फोल्डेबल आईफोन के फ्रंट कैमरा के बारे में जानकारी दी गई है। मैक रूमर्स ने जेपी मॉर्गन की नई इक्विटी रिसर्च रिपोर्ट के बारे में बताया है, जिसमें दावा किया गया है कि यह ऐपल का पहला फोल्डेबल फोन इंडस्ट्री फर्स्ट 24 मेगापिक्सल के अंडर डिस्प्ले सेल्फी कैमरा से लैस होगा।
6 प्लास्टिक लेंस एलिमेंट्स वाला 24 मेगापिक्सल का सेंसर
जेपी मॉर्गन की रिपोर्ट का दावा है कि फोल्डेबल आईफोन में 6 प्लास्टिक लेंस एलिमेंट्स वाला 24 मेगापिक्सल सेंसर होगा, जो कॉम्पेटिटिव डिवाइसों में देखे जाने वाले 4 मेगापिक्सल और 8 मेगापिक्सल सेंसर से काफी बेहतर है। रिजॉलूशन में इतनी बढ़ोतरी से पता चलता है कि ऐपल ने लाइट ट्रांसमिटेंस की लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान कर लिया है। इसका मतलब है कि फोटो अब पारंपरिक फ्रंट-फेसिंग कैमरे जितने ही शार्प दिखेंगे।
लाइट ट्रांसमिटेंस और इमेज क्वॉलिटी में सुधार
रिपोर्ट के अनुसार ऐपल ने पिछले डिजाइनों की तुलना में लाइट ट्रांसमिटेंस और इमेज क्वॉलिटी में सुधार करने में एक सफलता हासिल की है। संभवतः यह पहला अंडर-स्क्रीन कैमरा है, जो किसी समझौते जैसा महसूस नहीं होता है।
हालांकि, फोल्डेबल iPhone में कंपनी की इमेजिंग स्ट्रैटिजी के सभी पहलू शामिल नहीं हो सकते। इसी पूर्वानुमान में यह भी कहा गया है कि डिवाइस को पतला और संभालने में आसान बनाए रखने के लिए ऐपल LiDAR स्कैनिंग और ऑप्टिकल इमेज स्टेबिलाइजेशन को छोड़ सकता है। ऐसा होने से फोटोग्राफी के कुछ शौकीनों को परेशानी हो सकती है।
मिल सकते हैं दो अलग-अलग फ्रंट कैमरे
ऐनालिस्ट मिंग-शी कुओ ने अनुमान लगाया है कि इस डिवाइस में दो 48-मेगापिक्सल के रियर लेंस होंगे, साथ ही दो अलग-अलग फ्रंट कैमरे होंगे, एक फोन के फोल्ड होने पर और दूसरा अंदर के डिस्प्ले के नीचे छिपा होगा। कुल मिलाकर इसमें चार कैमरे होंगे। यही बात ब्लूमबर्ग के मार्क गुरमन ने भी अपनी पिछली रिपोर्ट्स में कही थी। यह फोन साल 2026 के आखिर या साल 2027 की शुरुआत में लॉन्च हो सकता है।
(Photo: 9to5mac)

लेखक के बारे में
Kumar Prashant Singhलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




