वह मिस वर्ल्ड जिसकी जिंदगी रही उथल-पुथल भरी, फ्लॉप करियर, झेला घरेलू हिंसा का दर्द
मिस वर्ल्ड रह चुकीं युक्ता मुखी अब ग्लैमर की दुनिया से दूर हैं। उन्होंने कुछ फिल्में कीं लेकिन सफल नहींं हो पाईं। जल्द ही उन्होंने शादी कर ली और फिर उनकी जिंदगी और मुश्किलों भरी हो गई।
ग्लैमर की दुनिया से जुड़े लोगों के बारे में कई बार ऐसे खुलासे होते हैं कि हर कोई चौंक जाता है। ऐसा ही कुछ हुआ था पूर्व मिस वर्ल्ड युक्ता मुखी के साथ। उन्होंने 1999 में मिस वर्ल्ड का ताज जीता। यह ताज जीतने वालीं वह चौथी भारतीय थीं। उन्होंने काफी समय तक मॉडलिंग की। मिस वर्ल्ड बनने के बाद उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा। देखा जाए तो सबकुछ बहुत आइडियल तरीके से चल रहा था लेकिन आगे चलकर युक्ता के साथ सबकुछ अच्छा नहीं रहा।। आज वह गुमनामी की जिंदगी जी रही हैं। 7 अक्टूबर को उनका जन्मदिन है तो इस मौके पर उनकी जिंदगी से जुड़ी कुछ खास बातें जानते हैं।
मुंबई में की पढ़ाई
युक्ता मुखी सिंधी परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनका जन्म बंगलुरू में हुआ लेकिन उनकी परवरिश दुबई में हुई। 1986 में उनका परिवार मुंबई लौट आया। युक्ता की मां मंबई के पॉश एरिया में सलून चलाती थीं। युक्ता पढ़ने में बहुत अच्छी थीं। उन्होंने मुंबई से जीव विज्ञान में स्कूनिंग की और फिर कम्प्यूटर साइंस में डिप्लोमा लिया। उन्होंने 3 साल हिंदुस्तानी क्लासिकल म्यूजिक की भी पढ़ाई की। 1999 में युक्ता फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता में सेलेक्ट हो गईं।
फिल्मों से बना ली दूरी
2001 में युक्ता ने तमिल फिल्म Poovellam Un Vasam से फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा। बॉलीवुड में उन्होंने आफताब शिवदासानी के साथ फिल्म प्यासा (2002) से डेब्यू किया। यह फिल्म बुरी तरह पिट गई। इसके बाद उन्होंने कुछ फिल्में कीं लेकिन वो सभी एक के बाद एक फ्लॉप हो गईं। इनमें कठपुतली, लव इन जापान और मेमसाहब हैं। युक्ता 2019 में आई गुड न्यूज के एक सीन में दिखाई दी थीं।
पति पर घरेलू हिंसा का आरोप
फ्लॉप करियर के अलावा निजी जिंदगी में युक्ता को बहुत उतार चढ़ाव देखने पड़े। युक्ता ने साल 2008 में न्यूयॉर्क बेस्ड बिजनेसमैन प्रिंस टुली के साथ शादी की। उनका एक बेटा है। शादी के कुछ समय बाद ही युक्ता ने पति और ससुरालवालों पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया। उन्होंने पुलिस में प्रताड़ित करने और अनैचुरल सेक्स का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया। युक्ता का कहना था कि उनके ससुरालवालों की नजर उनके पैसे पर थी। साल 2014 में उन्होंने तलाक ले लिया। फिलहाल तो युक्ता सोशल मीडिया पर नहीं हैं और स्क्रीन से भी दूर हैं।