ओरी इसलिए बने थे KKK 15 का हिस्सा, लोगों ने की रोहित शेट्टी से अपील- इसे गोलमाल 5 में ले लो प्लीज!
Khatron Ke Khiladi 15: रियलिटी टीवी शो खतरों के खिलाड़ी में ओरी का आना बहुत से लोगों को जमा नहीं था, लेकिन अब उनकी इस पोस्ट के बाद लोग उनकी तारीफें करते नहीं थक रहे हैं।

रियलिटी टीवी शो 'खतरों के खिलाड़ी' का यह सीजन काफी दमदार जा रहा है। शुरुआत से ही KKK15 किसी न किसी वजह से सुर्खियों में बना हुआ है। शो का हिस्सा रहे सेलेब्रिटी ओरहान अवत्रामणि उर्फ 'ओरी' ने ऑडियंस को खूब एंटरटेन किया, लेकिन हाल ही में उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट करके बताया कि इंजरी के बाद उन्हें शो से बाहर होना पड़ा था। अब एक और पोस्ट करते हुए ओरी ने उनके इस शो का हिस्सा बनने की वजह बताई है और साथ ही साथ यह भी बताया है कि 'खतरों के खिलाड़ी' में पार्टिसिपेट करने से पहले उन्होंने अपने माता-पिता को नहीं बताया था।
घर पर बिना बताए आए थे ओरी
ओरी ने एक वीडियो में अपनी 'खतरों के खिलाड़ी' की झलकियां साझा करते हुए रोहित शेट्टी के नाम पोस्ट लिखी है। ओरी ने लिखा, “डियर रोहित जी, मैं इस शो में बिलकुल अकेला आया था। मैंने अपने माता-पिता को भी नहीं बताया था कि मैं यह शो कर रहा हूं। कोई रोज का अपडेट नहीं, कोई फोन कॉल्स नहीं जिन पर उन्हें रोजाना के स्टंट्स के बारे में बताऊं, घर पर किसी को इसके बारे में कोई अपडेट नहीं देना, सिर्फ मैं। पूरी तरह अकेला, खामोशी से हर स्टंट को अच्छी तरह करते हुए।”
आखिर ओरी ने ऐसा क्यों किया?
अब सवाल यह उठता है कि आखिर ओरी ने ऐसा किया क्यों? वह क्यों घर पर बिना बताए इस शो में आए और आखिर क्यों उन्होंने किसी को अपडेट देना जरूरी नहीं समझा। ओरी ने अपनी पोस्ट में बताया- मैं जानना चाहता था कि जब ऑडियंस नहीं होती, कोई एडवाइस नहीं होती, और किसी का कंधा नहीं होता है, तब मैं क्या होता हूं। ओरी ने लिखा कि तब तो 5 एपिसोड निकाल लेना ही बहुत बड़ी बात लग रही थी। लेकिन फिर 7वें और 10वें एपिसोड तक टिक गया और अब मैं अपने पीछे आधा सीजन छोड़ आया हूं।
कमेंट सेक्शन में क्या बोली ऑडियंस
ओरी ने लिखा, "बुनियादी रूप से देखा जाए तो मैं हर स्टंट हारा हूं, लेकिन मैंने बहुत गरिमा के साथ उस हार को स्वीकार किया और खूबसूरती से परफॉर्म किया। कभी जीता नहीं, लेकिन कभी हारा भी नहीं। इस बात के लिए मुझे खुद पर फक्र है।" कमेंट सेक्शन में लोग ओरी की तारीफों के पुल बांध रहे हैं। किसी ने उन्हें रोहित शेट्टी से गोलमाल-5 में लेने की अपील की है, तो किसी ने उन्हें इंडिया का पीटर पार्कर बता दिया। बहुत से लोगों ने कमेंट किया है कि उन्हें ओरी पर फक्र है। एक यूजर ने लिखा- काश तुम शो जीत जाते। एक शख्स ने लिखा- अब तुमने लिखा तो मैंने गौर किया, वरना मैंने कभी इस बात पर ध्यान नहीं दिया कि तुम हारे हो।


