रामानंद सागर की रामायण में लक्ष्मण के लिए सुनील लहरी नहीं थे पहली पसंद, फिर कैसे मिला रोल?
Ramayana: रामानंद सागर की रामायण में लक्ष्मण का रोल सुनील लहरी ने निभाया था। पर क्या आप जानते हैं कि लक्ष्मण के रोल के लिए सुनील लहरी पहली पसंद नहीं थे?

रामानंद सागर की ‘रामायण’ टीवी की दुनिया के सबसे पॉपुलर शोज में से एक है। इस शो का हर एक किरदार लोगों के दिल में बसा हुआ है। आज हम आपको रामायण के किरदार लक्ष्मण से जुड़ा एक किस्सा बता रहे हैं। रामायण में लक्ष्मण का किरदार सुनील लहरी ने निभाया था। पर क्या आप जानते हैं कि सुनील लहरी, लक्ष्मण के लिए पहली पसंद नहीं थे?
पहले रामायण नहीं करना चाहते थे सुनील लहरी
रामायण में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले सुनील लहरी ने एक इंटरव्यू में बताया था कि पहले वो रामायण करना नहीं चाहते थे। उन्होंने प्रेम सागर के कहने पर रामायण करने के लिए हां कहा था। उन्होंने इस बातचीत में बताया था कि वो लक्ष्मण का किरदार करना चाहते थे, लेकिन उन्हें वो रोल नहीं मिला था।
सिर्फ लक्ष्मण का ही रोल करना चाहते थे सुनील लहरी
सुनील लहरी ने बताया था कि प्रेम सागर ने उनसे कहा था कि रामानंद सागर फिल्में भी बनाते हैं। तो वो ऑडिशन दे दें, हो सकता है कि उन्हें रामानंद सागर फिल्म करने का मौका भी दे दें। उन्होंने साफ किया था कि वो लक्ष्मण का रोल ही करना चाहते हैं, न वो राम का रोल चाहते थे, न भरत का और न शत्रुघ्न का।
क्यों लक्ष्मण का ही रोल चाहते थे सुनील लहरी?
सुनील लहरी ने इस इंटरव्यू में ये भी बताया था कि वो क्यों लक्ष्मण का रोल ही क्यों करना चाहते थे? उन्होंने बताया था कि स्कूल में उन्होंने जो भी लक्ष्मण के किरदार के बारे में पढ़ा था उन्हें लगता था कि लक्ष्मण का नेचर उनके असल नेचर से काफी मिलता-जुलता है।
लक्ष्मण की जगह मिला इस किरदार का रोल
सुनील लहरी ने कहा कि जब उन्हें लक्ष्मण का रोल नहीं मिला, तो उन्हें लगा कि वो रामायण में काम नहीं करेंगे। लेकिन प्रेम सागर ने उनसे कहा कि वो शत्रुघ्न का रोल कर लें, कम से कम उनके पिता (रामानंद सागर) की नजरों में वो आ जाएंगे। प्रेम सागर के कहने पर उन्होंने शत्रुघ्न के रोल के लिए हां कहा।
शूट हो चुके थे दो-तीन एपिसोड्स
इस बातचीत के दौरान सुनील लहरी ने बताया था कि शत्रुघ्न के रोल में उन्होंने दो-तीन एपिसोड्स शूट भी कर लिए थे। उस वक्त लक्ष्मण के रोल में शशि पुरी नजर आ रहे थे। लेकिन दो-तीन एपिसोड्स के बाद भी ये तय नहीं था कि रामायण कब टेलीकास्ट होगा? टेलीकास्ट होगा भी या नहीं?
सुनील लहरी को रामानंद सागर ने बुलाया था ऑफिस
एक दिन सुनील लहरी अपनी किसी और प्रोजेक्ट की शूटिंग के लिए जा रहे थे। तब उनके सामने से रामानंद सागर की गाड़ी निकली। गाड़ी थोड़ा आगे जाकर रुकी। गाड़ी से रामानंद सागर ने अपना सिर बाहर निकालकर सुनील लहरी को अपने पास बुलाया। सुनील लहरी जब उनके पास पहुंचे, तो रामानंद सागर ने उन्हें गाड़ी में बैठने को कहा। सुनील लहरी ने उन्हें बताया कि उनका शूट चल रहा है, वो अभी उनके साथ नहीं बैठ सकते हैं। इसके बाद रामानंद सागर ने उन्हें ऑफिस बुलाया।
फिर ऐसे सुनील लहरी को मिला लक्ष्मण का रोल
सुनील लहरी ने बताया था कि वो शूटिंग के बाद रामानंद सागर के ऑफिस जाना भूल गए थे। इसके बाद, रामानंद सागर ने अपने ऑफिस से किसी को भेजा और सुनील लहरी को अपने ऑफिस बुलाया। रामानंद सागर ने उनसे कहा कि उन्हें लक्ष्मण का रोल करना था ना, तो वो लक्ष्मण का रोल कर लें। इस पर सुनील लहरी ने उनसे कहा कि वो लक्ष्मण का रोल कैसे कर सकते हैं? लक्ष्मण का रोल शशि पुरी जी कर रहे हैं। रामानंद सागर ने उन्हें बताया कि शशि पुरी ने सीरियल छोड़ दिया है। इसके बाद सुनील लहरी ने रामानंद सागर से दो दिन का समय मांगा।
घर आकर सुनील लहरी ने शशि पुरी को कॉल किया। उन्होंने शशि पुरी को रामानंद सागर और उनकी मुलाकात के बारे में बताया। इसके बाद शशि पुरी ने उन्हें बताया कि उन्होंने सीरियल छोड़ दिया है क्योंकि उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि सीरियल टेलीकास्ट होगा भी या नहीं? सुनील लहरी ने जवाब दिया कि फिर वो भी छोड़ ही रहे हैं, लेकिन तब शशि पुरी ने उन्हें समझाया कि उन्हें वो रोल करना चाहिए। इस तरह रामानंद सागर को उनके लक्ष्मण मिले थे।


