
पंकज धीर के निधन से भावुक हुए एक्टर पुनीत, बोले-अब महसूस हो रहा है मेरा दोस्त नहीं रहा
महाभारत के कर्ण एक्टर पंकज धीर के निधन के बाद दुर्योधन एक्टर पुनीत इस्सर भावुक हो गए हैं। उन्होंने अपने दोस्त को याद करते हुए एक पोस्ट शेयर किया है। इस पोस्ट के साथ करीब 37 साल पुराना महाभारत का डायलॉग भी शेयर किया है।
बी आर चोपड़ा की महाभारत में यादगार कर्ण का किरदार निभाने वाले एक्टर पंकज धीर अब इस दुनिया में नहीं रहे हैं। 68 साल की उम्र में कैंसर के खिलाफ लंबी लड़ाई के बाद 15 अक्टूबर को उनका निधन हो गया। उन्हें घर-घर में क्लासिक टीवी सीरीज महाभारत में कर्ण के किरदार के लिए जाना जाता था। पंकज धीर के जाने से उनके परिवार के साथ साथियों को गहरा सदमा लगा है। महाभारत में दुर्योधन का किरदार निभाने वाले एक्टर पुनीत इस्सर ने अपने भाई जैसे दोस्त को याद किया है।

पुनीत हुए इमोशनल
पुनीत ने इंस्टाग्राम पर महाभारत के सेट से पंकज के साथ अपनी पुरानी तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा कि उनका 40 साल पुराना रिश्ता टूट गया। पुनीत ने लिखा, “यह अब धीरे-धीरे महसूस होने लगा है। मेरा सबसे अच्छा दोस्त, मेरा भाई अब नहीं रहा। यह सिर्फ मेरे लिए नहीं, उनकी फैमिली, फिल्म इंडस्ट्री और उनके फैंस के लिए भी एक बहुत बड़ा सदमा है। हमारे बीच का रिश्ता खास था। हम एक ऐसी इंडस्ट्री में काम करते हैं, जहां दोस्ती प्रोजेक्ट तक ही सीमित रहती है, लेकिन पंकज और मेरा रिश्ता हमेशा मजबूत और सच्चा रहा।”
दोस्त की तारीफ
उन्होंने आगे कहा कि पंकज की परिवारिक मूल्य, काम के प्रति ईमानदारी और जीवन के प्रति उनका नजरिया उनके जैसा था।पुनीत ने लिखा, “हमने जो जर्नी साथ में की, वह सच में रियल मैन जैसी थी। सीधे, ईमानदार और किसी से डरने वाले नहीं। उनका जीवन हमेशा याद रहेगा। उनकी पत्नी नीता, बेटे निकितिन, बेटी नितिका और उनके परिवार के जरिए उनकी विरासत जिंदा रहेगी।”
महाभारत का डायलॉग
पुनीत ने आखिर में महाभारत के कर्ण के किरदार के साथ जुड़े एक बेहद इमोशनल डायलॉग का जिक्र किया। एक्टर ने लिखा, “मेरे मित्र… मेरे भाई… मेरे जीवन आधार… तेरे प्रेम, तेरी निष्ठा को वंदन मेरा बारम्बार… हे कर्ण… तेरा यश चमकेगा जग में… करोड़ों सूर्य समान… तुम नक्षत्र मित्रता के बाण बनकर, चराचर ब्रह्मांड में चमकोगे…” पंकज और पुनीत की दोस्ती महाभारत के सेट पर हुई थी और दोनों 40 सालों से अपनी दोस्ती निभा रहे थे।

लेखक के बारे में
Usha Shrivasलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




