KBC 15: केबीसी 15 के दूसरे करोड़पति बनने से चूके शुभम, क्या आपको पता है 1 करोड़ के इस सवाल का जवाब
'कौन बनेगा करोड़पति 15' में खेल के साथ बिग बी कंटेस्टेंट्स के साथ जमकर मसखरी भी करते नजर आते हैं। बिग बी का ये अंदाज शो को और भी मजेदार बना देता है। अब तक शो से कई कंटेस्टेंट लाखों जीतकर जा चुके हैं।

Kaun Banega Crorepati 15: अमिताभ बच्चन का शो 'कौन बनेगा करोड़पति 15' इस वक्त छाया हुआ है। मालामाल कर देने वाले इस शो ने अब तक कई कंटेस्टेंट के अधूरे सपनों को पूरा किया। शो में खेल के साथ बिग बी कंटेस्टेंट्स के साथ जमकर मसखरी भी करते नजर आते हैं। बिग बी का ये अंदाज शो को और भी मजेदार बना देता है। अब तक शो से कई कंटेस्टेंट लाखों जीतकर जा चुके हैं। वहीं, सीजन 15 को इसका पहला करोड़पति भी मिल गया है, लेकिन दूसरा करोड़पति बनते-बनते रह गया। केबीसी का हाल का एपिसोड काफी दिलचस्प रहा है। शो में आए रोलओवर कंटेस्टेंट शुभम एक करोड़ का सही जवाब देने से चूक गए। आइए जानते हैं क्या था वो सवाल?
एक करोड़ लेवल तक पहुंचने वाले दूसरे कंटेस्टेंट बने शुभम
केबीसी 15 के हाल ही के एपिसोड में रोलओवर कंटेस्टेंट शुभम 50 लाख रुपये जीत चुके थे। इसके बाद शुभम को एक करोड़ रुपये की राशि के लिए गेम खेलना था। ऐसे में बिग बी ने कंटेस्टेंट से कहा कि अगर वो ये राशि जीतते हैं तो कौन बनेगा करोड़पति के विनर बन जाएंगे। इसके बाद बिग बी ने उनसे एक करोड़ रुपए के लिए सवाल पूछा। ये सवाल हिरोशिमा पर परमाणु बम गिराने वाले विमान से जुड़ा था, जिसका जवाब देना शुभम के लिए भारी पड़ गया।
ये है एक करोड़ का वह सवाल:
6 अगस्त 1945 को हिरोशिमा पर पहला परमाणु बम गिराने वाले विमान का नाम किसके नाम पर रखा गया था?
ये रहे ऑप्शन:
A: एक पौराणिक हथियार
B: एक फिल्म पात्र
C: पायलट की मां
D: वह स्थान जहां इसे बनाया गया था
इसका सही उत्तर C: पायलट की मां था।
शुभम को नहीं पता था इसका जवाब
बता दें कि शुभम को इस सवाल का सही जवाब पता नहीं था। इसके सवाल के लिए उनके पास कोई लाइफ लाइन भी नहीं बची थी। इसके बाद भी कंटेस्टेंट ने इस सवाल का सही जवाब देने की काफी कोशिश की, लेकिन वो काफी कन्फ्यूज थे। ऐसे में कंटेस्टेंट ने गेम क्विट करने में भी समझदारी समझी। लेकिन शो को छोड़ने से पहले उन्हें एक ऑप्शन को लॉक करना था, ताकि सही जवाब बताया जा सके। शुभम ने ऑप्शन A-एक पौराणिक हथियार, चुना। इस पर अमिताभ बच्चन ने उन्हें बताया कि वह गलत जवाब है। इसका सही उत्तर C- पायलट की मां है।
