
Airtel यूजर्स को झटका! ₹17000 वाले फ्री ट्रायल के लिए अब मांगे जा रहे क्रेडिट-डेबिट कार्ड डीटेल्स
एयरटेल यूजर्स को पहले बिना किसी शर्त के Perplexity Pro का फ्री ट्रायल दिया गया था, लेकिन अब इसे जारी रखने के लिए कार्ड डिटेल्स मांगी जा रही हैं। अचानक बदली गई इस शर्त से कई यूजर्स नाराज हैं।
टेलिकॉम कंपनी एयरटेल और Perplexity AI की पार्टनरशिप के चलते भारत में शुरू किया गया Perplexity Pro का एक साल का फ्री ऑफर अब विवादों में आ गया है। इस ऑफर को शुरुआत में बिना किसी पेमेंट डिटेल के 'पूरी तरह फ्री' बताया गया था, उसमें अब अचानक डेबिट या क्रेडिट कार्ड ऐड करना अनिवार्य कर दिया गया है। इस बदलाव ने उन यूजर्स को हैरान और नाराज कर दिया है, जिन्होंने एयरटेल के इस ट्रायल को लिया था।
Perplexity ने इस हफ्ते कई भारतीय यूजर्स को एक ईमेल भेजा है, जिसका सब्जेक्ट, 'Action Required: Add a card to keep your Perplexity Pro trial' है। इस ईमेल में साफ कहा गया है कि अगर यूजर Perplexity Pro का 12 महीने का फ्री ट्रायल जारी रखना चाहते हैं, तो उन्हें अपने अकाउंट में एक वैलिड पेमेंट कार्ड ऐड करना होगा। ईमेल में सीधे प्रोफाइल पेज का लिंक भी दिया गया है, जहां जाकर पेमेंट ऑप्शन अपडेट किया जा सकता है।
ऑफर की शर्तों में अचानक हुआ बदलाव
सवाल इसलिए उठ रहा है क्योंकि जब पिछले साल जुलाई में एयरटेल और Perplexity ने मिलकर यह ऑफर लॉन्च किया था, तब शर्तें बिल्कुल अलग थीं। उस समय एयरटेल के प्रीपेड, पोस्टपेड, ब्रॉडबैंड और DTH यूजर्स सिर्फ अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी से Perplexity Pro का अकाउंट बना सकते थे। साफ तौर पर कहा गया था कि इस फ्री ऑफर का फायदा उठाने के लिए किसी भी तरह की पेमेंट डिटेल ऐड करने की जरूरत नहीं होगी।
बिना पहले से कोई सूचना दिए शर्तों में बदलाव करना यूजर्स को खटक रहा है। Perplexity का कहना है कि यह कदम 'वैलिड यूजर्स' की पहचान अलग रखने के लिए उठाया गया है। कंपनी के मुताबिक, कुछ लोग गलत तरीके से फ्री ऑफर का गलत इस्तेमाल कर रहे थे, जिसे रोकने के लिए कार्ड वेरिफिकेशन जरूरी किया गया है। हालांकि, कई यूजर्स को यह तर्क पूरी तरह से भरोसेमंद नहीं लग रहा।
ईमेल में यह भी कहा गया है कि ट्रायल खत्म होने से पहले किसी भी तरह का चार्ज नहीं लिया जाएगा और कार्ड से पैसा तभी कटेगा जब फ्री पीरियड खत्म हो जाएगा। साथ ही, सब्सक्रिप्शन ऑटो-रिन्यू होगा, जब तक कि यूजर समय रहते उसे कैंसिल ना कर दें। समस्या यहीं खत्म नहीं होती क्योंकि कई लोग किसी भी 'ऑटो-रिन्यू' सिस्टम में कार्ड जोड़ने से ही असहज महसूस करते हैं, खासकर तब जब उन्होंने शुरुआत में बिना किसी शर्त के फ्री ऑफर लिया हो।
सोशल मीडिया पर दिख रही है नाराजगी
ऑनलाइन फोरम्स और सोशल मीडिया पर कई एयरटेल यूजर्स इस फैसले से नाराज दिख रहे हैं। कुछ लोग इसे 'टर्म्स बदलने का गलत तरीका' बता रहे हैं, तो कई यूजर्स ने सीधे अपना ट्रायल खत्म करने का फैसला कर लिया है। उनके मुताबिक, अगर पहले ही कार्ड डिटेल की बात साफ कर दी जाती, तो वे खुद तय कर सकते थे कि इस ऑफर में शामिल होना है या नहीं। एयरटेल ने फिलहाल इस बारे में कोई बयान नहीं दिया है।

लेखक के बारे में
Pranesh Tiwariलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




