
BB19: सलमान ने चलाया तान्या का यह वीडियो, जानिए क्या-क्या दिखाया, हक्के-बक्के रह गए घरवाले
Bigg Boss 19: इस हफ्ते का वीकेंड का वार काफी धमाकेदार जा रहा है। सलमान खान ने शनिवार को तान्या समेत कई खिलाड़ियों को जमकर लताड़ा।
बिग बॉस 19 का शनिवार का एपिसोड काफी धमाकेदार रहा। सलमान खान ने तान्या मित्तल और फरहाना भट की जमकर क्लास लगाई। खबर थी कि सलमान खान तान्या मित्तल का कोई वीडियो दिखाएंगे। लेकिन उस वीडियो में क्या कुछ दिखाया गया, यह हम आपको बताते हैं। शनिवार के एपिसोड में सलमान खान ने घरवालों को खाने के लिए पॉपकॉर्न दिए और उसके बाद तान्या मित्तल की वो क्लिप चलाई गईं, जो घरवालों और पब्लिक के सामने उनका वो चेहरा दिखाती हैं जिससे शायद वो खुद भी अभी तक वाकिफ नहीं थीं।

तान्या के वीडियो में क्या दिखा?
सलमान खान ने इस क्लिप में दिखाया कि कैसे तान्या मित्तल पूरे वक्त कोई निगेटिव काम करती हैं, लेकिन फिर बाद में उसे भूलकर अपनी सहूलियत के मुताबिक बहुत भली और महान बन जाती हैं। इस वीडियो में तान्या का अशनूर कौर और मालती चाहर को बॉडी शेम करना, नीलम की पीछे बुराई करना और फिर आमने-सामने भली बन जाना दिखाया। इतना ही नहीं वीडियो में दिखाया गया कि कैसे तान्या मित्तल अमाल मलिक को लेकर कई गलतफहमियों का शिकार हैं और जब उन्हें कुछ भी बोलने का मौका नहीं मिलता तो वह कैमरा पर वो चीजें बोलती हैं।
हक्के बक्के रह गए घरवाले
वीडियो में दिखाया गया कि कैसे जब भी तान्या मित्तल ने कोई गलती की, तब नीलम ने कभी भी उन्हें रोकने की कोशिश नहीं की। वीडियो में जो कुछ भी दिखाया गया, उसे देखकर सिर्फ अशनूर-अभिषेक या अमाल ही नहीं, बल्कि बाकी घरवाले भी हक्के-बक्के रह गए। क्योंकि बहुत से लोगों को इस बात का अंदाजा ही नहीं था कि घर में जो कुछ भी होता है, उसके पीछे कहीं न कहीं तान्या मित्तल होती हैं।
तान्या मित्तल का रिएक्शन
वीडियो देखने के दौरान और उसके बाद भी तान्या मित्तल पर खास फर्क देखने को नहीं मिला। सलमान खान के सामने तो तान्या मित्तल सीरियस और डरी हुई होने का दिखावा कर रही थीं, लेकिन बाद में सलमान की बातों पर भी उन्होंने हंसना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, सलमान खान के जाने के बाद तान्या मित्तल अपनी दोस्त फरहाना भट के साथ आराम से पॉपकॉर्न खाती दिखाई पड़ीं। तान्या मित्तल को जब इस बात के लिए टोका गया कि वो इतने के बाद भी मुस्कुरा रही हैं, तो भी उन पर खास फर्क नहीं पड़ा।

लेखक के बारे में
Puneet Parasharलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




