
तस्करी: द स्मगलर्स वेब में हैं खूब सारे ट्विस्ट, चौथे एपिसोड से इंटेंस होती है कहानी
Taskaree The Smuggler's Web: नेटफ्लिक्स पर इमरान हाशमी की वेब सीरीज तस्करी: द स्मगलर्स वेब रिलीज हो चुकी है। इस सीरीज में शरद केलकर खतरानक विलेन बने हैं। सीरीज में आपको एक के बाद एक कई ट्विस्ट देखने को मिलेंगे।
इमरान हाशमी की क्राइम सीरीज तस्करी: द स्मगलर्स वेब सीरीज नेटफ्लिक्स पर रिलीज हो चुकी है। सीरीज में आपको काफी ट्विस्ट और टर्न देखने को मिलेंगे। सीरीज की शुरुआत में आपको लगेगा कि सीरीज बिल्कुल प्लेन है, लेकिन जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है दिलचस्प होती जाती है। शरद केलकर जो एक शानदार एक्टर उन्होंने इस सीरीज में भी अपनी काबीलियत दिखाई है। शरद केलकर एक खतरनाक विलेन की भूमिका में काफी अच्छा काम करते नजर आए हैं।
कैसे होती है सीरीज की शुरुआत?
सीरीज की शुरुआत एक चेज सीन से होती है। इस चेज सीन का जब अंत होता है तब सीरीज में इमरान हाशमी की एंट्री होती है। इमरान हाशमी सीरीज में एक बेहद ईमानदार कस्टम अधिकारी बने हैं, लेकिन सीरीज की शुरुआत में इमरान हाशमी गलत तरीके से पैसे कमाते नजर आते हैं।
स्मगलिंग की दुनिया के बारे में बात करती इमरान की सीरीज
यह सीरीज आपको बताती है कि मुंबई का एयरपोर्ट सबसे बिजी एयरपोर्ट्स में से एक है और कैसे वहां बड़ी संख्या में लोग विदेश से भारत में गैर-कानूनी तरीके से पैसे, ड्रग्स और महंगा सामान लेकर आते हैं।
चौथे एपिसोड से दिलचस्प होती है सीरीज की कहानी
सीरीज की शुरुआत में तो आपको अलग-अलग तरीकों के बारे में बताया जाता है जिसके जरिए क्रिमिनल्स भारत में सामान स्मगल करके लाते हैं। यह सीरीज आपको कस्टम अधिकारियों के काम से वाकिफ कराती है। पहले तीन एपिसोड तो आपको प्लेन लग सकते हैं, लेकिन चौथे एपिसोड में जो ऑपरेशन शुरू होता है वहां से कहानी दिलचस्प होने लगती है।
चौथे एपिसोड से सीरीज की कहानी इंटेंस होने लगती है और एक के बाद एक कई ट्विस्ट भी आते हैं। सीरीज में कौन किसका सोर्स है, जैसे-जैसे ये परतें खुलती हैं, कहानी रोमांचक होती चली जाती है।

क्या है इमरान हाशमी का किरदार
सीरीज में इमरान हाशमी एक ऐसे कस्टम अधिकारी बने हैं जो सस्पेंड होते हैं। लेकिन जब मुंबई एयरपोर्ट पर तस्करों को पकड़ने का प्लान बनाया जाता है तो इमरान हाशमी समेत उनके दो दोस्त वापस ड्यूटी पर बुलाए जाते हैं। इमरान हाशमी के किरदार का नाम अर्जुन मीणा है। इस सीरीज में स्मगलिंग के जो-जो तरीके दिखाए गए हैं वो आपको हैरान कर देंगे।
खतरनाक विलेन बने हैं शरद केलकर
हर सीरीज की तरह इस सीरीज में ईमानदार हीरो के साथ-साथ एक खतरनाक क्रिमिनल भी है। क्रिमिनल की भूमिका किसी और ने नहीं बल्कि शानदार एक्टर शरद केलकर ने निभाई है। शरद केलकर (बड़ा चौधरी) विदेश से भारत में स्मगलिंग का एक सिंडिकेट चलाते हैं। अर्जुन मीणा की टीम के एयरपोर्ट पर आ जाने से उनके सिंडिकेट को नुकसान होना शुरू होता है। बड़ा चौधरी बराबर से अर्जुन मीणा और उनकी टीम को टक्कर देता है।
मारधाड़ के बिना पावरफुल नजर आए एक्टर्स
नीरज पांडे की इस सीरीज में बिना मारधाड़ के एक्टर्स पावरफुल नजर आए हैं। सीरीज में एक सीक्वेंस है जहां कुछ गुंडे इमरान हाशमी के सामने आते हैं। इमरान हाशमी के साथ एक महिला होती है। ज्यादातर सीरीज में जैसे होता है कि महिला को बचाने के लिए हीरो गुंड़ों से मारधाड़ करता है। इस सीरीज में वैसा बिल्कुल नहीं होता है। आपको लगेगा कि अब इमरान हाशमी मारधाड़ करेंगे, लेकिन इमरान वहीं खड़े होते हैं और फीमेल एक्ट्रेस दमदार एक्शन करती नजर आती है।
आज के वक्त में बन रहे क्राइम कंटेंट से अलग है इमरान की सीरीज
अगर आप कुछ क्राइम जॉनर में कुछ फ्रेश देखना चाहते हैं तो इमरान हाशमी की तस्करी: द स्मगलर्स वेब देख सकते हैं। इसका हर एक किरदार आपको पसंद आएगा। बिना मारधाड़ और बिना ज्यादा गाली-गलौज के बनी ये क्राइम सीरीज आज के वक्त में बन रहे बहुत से क्राइम कंटेंट से काफी अलग है।
कितनी है तस्करी: द स्मगलर्स वेब की आईएमडीबी रेटिंग?
इस सीरीज में इमरान हाशमी और शरद केलकर के अलावा अनुराग सिन्हा, अमृता खानविलकर, अनुजा साठे, जोया आफरोज, फ्रेडी दारूवाला और जमील खान जैसे कलाकार नजर आए हैं। सीरीज की आईएमडीबी रेटिंग 7.7 है।

लेखक के बारे में
Harshita Pandeyलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




