'पैसा मुद्दा नहीं, उन्होंने बहुत...', शैलेश लोढ़ा ने पहली बार बताया असित मोदी के साथ क्यों हुआ विवाद
तारक मेहता का उल्टा चश्मा फेम शैलेश लोढ़ा इस साल अप्रैल में शो छोड़ दिया था। शो के प्रोड्यूसर असित मोदी के साथ उनका विवाद हो गया था। अब उन्होंने बताया कि किस वजह से उनके बीच मतभेद पैदा हुआ।

शैलेश लोढ़ा को फैन्स 'तारक मेहता का उलटा चश्मा' में बहुत मिस करते थे। कुछ महीने पहले उन्होंने अचानक शो को अलविदा कह दिया। वह तारक मेहता का किरदार निभाते थे। शैलेश लोढ़ा का निर्माता असित मोदी के साथ विवाद हो गया था जिसके बाद उन्होंने इसे छोड़ने का फैसला किया। उन्होंने इसकी वजह नहीं बताई थी कि 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' से क्यों अलग हो हो रहे हैं जबकि यह उनका सबसे पॉपुलर शो है और घर-घर में देखा जाता है। शैलेश लोढ़ा ने असित मोदी पर पैसों के भुगतान को लेकर केस भी कर दिया था जिसके बाद उन्हें 1 करोड़ रुपये दिए गए। अब अपने लेटेस्ट इंटरव्यू में शैलेश लोढ़ा ने इस विवाद पर खुलकर बात की और बताया कि क्यों 'वह तारक मेहता का उल्टा चश्मा' छोड़ने को मजबूर हुए।
यह था पूरा विवाद
शैलेश ने कहा कि उन्होंने इशारों-इशारों में पहले काफी कुछ कहने की कोशिश की। उन्होंने अब पहली बार विस्तार से असित मोदी के साथ विवाद की वजह बताई। द लल्लनटॉप के साथ इंटरव्यू में वह कहते हैं, 'बात आत्मसम्मान की थी इसलिए फिर छोड़ दिया।' उन्होंने आगे कहा, 'सब टीवी पर एक दूसरा शो गुड नाइट इंडिया आया था। करीब डेढ़ साल पहले यह शो आया था और रात को प्रसारित होता था जिसमें स्टैंडअप कॉमेडियन और दूसरे कलाकार आते थे। उस शो में उन्होंने मुझे एक एपिसोड के लिए मेहमान के तौर पर कवि शैलेश के रूप में बुलाया। मैं गया। आज मैं जो भी हूं हिंदी कविता की वजह से हूं। ऐसे में उस शो में जाने से कोई दिक्कत भी नहीं थी। कोई करार नहीं था। यह उसी प्लेटफॉर्म पर था जिस पर हमारा शो आता था। शैलेश लोढ़ा बनकर तो मैं कहीं भी जा सकता हूं। उस शो के प्रोड्यूसर ने उससे पहले कॉमेडी सर्कस प्रोड्यूस की थी तो मैंने उनके साथ काम किया था।'
असभ्य भाषा में की बात
शैलेश ने आगे कहा, "जिस दिन एपिसोड का प्रसारण होने वाला था उससे एक दिन पहले तारक मेहता का उल्टा के प्रोड्यूसर का फोन आया कि 'आप कैसे चले गए?' कैसे चले गए मतलब? मैं एक कवि के तौर पर गया, कोई रोल करने तो गया नहीं। आधे घंटे का शो है जिसमें मैं सेलिब्रिटी गेस्ट कवि शैलेश बनकर गया। उन्होंने बहुत असभ्य भाषा में बात की जो मुझसे बर्दाश्त नहीं हुई।" शैलेश ने बताया कि इससे पहले भी असित मोदी के साथ एक बार विवाद हुआ था। उस वक्त उन्होंने कहा था कि यहां काम करने वाले सभी लोग उनके नौकर हैं।
बीच में छोड़ दिया शो
शैलेश कहते हैं, 'उनकी वह भाषा स्वीकार्य नहीं थी। हम सब काम कर रहे हैं। सबने मिलकर किसी चीज का निर्माण किया है। आप इस भाषा में तो बात नहीं कर सकते। पहली बात तो इस तरह का प्रतिबंध ही नहीं लगा सकते। फिर मैंने कहा यह मुझसे नहीं होगा। 17 फरवरी 2022 को मैंने मेल कर दिया कि अब मैं आगे काम नहीं करूंगा लेकिन मैं सेट पर जाता रहा। हमें भी पता है कि कोई लंबा शो चल रहा है तो जब तक आपकी कहानी, आपका रोल है आपको जाना है। हमारी इंडस्ट्री में एक नियम है कि जो काम आज किया है उसके 90 दिन बाद पैसे मिलते हैं। लोगों को भी यह पता होना चाहिए। मैं मेल के बाद भी जाता रहा लेकिन उन्होंने नवंबर महीने का जो पैसा था वह रोक लिया... दिसंबर, जनवरी, फरवरी का पैसा रोक दिया। उनका कहना था आप दफ्तर आकर पेपर्स पर साइन करो तो मैंने कहा पेपर्स भेज दो वह उन्होंने नहीं भेजा। फिर मार्च में भी पैसा रोक लिया। मैं लगातार काम कर रहा हूं और आप पैसा नहीं दे रहे हो। फिर मैंने आखिरकार 5 अप्रैल को दोबारा मेल किया कि कल से मैं नहीं आऊंगा। 6 अप्रैल से मैंने जाना बंद कर दिया।'
