काम की बात: SBI का Alert: WhatsApp और SMS पर मिल रहे ‘App Update’ के लिंक से रहें सावधान, छोटी सी गलती से खाली हो सकता अकाउंट
SBI ने ग्राहकों को फर्जी बैंकिंग ऐप और APK लिंक से सावधान रहने की सलाह दी है। ऐसे साइबर ठग WhatsApp और SMS के जरिए लोगों को निशाना बना रहे हैं और उनसे कैसे बचा जा सकता है।

SBI App Update Scam: अगर आप State Bank of India (SBI) के ग्राहक हैं और मोबाइल बैंकिंग का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। साइबर ठग इन दिनों नए तरीके से लोगों को निशाना बना रहे हैं। वे खुद को बैंक का अधिकारी बताकर या फिर बैंक के नाम से फर्जी मैसेज भेजकर ग्राहकों को बैंकिंग ऐप अपडेट करने के लिए APK फाइल डाउनलोड करने को कहते हैं। जैसे ही यूजर इस फाइल को इंस्टॉल करता है, उसकी मोबाइल और बैंकिंग से जुड़ी जानकारी साइबर अपराधियों के हाथ लग सकती है।
SBI ने अपने ग्राहकों को साफ तौर पर चेतावनी दी है कि बैंक कभी भी SMS, WhatsApp, Telegram या ईमेल के जरिए APK फाइल डाउनलोड करने के लिए नहीं कहता। अगर किसी मैसेज में बैंकिंग ऐप अपडेट, KYC अपडेट, रिवॉर्ड पॉइंट या अकाउंट ब्लॉक होने का डर दिखाकर कोई APK फाइल भेजी जाती है, तो वह फर्जी हो सकती है। बैंक ने ग्राहकों से केवल Google Play Store या Apple App Store से ही आधिकारिक ऐप डाउनलोड करने की अपील की है। बैंक ने स्पष्ट किया है कि ऐसे सभी मैसेज फर्जी हो सकते हैं और इन पर भरोसा नहीं करना चाहिए।
APK फाइल डाउनलोड करना क्यों है खतरनाक
APK Android ऐप की इंस्टॉलेशन फाइल होती है। अगर यह किसी भरोसेमंद स्रोत के बजाय WhatsApp, SMS या किसी अनजान वेबसाइट से मिले, तो इसमें खतरनाक मालवेयर छिपा हो सकता है। इसे इंस्टॉल करने के बाद साइबर अपराधी आपके फोन की कई परमिशन हासिल कर सकते हैं और बैंकिंग जानकारी, पासवर्ड, OTP या अन्य निजी डेटा तक पहुंच बनाने की कोशिश कर सकते हैं।
ऐसे की जाती है ठगी
साइबर अपराधी अक्सर ऐसे मैसेज भेजते हैं जिनमें लिखा होता है कि आपका KYC पूरा नहीं हुआ, बैंकिंग ऐप अपडेट करना जरूरी है या आपके रिवॉर्ड पॉइंट खत्म होने वाले हैं। कई बार मैसेज में यह भी लिखा जाता है कि अगर तुरंत कार्रवाई नहीं की तो अकाउंट ब्लॉक हो जाएगा। जल्दबाजी और डर की वजह से कई लोग बिना जांचे-परखे लिंक पर क्लिक कर देते हैं और ठगी का शिकार बन जाते हैं।
SBI बैंक ने ग्राहकों को की दी ऐसे सेफ रहने की सलाह
बैंक ने ग्राहकों से कहा है कि किसी भी अनजान लिंक या APK फाइल पर क्लिक न करें। बैंकिंग ऐप हमेशा Google Play Store या Apple App Store से ही डाउनलोड करें। WhatsApp या SMS से मिली APK फाइल डाउनलोड न करें। केवल आधिकारिक ऐप स्टोर से ही बैंकिंग ऐप इंस्टॉल करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। मोबाइल में Play Protect और सिक्योरिटी अपडेट चालू रखें। किसी भी ऑफर या KYC मैसेज की पहले आधिकारिक माध्यम से पुष्टि करें। OTP, MPIN, UPI PIN या पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें।
लेखक के बारे में
Himani Guptaहिमानी गुप्ता लाइव हिन्दुस्तान में गैजेट्स सेक्शन से जुड़ी हुई हैं और 2020 से इस संस्थान का हिस्सा हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें करीब 12 साल का अनुभव है। इससे पहले वह नेटवर्क 18 में गैजेट्स और बिजनेस सेक्शन देखती रही हैं, जहां बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें दो बार बेस्ट परफॉर्मर ऑफ द मंथ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। नेटवर्क 18 से पहले भी हिमानी ने कई अन्य मीडिया संस्थानों में काम किया है। हिमानी स्मार्टफोन, कंज्यूमर गैजेट्स और AI से जुड़ी खबरों और फीचर्स पर लिखती हैं। लेटेस्ट गैजेट्स को एक्सप्लोर करना, उनकी टेस्टिंग करना और नए ऐप्स पर काम करना उनके काम का अहम हिस्सा है।
शिक्षा के क्षेत्र में हिमानी ने आईपी यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी (MJMC) की पढ़ाई की है। इसके अलावा उन्होंने डिजिटल विद्या (Digital Vidya) से सोशल मीडिया मार्केटिंग का कोर्स भी किया है। एडिटोरियल के अलावा, हिमानी को गूगल एनालिटिक्स और सोशल मीडिया की भी काफी जानकारी है और बतौर सोशल मीडिया मैनेजर भी काम कर चुकी हैं। काम के अलावा उन्हें टेक ट्रेंड्स को समझना और उन्हें कहानियों में ढालना पसंद है, ताकि पाठक बदलती डिजिटल दुनिया से हमेशा अपडेट रह सकें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


