सुशांत सिंह राजपूत केस में पुलिस की पूछताछ के बाद दिल्ली रवाना हुईं एक्ट्रेस संजना, लिखा- शायद वापस नहीं लौटूं
सुशांत सिंह राजपूत मामले में मुंबई पुलिस की छानबीन जारी है। 30 जून को एक्ट्रेस संजना सांघी का बयान मुंबई पुलिस ने दर्ज किया। मुंबई पुलिस को बयान देने के बाद आज यानी कि बुधवार को संजना मुंबई से दिल्ली...
सुशांत सिंह राजपूत मामले में मुंबई पुलिस की छानबीन जारी है। 30 जून को एक्ट्रेस संजना सांघी का बयान मुंबई पुलिस ने दर्ज किया। मुंबई पुलिस को बयान देने के बाद आज यानी कि बुधवार को संजना मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना हो गई हैं। संजना ने जाते हुए अपनी एक फोटो शेयर कर ऐसा मैसेज लिखा है जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
संजना ने मास्क पहने हुए अपनी फोटो शेयर की है और लिखा, 'खुदा हाफिज, मैं चली दिल्ली वापस। मुंबई की सड़क कुछ अलग सी लगीं। सुनसान थीं, शायद मेरे दिल में जो दुख है, मेरे नजरिए को बदल रहे हैं या शायद आप भी थोड़े दुख में हैं। मिलते हैं जल्दी या शायद नहीं'।
संजना ने मुंबई पुलिस को बताई सुशांत को लेकर यह बात
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, संजना सांघी ने बताया कि उनकी सुशांत से पहली मुलाकात फिल्म दिल बेचारा के सेट पर ही हुई थी। इस फिल्म के लिए कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने मुझे चुना था। सेट पर पहुंचने के बाद पता चला कि मैं फिल्म में सुशांत सिंह राजपूत के अपोजिट हूं। मीटू मामले में संजना ने कहा कि उन्होंने सुशांत सिंह राजपूत पर कोई आरोप नही लगाया था और न ही ऐसी कोई घटना हुई थी।
संजना ने कहा कि साल 2018 में किसी ने अफवाह उड़ा दी थी कि सुशांत ने मुझे शूटिंग के दौरान गलत तरीके से छुआ था। उस वक्त मैं अमेरिका में थी और मुझे इस बात की कोई जानकारी नहीं थी। अमेरिका से वापस आने के बाद मुझे यह जानकारी मिली, जिसके बाद मैंने सोशल मीडिया पर बताया था कि यह झूठी कहानी है, ऐसा कुछ नहीं हुआ था। इस दौरान सुशांत जरूर काफी परेशान हुए थे। उन्हें बदनाम करने की साजिश की गई थी। 'दिल बेचारा' की शूटिंग के दौरान मीटू के जरिए आरोप के बाद सुशांत को संभलने में थोड़ा वक्त लगा था।