9 एपिसोड वाली मिस्ट्री थ्रिलर, 8.2 है इसकी रेटिंग, आपने OTT पर देख ली यह सीरीज?
OTT Thriller Series: ओटीटी पर एक 9 एपिसोड की मिस्ट्री थ्रिलर सीरीज स्ट्रीम कर रही है। यह मराठी सीरीज है, लेकिन हिंदी में भी है और इसकी रेटिंग 8.2 है।

अगर आप ऐसी सीरीज देखना चाहते हैं, जिसकी कहानी शुरू होने के बाद आपको बार-बार आगे क्या होगा, यह जानने की इच्छा होती रहे, तो आप बिल्कुल सही जगह आए हैं। आज हम आपको एक ऐसी ही सीरीज के बारे में बताएंगे। इस सीरीज में एक दिलचस्प सवाल उठाया गया है—क्या इंसान अपनी किस्मत बदल सकता है या फिर उसकी जिंदगी पहले से किसी और के रास्ते पर चल रही होती है? कहानी में कई ऐसे मोड़ आते हैं, जो दर्शकों की दिलचस्पी बनाए रखते हैं। छोटे एपिसोड होने की वजह से इसे वीकेंड पर आसानी से देखा जा सकता है।
क्या है इस सीरीज का नाम?
इस सीरीज का नाम है ‘समांतर’। यह मशहूर मराठी लेखक सुहास शिरवलकर के इसी नाम के उपन्यास पर आधारित है और ओटीटी पर हिंदी में है। इसमें कुमार महाजन नाम के एक ऐसे शख्स की कहानी दिखाई गई है, जिसकी जिंदगी लगातार परेशानियों से घिरी हुई है। पैसे की कमी और बार-बार मिल रही नाकामी से परेशान कुमार की जिंदगी उस वक्त पूरी तरह बदल जाती है, जब एक ज्योतिषी उसे बताता है कि उसकी हथेली की रेखाएं और किस्मत 33 साल पहले रह चुके एक शख्स सुदर्शन चक्रपाणि से बिल्कुल मिलती हैं।
इसके बाद कुमार, चक्रपाणि के बारे में जानने की कोशिश शुरू करता है। उसे लगता है कि अगर वह चक्रपाणि की जिंदगी के बारे में सब कुछ जान ले, तो शायद उसे अपने भविष्य का भी अंदाजा हो सकता है। लेकिन इसी तलाश में उसकी जिंदगी में एक के बाद एक रहस्य सामने आने लगते हैं।
नीतीश भारद्वाज भी हैं इस सीरीज का हिस्सा
इस सीरीज में स्वप्निल जोशी ने कुमार महाजन, नीतीश भारद्वाज ने सुदर्शन चक्रपाणि और तेजस्विनी पंडित ने नीमा का किरदार निभाया है।
सीजन 1 कैसा है?
पहले सीजन की कहानी का कॉन्सेप्ट काफी अलग है। चक्रपाणि की पुरानी डायरियों के जरिए अपने भविष्य के बारे में जानने की कुमार की कोशिश कहानी में लगातार उत्सुकता बनाए रखती है। कुछ जगहों पर कहानी की रफ्तार थोड़ी धीमी जरूर लगती है, लेकिन सीजन का अंत ऐसा मोड़ लेकर आता है, जो आपको तुरंत अगला सीजन देखने के लिए मजबूर करता है।
सीजन 2 कैसा है?
दूसरे सीजन में कहानी और ज्यादा गहरी हो जाती है। सई ताम्हणकर की एंट्री के बाद कहानी में कई नए ट्विस्ट देखने को मिलते हैं। पहले सीजन में उठे कई सवालों को आगे बढ़ाया जाता है और कहानी कुमार के साथ-साथ चक्रपाणि की जिंदगी के कई और राज सामने लाती है।
क्यों देखें ‘समांतर’?
इस सीरीज की कास्टिंग भी खास है। भारतीय टीवी पर भगवान श्रीकृष्ण का किरदार निभाकर मशहूर हुए नीतीश भारद्वाज और स्वप्निल जोशी इस सीरीज में एक-दूसरे से जुड़े किरदारों में नजर आते हैं। नीतीश भारद्वाज ने बी.आर. चोपड़ा की ‘महाभारत’ में श्रीकृष्ण का किरदार निभाया था, जबकि स्वप्निल जोशी रामानंद सागर की ‘श्री कृष्णा’ में श्रीकृष्ण बने थे।
‘समांतर’ के दो सीजन हैं और दोनों में 9-9 एपिसोड हैं। अगर आप वीकेंड पर कोई ऐसी सीरीज देखना चाहते हैं, जिसमें किस्मत, भविष्य और इंसान के फैसलों को एक साथ जोड़ा गया हो, तो इसे अपनी लिस्ट में रख सकते हैं। यह सीरीज MX Player पर उपलब्ध है।
कुल मिलाकर, ‘समांतर’ उन दर्शकों के लिए है जिन्हें ऐसी कहानियां पसंद आती हैं, जिनमें हर एपिसोड के बाद मन में यही सवाल रहता है कि अब आगे क्या होगा।

