OTT Series: धमाकेदार है 7 एपिसोड वाली ये क्राइम थ्रिलर सीरीज, 8 है इसकी IMDb रेटिंग
Zee5 Crime Thriller Series: जी5 पर एक क्राइम थ्रिलर सीरीज स्ट्रीम हो रही है। इस सीरीज की आईएमडीबी रेटिंग 8 है। इसके आखिरी के 3 एपिसोड धमाकेदार हैं।

OTT Crime Thriller Series: ओटीटी पर थ्रिलर कंटेंट की कोई कमी नहीं है, लेकिन कुछ वेब सीरीज ऐसी होती हैं जो बिना किसी शोर-शराबे के आती हैं और अपनी बेहतरीन कहानी के दम पर दर्शकों के दिलों पर छा जाती हैं। एक शांत गांव के पुलिस स्टेशन, एक कटी हुई लाश की मिस्ट्री और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच जूझते एक सीधे-सादे सब-इंस्पेक्टर की ये कहानी ऐसी ही एक मास्टरपीस है। जब साल 2022 में ये सस्पेंस थ्रिलर जी5 पर रिलीज हुई, तो क्राइम-ड्रामा के शौकीनों के बीच इसे जबरदस्त तारीफ मिली। वहीं आईएमडीबी पर इसे 8 की रेटिंग मिली।
क्राइम थ्रिलर सीरीज का नाम
हम बात कर रहे हैं थ्रिलर सीरीज 'विलांगू' (Vilangu) की। प्रशांत पांडियाराज के निर्देशन में बनी इस 7 एपिसोड की सीरीज में विमल ने सब-इंस्पेक्टर परिधि की भूमिका निभाई है। 'विलांगू' का मतलब होता है 'हथकड़ी'। इस सीरीज ने ओटीटी पर सस्पेंस का एक ऐसा माहौल तैयार किया, जिसकी उम्मीद दर्शक अक्सर बड़े बजट की फिल्मों से करते हैं।
क्या है क्राइम थ्रिलर सीरीज 'विलांगू' की कहानी?
कहानी तिरुचिरापल्ली के बाहरी इलाके में स्थित वेबूर पुलिस स्टेशन के इर्द-गिर्द घूमती है। सब-इंस्पेक्टर परिधि अपनी गर्भवती पत्नी की देखभाल के लिए छुट्टी लेने की तैयारी कर रहा होता है, लेकिन तभी इलाके में कुछ घटनाएं घटने लगती हैं। जंगल में बिना सिर की एक सड़ी-गली लाश मिलती है। गहनों की चोरी का मामला सामने आता है। एक हाई-प्रोफाइल व्यक्ति के गायब होने से पुलिस प्रशासन पर दबाव बढ़ जाता है। शुरुआत में जो केस बेहद साधारण लगता है, वही धीरे-धीरे मर्डर मिस्ट्री में बदल जाता है। परिधि और उसकी टीम जैसे-जैसे मामले की गहराई में जाते हैं, उनके सामने ऐसे राज खुलते हैं जो दर्शक को हैरान कर देते हैं।
'विलांगू' आपको क्यों देखनी चाहिए?
1. फिल्मों में अक्सर पुलिस अधिकारियों को सुपरहीरो की तरह दिखाया जाता है, लेकिन यहां पुलिस स्टेशन की कमियों, विभागीय दबाव और जमीनी हकीकत को बिना किसी फिल्टर के दिखाया गया है।
2. सीरीज का पहला एपिसोड माहौल बनाने में समय लेता है, लेकिन उसके बाद हर एपिसोड का अंत एक ऐसे नोट पर होता है जो आपको अगला एपिसोड देखने पर मजबूर कर देता है।
3. विमल ने एक थके हुए, लेकिन अपने काम के प्रति ईमानदार पुलिस वाले का किरदार बहुत ही संजीदगी से निभाया है।
4. मेन विलेन और उसके पीछे की कहानी इस सीरीज का सबसे बड़ा आकर्षण है। आखिरी के तीन एपिसोड में सस्पेंस अपने चरम पर पहुंच जाता है।
देखें या न देखें?
यदि आप 'दृश्यम', 'रत्सासन' जैसी क्राइम-थ्रिलर पसंद करते हैं, तो 'विलांगू' आपके लिए एक 'मस्ट-वॉच' सीरीज है। हालांकि, ये सीरीज हिंदी में नहीं है। अगर ये सीरीज आपको देखनी है तो आप जी5 पर इंग्लिश सबटाइटल्स के साथ देख सकते हैं।


