KBC में अमिताभ बच्चन ने पूछा कांग्रेस नेता कमलनाथ पर सवाल? वायरल वीडियो पर चैनल ने बताया सच
कौन बनेगा करोड़पति का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो क्लिप में दिखाया जाता है कि अमिताभ बच्चन, कमलनाथ से जुड़ा सवाल पूछ रहे हैं। अब इस पर चैनल ने एक बयान जारी किया है।

'कौन बनेगा करोड़पति' टीवी का लोकप्रिय टीवी शो है। 'केबीसी' सीजन 15 को काफी पसंद किया जा रहा है। अब शो के मंच से एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें कांग्रेस नेता कमलनाथ से जुड़ा सवाल पूछा जा रहा है। वीडियो में दिखाया जाता है कि अमिताभ बच्चन के सामने एक कंटेस्टेंट बैठा हुआ है। वह उससे पूछते हैं कि 2018 में मध्य प्रदेश की कमलनाथ सरकार ने कितने किसानों का कर्जा माफ किया। वीडियो सामने आने के बाद सोनी टीवी ने एक बयान जारी कर कहा कि इस क्लिप से छेड़छाड़ की गई है।
वीडियो शेयर ना करने की अपील
सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन ने यह भी बताया कि साइबर क्राइम सेल की सहायता से इस मामले को देखा जा रहा है। चैनल ने अपने बयान में लिखा, 'हमें हमारे शो कौन बनेगा करोड़पति के वीडियो से छेड़छाड़ को लेकर जानकारी मिली है। इन वीडियोज में होस्ट और कंटेस्टेंट के ओरिजनल आवाज के ऊपर फेक आवाज लगाया गया है। हम इस तरह की गलत सूचनाओं की कड़ी निंदा करते हैं। हम एक्टिव तरीके से साइबर अपराध सेल के साथ मामले को देख रहे है। साथ ही दर्शकों से इस तरह के गलत कंटेंट को शेयर नहीं करने का आग्रह करते हैं।'
ओरिजनल लिंक किया था शेयर
इससे पहले गुरुवार को सोनी टीवी ने फेक वीडियो के साथ यूट्यूब पर मौजूद ओरिजनल वीडियो शेयर किया। साथ ही बताया कि 'हमारे शो कौन बनेगा करोड़पति के क्लिप से छेड़छाड़ की गई है। फैक्ट- ओरिजनल वीडियो के लिए नीचे लिंक देखें।'
फेक वीडियो में क्या पूछ रहे अमिताभ
वायरल हो रहे वीडियो में अमितााभ बच्चन सवाल पूछते हैं, '2018 में मध्य प्रदेश की कमलनाथ सरकार ने कितने किसानों का कर्जा माफ किया था। ऑप्शन था- A. 2 लाख, B. 27 लाख, C. 5 लाख और D. 10 लाख।'
कंटेस्टेंट ने B जवाब दिया था जिसके बाद अमिताभ बताते हैं यह सही जवाब है।
पहले भी वायरल हुआ वीडियो
वीडियो को अगर ध्यान से देखें तो आसानी से दिख जाता है कि अमिताभ बच्चन का लिंप सिंक आवाज से मैच नहीं हो रहा है। यह पहली बार नहीं है जब ऐसा हुआ है। इससे पहले 'केबीसी' का एक फेक वीडियो वायरल हुआ जिसमें मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से जुड़ा सवाल पूछा गया था। अमिताभ के फेक वायसओवर में पूछा जाता था कि 'इनमें से किस मुख्यमंत्री को उनकी फर्जी घोषणाओं के कारण घोषणा मंत्री कहा जाता है।' विकल्प थे, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल। कंटेस्टेंट ने शिवराज सिंह चौहान का नााम लिया और अमिताभ ने सही उत्तर का ऐलान किया था।
