Randhir Kapoor Birthday: शादी के बाद भी लंबे वक्त तक एक दूसरे से दूर रहे रणधीर और बबीता, माता- पिता के रिश्ते पर करीना ने कही थी ये बात
बॉलीवुड के सुपरहिट अभिनेता राज कपूर और कृष्णा कपूर के बेटे रणधीर कपूर का आज जन्मदिन है। 15 फरवरी को जन्में रणधीर आज अपना 74वां जन्मदिन मना रहे हैं। रणधीर कपूर ने न सिर्फ बतौर अभिनेता दर्शकों का दिल...
बॉलीवुड के सुपरहिट अभिनेता राज कपूर और कृष्णा कपूर के बेटे रणधीर कपूर का आज जन्मदिन है। 15 फरवरी को जन्में रणधीर आज अपना 74वां जन्मदिन मना रहे हैं। रणधीर कपूर ने न सिर्फ बतौर अभिनेता दर्शकों का दिल जीता, बल्कि बतौर निर्देशक और प्रोड्यूसर भी काम किया। ऑनस्क्रीन बबीता के साथ रोमांस करने वाले रणधीर हकीकत में भी उनको दिल दे बैठे। 1971 में रणधीर और बबीता ने शादी की लेकिन 1988 में अलग- अलग रहने लगे, हालांकि दोनों ने कभी भी तलाक नहीं लिया। इस बारे में रणधीर ने हिन्दुस्तान टाइम्स के साथ खास बातचीत की थी।
शादी के बारे में बात करते हुए 2017 में रणधीर ने कहा था, 'बबीता मेरे जीवन का एक अहम हिस्सा हैं। हमारे दो बेहद प्यार बच्चे हैं। हम दोनों समझदार थे और अपनी समझ से ही अलग रहने का फैसला किया था। लेकिन हम दुश्मन नहीं थे।' रणधीर कपूर ने आगे कहा था, 'उनके (बबीता) मुताबिक मैं एक ऐसा शख्स था, जो काफी शराब पीता था, और देर रात घर वापस आता था, जो उन्हें पसंद नहीं था। वहीं जैसे वो चाहती थीं, वैसे मैं नहीं जी सकता था और जैसा मैं था, वैसा उनको पसंद नहीं था। हालांकि ये लव मैरिज थी, लेकिन ऐसा होना कोई बड़ी बात नहीं।'
रणधीर ने आगे कहा था, 'दो प्यार बच्चों की हमें देखभाल करनी थी, वो दोनों को उनके अच्छे करियर और परवरिश के लिए साथ ले गईं। वहीं बतौर पिता मैं भी तो यही चाहता था।' तलाक की बात पर रणधीर ने कहा था, 'तलाक लेकिन क्यों? हम तलाक क्यों लेते जब हमें दूसरी शादी नहीं करनी थी। न ही मुझे दूसरी शादी करनी थी और न ही उनको(बबीता)।'
याद दिला दें कि बीते साल करीना कपूर खान ने भी एक इंटरव्यू में अपने माता-पिता (रणधीर- बबीता) के बारे में बात करते हुए कहा था, 'मेरे माता पिता के बीच बहुत ही खूबसूरत रिश्ता है। कई बार दो लोग एक दूसरे के साथ वैसे नहीं रह पाते हैं, जैसा उन्होंने सोचा होता है, तो अलग रहने में कुछ भी गलत नहीं है। लेकिन इसका मतलब ये तो नहीं कि उनके बीच की दोस्ती और प्यार खत्म हो जाता है। मैं और करिश्मा इस बात को बचपन में ही समझ गए थे कि जिस तरह का उन दोनों (रणधीर- बबीता) का रिश्ता है, वैसे भी दोनों खुश रह सकते हैं। वो दोनों दूर होकर भी हमेशा साथ रहे, बस फर्क इतना रहा कि दोनों ने अपनी हर दिन की जिंदगी को एक दूसरे पर नहीं थोपा था, लेकिन एक दूसरे का साथ भी नहीं छोड़ा।'
गौरतलब है कि बीता कुछ वक्त कपूर परिवार के लिए अच्छा नहीं रहा है। पिछले साल रणधीर कपूर की बहन ऋतु नंदा का निधन हो गया था। वहीं इसके बाद ऋषि कपूर और राजीव कपूर ने भी इस दुनिया को अलविदा कह दिया। हाल ही में एक इंटरव्यू में राजीव के निधन के बाद रणधीर ने कहा था कि मैं अब अकेला रह गया हूं।