विक्रम गोखले का पहला प्यार था थिएटर, कहा था- इसके बिना मेरे करियर का कोई मतलब नहीं
बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर विक्रम गोखले आज इस दुनिया को छोड़कर चले गए हैं। एक्टर के जाने से आज इंडस्ट्री को बड़ा झटका लगा है। बता दें कि विक्रम फिल्मों के अलावा शानदार थिएटर आर्टिस्ट भी थे।

इस खबर को सुनें
विक्रम गोखले बॉलीवुड और थिएटर के दिग्गज और पॉपुलर एक्टर थे। आज वह इस दुनिया से चले गए हैं। लेकिन उनकी शानदार परफॉर्मेंस दर्शकों के दिल में बसी है। बता दें कि विक्रम में अपने करियर में जितनी हिट फिल्मों में काम किया है, उतने ही शानदार थिएटर में प्ले किए हैं। वह मराठी थिएटर और फिल्म एक्टर चंद्रकांत गोखले के बेटे थे। विक्रम के परिवार का वैसे एक्टिंग से काफी पुराना नाता है। उनकी परदादी दुर्गाबाई कामत इंडियन स्क्रीन की पहली फीमेल एक्ट्रेस थीं। वहीं उनकी दादी कमला बाई गोखले इंडियन सिनेमा की पहली चाइल्ड एक्टर थीं।
विक्रम का प्यार था थिएटर
वहीं उनके पिता चंद्रकांत गोखले दिग्गज मराठी फिल्म और स्टेज आर्टिस्ट थे। उन्होंने अपने करियर में 70 मराठी और हिंदी फिल्मों में काम किया है। विक्रम ने वैसे फिल्मों, टीवी शोज के अलवा खूब थिएटर में काम किया है। थिएटर तो उनकी जान थी। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था, 'मैं थिएटर और सिनेमा के मैजिक मैं बड़ा हुआ हूं। बिना मराठी थिएटर मेरी जर्नी बतौर एक्टर कुछ भी मतलब नहीं है।' बता दें कि विक्रम का लास्ट प्ले सच कहूं तो जी थिएटर में स्ट्रीम हुआ था। उस समय वह काफी एक्साइटेड थे।
मराठी थिएटर से करियर की शुरुआत
विक्रम का पहला मराठी प्ले था 'कथा'। इसी प्ले से विक्रम ने एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा। इसके बाद उन्होंने जवाई माझा भला, खरा सांग्याचा तार में भी काम किया। फिर उन्होंने बॉलीवुड में एंट्री मारी। उन्होंने 26 की उम्र में अमिताभ बच्चन की फिल्म परवाना से हिंदी फिल्मों में डेब्यू किया था। 40 साल के करियर में उन्होंने कई हिट हिंदी फिल्मों में काम किया जिसमें अग्निपथ, हम दिल दे चुके सनम, भूल भुलैया, नतसम्राट, हिचकी और मिशन मंगल शामिल हैं। लास्ट विक्रम इसी साल रिलीज हुई फिल्म निकम्मा में नजर आए थे जिसमें शिल्पा शेट्टी लीड रोल में थीं। बता दें कि साल 2020 में विक्रम को मराठी फिल्म अनुमति के लिए नेशनल अवॉर्ड मिला था।
निधन की आई थी अफवाह
बता दें कि विक्रम काफी दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। वहीं इसी हफ्ते खबर आई थी कि विक्रम का निधन हो गया। इस खबर के वायरल होने के बाद कई सेलेब्स ने उन्हें सोशल मीडिया के जरिए श्रद्धांजलि दी जिसमें अजय देवगन, रितेश देशमुख, जावेद जाफरी शामिल थे। हालांकि बाद में एक्टर के परिवार वालों ने इस खबर को गलत बताया। उनकी पत्नी का स्टेटमेंट आया था कि एक्टर जिंदा हैं और वेंटिलेटर पर हैं। इसके बाद सभी एक्टर के जल्द से ठीक होने की दुआ कर रहे थे, लेकिन आज विक्रम हम सभी को छोड़कर चले गए।