AI+ Nova 2 Ultra 5G Review: ₹17,000 से में कम में फ्लैगशिप जैसा मजा; कैमरा, गेमिंग, बैटरी सब कमाल

Himani Gupta लाइव हिन्दुस्तान
share

RGB लाइटिंग, गेमिंग ट्रिगर्स, 1.5K AMOLED डिस्प्ले और IP68 रेटिंग वो भी 17,000 रुपए से कम में मिल रहा। AI+ Nova 2 Ultra 5G बजट में देगा फ्लैगशिप जैसा फील, बॉक्स में फ्री ईयरबड्स भी।

AI+ Nova 2 Ultra 5G Review: ₹17,000 से में कम में फ्लैगशिप जैसा मजा; कैमरा, गेमिंग, बैटरी सब कमाल

AI+ Nova 2 Ultra 5G Review: भारत के स्मार्टफोन मार्केट में हर महीने कई सारे नए 5G फोन लॉन्च होते हैं, इनमें से कुछ ही फोन कम कीमत में प्रीमियम फीचर्स देकर यूजर्स का ध्यान खींच पाते हैं। AI+ Nova 2 Ultra 5G ऐसा ही एक स्मार्टफोन है। यह फोन उन यूजर्स को टारगेट करता है जो 20,000 रुपए से कम बजट में शानदार डिस्प्ले, दमदार गेमिंग, बड़ी बैटरी और प्रीमियम डिजाइन चाहते हैं। AI+ ब्रांड ने इस फोन में कई ऐसे फीचर्स दिए हैं जो आमतौर पर महंगे स्मार्टफोन्स में देखने को मिलते हैं। जैसे 1.5K AMOLED डिस्प्ले, Dimensity 7400 प्रोसेसर, 6000mAh बैटरी, RGB LED लाइट्स और गेमिंग ट्रिगर्स। लेकिन सवाल यह है कि क्या यह फोन सिर्फ स्पेसिफिकेशन तक सीमित है या असल इस्तेमाल में भी उतना ही दमदार साबित होता है? AI+ ने हमें इस स्मार्टफोन को इस्तेमाल करने और टेस्ट करने का मौका दिया। पिछले करीब 15 दिन से यह फोन हमारी डेली यूसेज का हिस्सा रहा, जहां हमने इसे गेमिंग, कैमरा, बैटरी, मल्टीटास्किंग और रोजमर्रा के हर तरह के इस्तेमाल में परखा। लंबे समय तक इस्तेमाल करने के बाद अब हम आपके लिए AI+ Nova 2 Ultra 5G का पूरा रीव्यू लेकर आए हैं।

अनबॉक्सिंग

अनबॉक्सिंग की बात करें तो AI+ ने यहां बाकी कई स्मार्टफोन ब्रांड्स को पीछे छोड़ने की पूरी कोशिश की है। आमतौर पर आजकल फोन बॉक्स में सिर्फ चार्जिंग केबल और कुछ बेसिक एक्सेसरीज ही मिलती हैं, लेकिन AI+ Nova 2 Ultra 5G के साथ कंपनी ने काफी कुछ दिया है। बॉक्स खोलते ही सबसे पहले फोन मिलता है, जिसके साथ NovaPods Edge ईयरबड्स भी दिए गए हैं। इसके अलावा बॉक्स में एक क्लियर सिलिकॉन केस, पहले से लगा हुआ स्क्रीन प्रोटेक्टर, 18W चार्जिंग एडॉप्टर, USB चार्जिंग केबल और SIM ejector pin भी शामिल है। कुल मिलाकर बॉक्स कंटेंट काफी रिच महसूस होता है और पहली नजर में ही यह फोन एक कम्प्लीट पैकेज जैसा लगता है।

फोन के साथ बैक कवर, चार्जर और ईयरबड्स भी यानी बड़ा कॉम्बो

डिजाइन और बिल्ड क्वालिटी

AI+ Nova 2 Ultra 5G को पहली बार हाथ में लेने पर यह किसी प्रीमियम गेमिंग फोन जैसा महसूस होता है। फोन का डिजाइन यूनिक है क्योंकि पीछे की तरफ दी गई RGB LED रिंग इसे बाकी बजट फोन्स से अलग बनाता है। फोन का बैक और फ्रेम प्लास्टिक का है, लेकिन इसकी फिनिश अच्छी क्वालिटी की लगती है। हाथ में पकड़ने पर यह सस्ता महसूस नहीं होता। करीब 200 ग्राम वजन होने की वजह से फोन थोड़ा भारी जरूर लगता है। सबसे बड़ी बात यह है कि इस फोन में IP68 रेटिंग मिलती है। यानी पानी और धूल से फोन काफी हद तक सुरक्षित रहेगा।

डिस्प्ले

AI+ Nova 2 Ultra 5G का सबसे बड़ा हाईलाइट इसका डिस्प्ले है। फोन में 6.78 इंच का 1.5K AMOLED डिस्प्ले दिया गया है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है। स्क्रीन काफी शार्प लगती है और टेक्स्ट, फोटो व वीडियो देखने का अनुभव प्रीमियम महसूस होता है। AMOLED पैनल होने की वजह से ब्लैक काफी डीप दिखाई देते हैं और कलर्स भी काफी पंची लगते हैं। YouTube, Netflix और OTT प्लेटफॉर्म पर कंटेंट देखने में यह फोन काफी मजेदार अनुभव देता है। HDR सपोर्ट की वजह से वीडियो क्वालिटी और बेहतर दिखती है। धूप में भी स्क्रीन अच्छी विजिबिलिटी देती है। कंपनी ने 2600 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस का दावा किया है।

बड़ा और ब्राइट डिस्प्ले, साथ ही मजबूत बॉडी भी

परफॉर्मेंस और गेमिंग

फोन में MediaTek Dimensity 7400 प्रोसेसर दिया गया है। यह चिपसेट इस प्राइस रेंज में काफी दमदार है। रोजमर्रा के इस्तेमाल में फोन काफी स्मूद चलता है। सोशल मीडिया, मल्टीटास्किंग और वीडियो एडिटिंग जैसे काम आसानी से हो जाते हैं। गेमिंग की बात करें तो AI+ Nova 2 Ultra 5G खासतौर पर गेमर्स को ध्यान में रखकर बनाया गया लगता है। BGMI, COD Mobile और Free Fire जैसे गेम्स हाई सेटिंग्स पर अच्छे फ्रेम रेट के साथ चलते हैं। लंबे गेमिंग सेशन के दौरान भी फोन ज्यादा ओवरहीट नहीं होता। फोन में कैपेसिटिव गेमिंग ट्रिगर्स भी दिए गए हैं, जो इस प्राइस सेगमेंट में काफी रेयर फीचर है। इसके अलावा RGB LED लाइट्स गेमिंग एक्सपीरियंस को और ज्यादा शानदार बना देती हैं।

कैमरा

AI+ Nova 2 Ultra 5G में 50MP Sony IMX752 प्राइमरी कैमरा और 8MP अल्ट्रा-वाइड कैमरा दिया गया है। सेल्फी के लिए इसमें 13MP फ्रंट कैमरा मिलता है। दिन की रोशनी में फोन का कैमरा अच्छे फोटो क्लिक करता है। कलर्स काफी नेचुरल दिखते हैं और सोशल मीडिया पर अपलोड करने लायक तस्वीरें आसानी से मिल जाती हैं। कैमरा 2x ज़ूम पर भी ठीक-ठाक डिटेल कैप्चर कर लेता है।

वाइड शॉट में फोन ऑब्जेक्ट को साफ क्लिक कर रहानाईट मोड में भी फोन की क्लैरिटी अच्छी है

हालांकि कई बार फोटो में ओवर-शार्पनिंग देखने को मिलती है। बहुत ज्यादा लाइट और शैडो वाले एरिया में कैमरा अच्छा काम नहीं करता है। अल्ट्रा-वाइड कैमरा उम्मीद से बेहतर काम करता है। लैंडस्केप शॉट्स अच्छे आते हैं। नाइट फोटोग्राफी में फोन थोड़ा कमजोर पड़ जाता है। कम रोशनी में फोटो सॉफ्ट हो जाती हैं और स्ट्रीट लाइट्स ओवर एक्सपोज दिखाई देती हैं। सेल्फी कैमरा ठीक-ठाक है। स्किन टोन काफी हद तक नेचुरल रहती है और पोर्ट्रेट शॉट्स भी अच्छे निकलते हैं।

मैक्रो शूट में फोन थोड़ा फीका हैसेल्फी कैमरा फेस को बहुत ब्राइट कर देता है

बैटरी और चार्जिंग

फोन में 6000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है और यही इसकी सबसे बड़ी खूबियों में से एक है। नॉर्मल इस्तेमाल में यह फोन आराम से डेढ़ से दो दिन तक चल सकता है। चार्जिंग के लिए फोन में 33W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलता है लेकिन बॉक्स में सिर्फ 18W चार्जर दिया गया है। इसी वजह से फोन को फुल चार्ज होने में करीब 1.5 से 2 घंटे तक लग सकते हैं।

सॉफ्टवेयर एक्सपीरियंस, ऑडियो और मल्टीमीडिया

फोन Android 16 आधारित NxtQuantum OS पर चलता है। इंटरफेस फीचर-रिच जरूर है, लेकिन अभी इसे काफी ऑप्टिमाइजेशन की जरूरत महसूस होती है। कई बार UI में हल्की स्टटरिंग देखने को मिलती है। ऐप ओपनिंग और एनिमेशन उतने स्मूद नहीं लगते जितनी उम्मीद थी। कुछ यूजर्स ने भी ऑनलाइन फोरम्स पर सॉफ्टवेयर ऑप्टिमाइजेशन को लेकर शिकायत की है। फोन में कुछ प्री-इंस्टॉल्ड ऐप्स और गेम्स भी मिलते हैं। सबसे बड़ी कमी यह है कि कंपनी सिर्फ 1 बड़ा Android अपडेट दे रही है। आज के समय में कई ब्रांड 3-4 साल तक अपडेट देने लगे हैं, इसलिए यहां AI+ थोड़ा पीछे नजर आता है। फोन में डुअल स्टीरियो स्पीकर्स दिए गए हैं। स्पीकर आउटपुट काफी लाउड और क्लियर है। मूवी देखने और गेमिंग के दौरान अच्छा ऑडियो एक्सपीरियंस मिलता है। अगर आप OTT कंटेंट ज्यादा देखते हैं, तो यह फोन मल्टीमीडिया एक्सपीरियंस में आपको काफी पसंद आ सकता है।

AI+ Nova 2 Ultra 5G की खूबियां और कमियां

इस फोन की सबसे बड़ी ताकत इसका शानदार AMOLED डिस्प्ले है। गेमिंग के लिए इसमें दिए गए ट्रिगर्स और RGB लाइट्स इसे खास बनाते हैं। IP68 रेटिंग और प्रीमियम डिजाइन भी इसकी बड़ी खूबियां हैं। सॉफ्टवेयर अभी पूरी तरह ऑप्टिमाइज्ड नहीं है। कैमरा लो-लाइट में बहुत अच्छा परफॉर्म नहीं करता है। इसके अलावा चार्जिंग स्पीड भी थोड़ी निराश करती है।

Final Verdict

अगर आप ऐसा स्मार्टफोन चाहते हैं जिसमें शानदार डिस्प्ले, लंबी बैटरी लाइफ, दमदार गेमिंग और प्रीमियम डिजाइन मिले, तो AI+ Nova 2 Ultra 5G एक अच्छा ऑप्शन साबित हो सकता है। यह फोन खासतौर पर उन यूजर्स के लिए बना है जो गेमिंग और कंटेंट देखने पर ज्यादा फोकस करते हैं। कैमरा और सॉफ्टवेयर अभी कमजोर है।लेकिन कुल मिलाकर AI+ Nova 2 Ultra 5G बजट सेगमेंट में एक वैल्यू-फॉर-मनी स्मार्टफोन है, जो कम कीमत में कई फ्लैगशिप जैसे फीचर्स देने की कोशिश करता है।

Himani Gupta

लेखक के बारे में

Himani Gupta

हिमानी गुप्ता लाइव हिन्दुस्तान में गैजेट्स सेक्शन से जुड़ी हुई हैं और 2020 से इस संस्थान का हिस्सा हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें करीब 12 साल का अनुभव है। इससे पहले वह नेटवर्क 18 में गैजेट्स और बिजनेस सेक्शन देखती रही हैं, जहां बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें दो बार बेस्ट परफॉर्मर ऑफ द मंथ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। नेटवर्क 18 से पहले भी हिमानी ने कई अन्य मीडिया संस्थानों में काम किया है। हिमानी स्मार्टफोन, कंज्यूमर गैजेट्स और AI से जुड़ी खबरों और फीचर्स पर लिखती हैं। लेटेस्ट गैजेट्स को एक्सप्लोर करना, उनकी टेस्टिंग करना और नए ऐप्स पर काम करना उनके काम का अहम हिस्सा है।

शिक्षा के क्षेत्र में हिमानी ने आईपी यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी (MJMC) की पढ़ाई की है। इसके अलावा उन्होंने डिजिटल विद्या (Digital Vidya) से सोशल मीडिया मार्केटिंग का कोर्स भी किया है। एडिटोरियल के अलावा, हिमानी को गूगल एनालिटिक्स और सोशल मीडिया की भी काफी जानकारी है और बतौर सोशल मीडिया मैनेजर भी काम कर चुकी हैं। काम के अलावा उन्हें टेक ट्रेंड्स को समझना और उन्हें कहानियों में ढालना पसंद है, ताकि पाठक बदलती डिजिटल दुनिया से हमेशा अपडेट रह सकें।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।