
भय: गौरव तिवारी जिसे मौत से पहले दिखता था 9 साल का बच्चा, इस हॉरर शो में खुले कौन से राज
MX Player Horror Series: एमएक्स प्लेयर पर हाल ही में एक हॉरर वेब सीरीज रिलीज हुई है। यह सीरीज सच्ची घटनाओं से प्रेरित है। सीरीज में करण टैकर लीड रोल में नजर आए हैं। इस हॉरर सीरीज की आईएमडीबी रेटिंग 8.4 है।
पैरानॉर्मल घटनाओं के बारे में पढ़ने और दिलचस्पी रखने वालों ने गौरव तिवारी का नाम तो जरूर सुना होगा। गौरव तिवारी भारत के पहले पैरानॉर्मल इन्वेस्टिगेटर थे। साल 2016 में गौरव तिवारी की मौत हो गई थी। यह सीरीज गौरव तिवारी की मौत पर आधारित 8 एपिसोड की एक सीरीज है। यह सीरीज सच्ची घटनाओं से प्रेरित एक काल्पनिक कहानी है। अगर आप हॉरर सीरीज देखना पसंद करते हैं तो आपको ये सीरीज देखनी चाहिए।
सीरीज में क्या-क्या मिलेगा?
8 एपिसोड वाली भय: द गौरव तिवारी मिस्ट्री को रोबी ग्रेवाल ने डायरेक्ट किया है। इस सीरीज में जेनिफर के प्रेस्टन, सलोना बत्रा, कल्कि कोचलिन, करण टैकर और मानसी चावला नजर आई हैं। करण टैकर सीरीज में गौरव तिवारी की भूमिका में नजर आए हैं। अगर आप गौरव तिवारी के जीवन पर आधारित इस फिल्म को देखने का प्लान कर रहे हैं तो हम आपको बिना स्पॉइलर के बता रहे हैं इस सीरीज में आपको क्या-क्या देखने को मिलेगा।
क्यों पैरानॉर्मल इंवेस्टिगेटर बने गौरव तिवारी
गौरव तिवारी के जीवन पर आधारित ये सीरीज उनके जीवन के अलग-अलग पहलुओं पर बात करती है। सीरीज की शुरुआत में आपको देखने को मिलेगा कि कैसे उनके साथ घटी एक घटना ने गौरव तिवारी को पैरानॉर्मल इंवेस्टिगेटर बनने की राह पर लाई। गौरव तिवारी पायलट बनना चाहते थे, इसके लिए वो विदेश में ट्रेनिंग भी लेने गए थे, लेकिन वहीं उनके साथ कुछ ऐसा हुआ कि उन्होंने पैरानॉर्मल इंवेस्टिगेटर बनने का फैसला लिया। इस सीरीज में उस घटना के बारे में दिखाया गया है।
सीरीज में इस्तेमाल हुए रियल क्लिप्स
भय: द गौरव तिवारी मिस्ट्री में खास बात ये है कि आपको गौरव तिवारी की कुछ असल क्लिप्स भी सीरीज में देखने को मिलेंगी। वहीं, जब गौरव तिवारी की मौत हुई थी, उस वक्त मीडिया में भी ये खबर कवर की थी। सीरीज में न्यूज चैनल्स की वो क्लिप भी दिखाई गई हैं।
गौरव को पहले से ही पता थी मौत की डेट?
गौरव तिवारी के जीवन पर आधारित इस सीरीज में पैरानॉर्मल इन्वेसटिगेशन के अलग-अलग केस भी दिखाए हैं। 8 एपिसोड की इस सीरज में हर एक एपिसोड धीरे-धीरे गौरव तिवारी की मौत की मिस्ट्री की तरफ बढ़ता है। सीरीज के आखिरी एपिसोड में गौरव तिवारी की मौत मिस्ट्री से पर्दा उठता है।
सीरीज में एक एपिसोड में ऐसा भी दिखाया गया है कि गौरव तिवारी को अपने मौत की तारीख की पहले से ही जानकारी थी। शो में देखने को मिलता है कि कैसे ये जानकारी गौरव तिवारी की सोच को बदल देती है। सीरीज में ऐसी और एक घटना बताई गई जिसके जरिए ऐसा दिखाया गया है कि गौरव को अपनी मौत का अंदेशा पहले से ही था। सीरीज में दिखाया गया कि गौरव ने अपनी थेरिपिस्ट और दोस्त को बताया था कि उन्हें एक 9 साल का बच्चा दिखता था। इस बच्चे के बारे में सीरीज में भी एक पूरा किस्सा है।
भय में आपको देखने को मिलेगा कि कैसे पैरानॉर्मल इन्वेसटिगेशन के लिए गौरव तिवारी को पैसों की परेशानी झेलनी पड़ती है। फिर कैसे एक शो ने उन्हें पूरे देश में पहचान दिलाई।
8.4 है IMDb रेटिंग
सीरीज भले ही एक बायोपिक ड्रामा हो, लेकिन सीरीज में कई सीन्स ऐसे हैं जो आपको बुरी तरह डराएंगे। इस सीरीज के बारे में बात करें तो ये सीरीज बाकी की हॉरर सीरीज से अलग है। बाकी की हॉरर सीरीज की तरह इस सीरीज में आपको खून-खराबा, हिंसा या जबरदस्ती के स्पेशल इफेक्ट्स देखने को नहीं मिलेंगे। यही बातें इस सीरीज को बाकी हॉरर सीरीज से अलग बनाती हैं। इस सीरीज की आईएमडीबी रेटिंग 8.4 है।

लेखक के बारे में
Harshita Pandeyलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




