फोटो गैलरी

Hindi News Entertainment TvShakuni of Mahabharat Gufi Paintal career TV Shows and films posted in Army Artillery during China war

भारत-चीन युद्ध के वक्त सेना में थे गुफी पेंटल, फिर ऐसे मिला था 'शकुनी मामा' का रोल

गुफी पेंटल अब इस दुनिया में नहीं रहे लेकिन अपने किरदार से हमेशा जिंदा रहेंगे। महाभारत में शकुनी का रोल करने वाले गुफी पेंटल सीरियल में कास्टिंग डायरेक्टर भी थे। पहले वह किसी और एक्टर की तलाश में थे।

भारत-चीन युद्ध के वक्त सेना में थे गुफी पेंटल, फिर ऐसे मिला था 'शकुनी मामा' का रोल
Shrilataलाइव हिंदुस्तान,मुंबईMon, 05 Jun 2023 12:47 PM
ऐप पर पढ़ें

'महाभारत' में 'शकुनी मामा' की भूमिका निभाने वाले गुफी पेंटल अब इस दुनिया में नहीं रहे। 5 जून सुबह 9 बजे मुंबई में उनका निधन हो गया। वह पिछले कई दिनों से अस्पताल में भर्ती थे जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। गुफी पेंटल बढ़ती उम्र की बीमारियों से ग्रसित थे। उनका अंतिम संस्कार अंधेरी में आज (5 जून) शाम 4 बजे किया जाएगा। गुफी पेंटल के भतीजे हितेन पेंटल ने उनके निधन की दुखद खबर को साझा करते हुए बताया कि वह अब हमारे बीच नहीं रहे। अभिनय के क्षेेत्र में गुफी पेंटल ने एक लंबा सफर तय किया था। इस रिपोर्ट में उनके करियर के बारे में बताते हैं।

करियर की शुरुआत
'महाभारत' से पहले गुफी पेंटल ने कई फिल्मों में काम किया। 1975 में उन्होंने फिल्म 'रफू चक्कर से अभिनय के क्षेत्र में कदम रखा। इसके बाद उन्होंने 'सुहाग', 'देस परदेस', 'घूम' जैसी फिल्में की। गूफी पेंटल ने सबसे पहले दूरदर्शन पर टीवी सीरियल 'बहादुर शाह जफर' में काम किया। इसके बाद 1988 में प्रसारित 'महाभारत' में शकुनी मामा का रोल किया था। वह 'महाभारत' में कास्टिंग डायरेक्टर भी थे। गूफी को शकुनी मामा के नाम से ही जाना जाने लगा। उन्होंने इतना दमदार अभिनय किया कि लोग असल जिंदगी में उनसे नफरत करने लगे थे। उन्होंने आखिरी बार स्टार भारत चैनल पर 'जय कन्हैया लाल की' (2021-22) में काम किया जिसमें वह विश्वकर्मा बने थे।

कुछ वक्त सेना में रहे
अपने अभिनय की शुरुआत करने से पहले गुफी पेंटल सेना में थे। एक अखबार से बातचीत में गुफी पेंटल ने बताया था, 'जब 1962 में भारत-चीन युद्ध चल रहा था, तब मैं इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। युद्ध के दौरान भी कॉलेज में सेना की भर्ती चल रही थी। मैं हमेशा से सेना में शामिल होना चाहता था। मैं चीन सीमा पर आर्मी आर्टिलरी में तैनात था।'

वह आगे कहते हैं, 'सीमा पर मनोरंजन के लिए कोई टीवी और रेडियो नहीं थाा इसलिए हम (सेना के जवान) सीमा पर रामलीला करते थे। मैं रामलीला में सीता की भूमिका निभाता था और एक व्यक्ति रावण के वेश में स्कूटर पर आता था और मेरा अपहरण कर लेता था। मुझे एक्टिंग का शौक था इससे मुझे थोड़ी ट्रेनिंग हुई।' 

कैसे मिला शकुनी का रोल
'महाभारत' में शकुनी के रोल के लिए गूफी पेंटल बतौर कास्टिंग डायरेक्टर एक एक्टर की तलाश कर रहे थे। उन्होंने 3 लोगों को शॉर्टलिस्ट भी किया था लेकिन पटकथा लेखक मासूम रजा ने उन्हें इस रोल को करने की सलाह दी। इस तरह उन्होंने किरदार निभाया और इसे हमेशा के लिए यादगार बना दिया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें