OTT Series: ‘द स्कैम लीक्ड’, CJP के प्रोटेस्ट के बीच जी5 ने रिलीज किया अपनी नई सीरीज का टीजर
एक तरफ, कॉकरोच जनता पार्टी पेपर लीक होने की वजह से शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग रही है। वहीं दूसरी तरफ जी5 ने इसी मुद्दे पर बनी अपनी नई सीरीज का टीजर रिलीज किया है।

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन कर रही है। इसी बीच, ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 ने इसी मुद्दे पर अपनी नई सीरीज अनाउंस की है। इतना ही नहीं, उन्होंने अपनी इस नई सीरीज 'द स्कैम-लीक्ड' का टीजर भी जारी कर दिया है। खास बात ये है कि टीजर में कोई डायलॉग नहीं हैं पर विजुअल्स इतने दमदार हैं कि रोंगटे खड़े हो जाते हैं।
द स्कैम-लीक्ड का टीजर
'द स्कैम-लीक्ड' के टीजर की शुरुआत एक कारखाने से होती है, जहां मेडिकल एग्जाम के पेपर्स की छपाई हो रही है। सब सही चल रहा होता है और तभी अंदर का एक इंसान इन पेपर्स की तस्वीरें क्लिक करके वायरल कर देता है। स्क्रीन पर अचानक ब्रेकिंग न्यूज फ्लैश होती है और लिखा होता है मेडिकल की परीक्षा रद्द। फिर छात्रों का सैलाब दिखाया जाता है, जो गुस्से से भरा होता है और सवाल उठाता है। वहीं इन बीच एक छात्र फांसी लगा लेता है।
जी5 पर कब आएगी 'द स्कैम-लीक्ड'?
'द स्कैम-लीक्ड' का सिर्फ टीजर आया है। अभी तक न ही इसकी स्टार कास्ट रिवील की गई है और न ही रिलीज डेट का ऐलान किया गया है।
यहां देखिए 'द स्कैम-लीक्ड' का टीजर
छात्रों के सपोर्ट में उतरे ऋतिक रोशन, राजकुमार राव समेत कई सेलेब्स
सरकार से जवाब मांगने वाले स्टूडेंट्स का बॉलीवुड सेलेब्स भी सपोर्ट कर रहे हैं। दरअसल, सोमवार के दिन कॉकरोच जनता पार्टी और छात्रों ने मिलकर संसद चलो अभियान चलाया था। इस दौरान पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस छोड़ी। ऐसे में छात्र भड़क गए और इस देश की हस्तियां भी। एक तरफ शबाना आजमी, कुनिका सदानंद और प्रकाश राज ने खुद विरोध-प्रदर्शन में हिस्सा लिया। वहीं दूसरी तरफ सोनू सूद, वीर दास, दीया मिर्जा, सोहा अली खान, अदिति राव हैदरी, रितेश देशमुख, जेनेलिया देशमुख, राजकुमार राव, विशाल डडलानी, स्वरा भास्कर, भूमि पेडनेकर, हुमा कुरैशी, नंदिता दास, आयुष शर्मा, नसीरुद्दीन शाह, ऋतिक रोशन और स्क्रीनराइटर सुतापा सिकदर समेत कई अन्य लोगों ने ऑनलाइन पोस्ट शेयर कर सरकार से बातचीत करने की अपील की है।


