काम की बात: स्मार्टफोन फटने से गई बच्ची की जान, अगर की ये 6 चीजें नजरअंदाज तो आप भी हो सकते शिकार, 90% लोग करते हैं गलती
स्मार्टफोन का हल्का गर्म होना आम है लेकिन अगर फोन बार-बार जरूरत से ज्यादा हीट होने लगे, बैटरी फूलने लगे या चार्जिंग के दौरान ज्यादा गर्म हो जाए, तो इसे नजरअंदाज न करें। इन सिग्नल को समय रहते पहचानें और जरूरी सेफ्टी टिप्स फॉलो करें तो मोबाइल ब्लास्ट जैसी गंभीर घटना से बचा जा सकता है।

Safety Tips to Avoid Smartphone Blasts: लखनऊ में एक दर्दनाक घटना ने स्मार्टफोन सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चार्जिंग के दौरान मोबाइल फोन फटने से तीन साल की बच्ची सृष्टि की मौत हो गई, जबकि उसकी मां को मामूली चोटें आईं। इस घटना के बाद स्मार्टफोन की सुरक्षा को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है। ज्यादा गर्म होने या फोन पर अत्यधिक दबाव पड़ने की वजह से ब्लास्ट जैसी घटनाएं हो सकती हैं। ऐसे में कुछ जरूरी सावधानियां अपनाकर आप खुद को और अपने परिवार को सुरक्षित रख सकते हैं।
एक्सपर्ट्स की मानें तो ज्यादातर स्मार्टफोन्स में Lithium-ion बैटरी इस्तेमाल होती है, जो ज्यादा गर्म होने, खराब चार्जिंग केबल होने की वजह से खतरनाक हो सकती है। अगर बैटरी डैमेज हो जाए, ओवरहीट हो जाए या गलत तरीके से चार्ज हो, तो यह खतरनाक साबित हो सकती है। कई बार लोग फोन गर्म होने को सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन यही छोटी गलती बड़े हादसे की वजह बन सकती है।
चार्जिंग के दौरान क्यों बढ़ जाता खतरा
कई लोग फोन को रातभर चार्जिंग पर लगाकर छोड़ देते हैं। हालांकि आधुनिक स्मार्टफोन्स में सेफ्टी फीचर्स दिए जाते हैं, लेकिन लंबे समय तक लगातार चार्जिंग और हीट बैटरी पर दबाव बढ़ा सकती है। इसके अलावा अगर चार्जिंग के दौरान गेम खेला जाए, वीडियो देखा जाए या हैवी ऐप्स Apps इस्तेमाल की जाएं, तो फोन का प्रोसेसर और बैटरी दोनों ज्यादा गर्म होने लगते हैं। इससे ब्लास्ट का खतरा बढ़ सकता है।
फोन ब्लास्ट होने से पहले मिलते हैं ये Warning Signs
1. फोन का जरूरत से ज्यादा गर्म होना: अगर आपका फोन बिना ज्यादा इस्तेमाल किए भी लगातार गर्म रहता है, तो यह खतरे का संकेत हो सकता है। खासकर चार्जिंग के दौरान बहुत ज्यादा हीट होना बैटरी खराब होने का इशारा देता है।
2. बैटरी जल्दी खत्म होना: अगर फोन की बैटरी अचानक तेजी से खत्म होने लगे, तो इसका मतलब बैटरी कमजोर हो रही है। कमजोर बैटरी ज्यादा हीट पैदा कर सकती है, जिससे ब्लास्ट का खतरा बढ़ सकता है।
3. फोन से जलने जैसी बदबू आना: अगर चार्जिंग के दौरान जलने जैसी बदबू आए या फोन से अजीब बदबू महसूस हो, तो तुरंत सावधान हो जाएं। यह बैटरी के अंदर खराबी का संकेत हो सकता है।
4. बैक पैनल या स्क्रीन का बाहर निकलना: फोन की बॉडी उभरने लगे या स्क्रीन ऊपर उठी हुई दिखाई दे, तो यह बैटरी फूलने का बड़ा वार्निंग सिग्नल माना जाता है। ऐसी स्थिति में फोन का इस्तेमाल जारी रखना खतरनाक हो सकता है।
5. बार-बार हैंग या रीस्टार्ट होना: कई बार खराब बैटरी की वजह से फोन अचानक रीस्टार्ट होने लगता है या हैंग करने लगता है। लोग इसे सॉफ्टवेर प्रॉब्लम समझ लेते हैं, लेकिन यह ओवर हीटिंग का संकेत भी हो सकता है।
6. चार्जिंग पोर्ट का ज्यादा गर्म होना: अगर चार्जर या चार्जिंग पोर्ट जरूरत से ज्यादा गर्म हो रहा है, तो यह भी खतरे का संकेत हो सकता है। ऐसे में तुरंत चार्जर हटाकर फोन को ठंडा होने देना चाहिए।
स्मार्टफोन ब्लास्ट से बचने के लिए अपनाएं ये सेफ्टी टिप्स
1. हमेशा ओरिजिनल चार्जर का ही इस्तेमाल करें: फोन को चार्ज करने के लिए हमेशा कंपनी का ओरिजिनल या सर्टिफाइड चार्जर इस्तेमाल करना चाहिए। सस्ते और लोकल चार्जर कई बार गलत वोल्टेज सप्लाई करते हैं, जिससे बैटरी तेजी से गर्म होने लगती है। यही वजह बाद में ओवरहीटिंग और ब्लास्ट का कारण बन सकती है।
2. चार्जिंग के दौरान फोन के इस्तेमाल से बचें: कई लोग फोन चार्जिंग पर लगाकर गेम खेलते रहते हैं या वीडियो देखते रहते हैं। ऐसा करने से प्रोसेसर और बैटरी दोनों पर दबाव बढ़ता है और फोन जरूरत से ज्यादा गर्म हो सकता है। चार्जिंग के दौरान फोन को आराम देना ज्यादा सुरक्षित माना जाता है।
3. फोन को धूप और गर्म जगह से दूर रखें: फोन को कार के अंदर, सीधी धूप में या तकिए के नीचे रखना खतरनाक हो सकता है। ज्यादा हीट की वजह से बैटरी के अंदर केमिकल रिएक्शन तेज हो सकता है, जिससे ब्लास्ट का खतरा बढ़ जाता है। गर्मियों में फोन को ठंडी और खुली जगह पर रखना बेहतर होता है।
4. बैटरी फूलने पर तुरंत फोन बंद करें: अगर फोन का बैक पैनल बाहर आने लगे या स्क्रीन हल्की उठी हुई दिखे, तो यह बैटरी फूलने का संकेत हो सकता है। ऐसी स्थिति में फोन का इस्तेमाल तुरंत बंद कर देना चाहिए और सर्विस सेंटर में दिखाना चाहिए।
5. डैमेज फोन को यूज नहीं करें: अगर फोन गिर गया हो, मुड़ गया हो या उसकी बॉडी टूट गई हो, तो बैटरी अंदर से डैमेज हो सकती है। ऐसे फोन का इस्तेमाल लंबे समय तक करना खतरनाक साबित हो सकता है।
लेखक के बारे में
Himani Guptaहिमानी गुप्ता लाइव हिन्दुस्तान में गैजेट्स सेक्शन से जुड़ी हुई हैं और 2020 से इस संस्थान का हिस्सा हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें करीब 12 साल का अनुभव है। इससे पहले वह नेटवर्क 18 में गैजेट्स और बिजनेस सेक्शन देखती रही हैं, जहां बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें दो बार बेस्ट परफॉर्मर ऑफ द मंथ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। नेटवर्क 18 से पहले भी हिमानी ने कई अन्य मीडिया संस्थानों में काम किया है। हिमानी स्मार्टफोन, कंज्यूमर गैजेट्स और AI से जुड़ी खबरों और फीचर्स पर लिखती हैं। लेटेस्ट गैजेट्स को एक्सप्लोर करना, उनकी टेस्टिंग करना और नए ऐप्स पर काम करना उनके काम का अहम हिस्सा है।
शिक्षा के क्षेत्र में हिमानी ने आईपी यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी (MJMC) की पढ़ाई की है। इसके अलावा उन्होंने डिजिटल विद्या (Digital Vidya) से सोशल मीडिया मार्केटिंग का कोर्स भी किया है। एडिटोरियल के अलावा, हिमानी को गूगल एनालिटिक्स और सोशल मीडिया की भी काफी जानकारी है और बतौर सोशल मीडिया मैनेजर भी काम कर चुकी हैं। काम के अलावा उन्हें टेक ट्रेंड्स को समझना और उन्हें कहानियों में ढालना पसंद है, ताकि पाठक बदलती डिजिटल दुनिया से हमेशा अपडेट रह सकें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


