प्रियंका और निक ने सात फेरे लेकर पूरी की हिन्दू विवाह की रस्में
अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा और अमेरिकी गायक निक जोनस ने रविवार को यहां के उमैद पैलेस में फेरे लेकर हिन्दू रीति-रिवाज से विवाह किया। इसके पहले इन्होंने पारिवारिक सदस्यों एवं चुनिंदा विशेष मेहमानों की...
अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा और अमेरिकी गायक निक जोनस ने रविवार को यहां के उमैद पैलेस में फेरे लेकर हिन्दू रीति-रिवाज से विवाह किया। इसके पहले इन्होंने पारिवारिक सदस्यों एवं चुनिंदा विशेष मेहमानों की मौजूदगी में ईसाई रस्मों के अनुसार विवाह किया था।
विवाह के पहले प्रियंका (36) और निक (26) की मेहंदी एवं संगीत कार्यक्रम की खूब चर्चा रही। दोनों ने एक-दूसरे के नाम की मेहंदी रचाई। इसके बाद शुक्रवार शाम से शुरू संगीत कार्यक्रम पूरी रात चलता रहा और जमकर आतिशबाजी की गई। निक और उनकी अमेरिकी टीम ने हॉलीवुड पॉप संगीत के अलावा बॉलीवुड धुनों पर भी प्रस्तुति दी। वहीं, प्रियंका ने घूमर आदि नृत्यों के साथ बॉलीवुड गीतों पर नृत्य करके सब का दिल जीत लिया।
शनिवार को निक और प्रियंका ने परिवार की मौजूदगी में ‘आई डू’ कहकर एक-दूसरे को अपना जीवनसाथी स्वीकार किया था। इस मौके पर उनके परिवार के करीबी सदस्य एवं बॉलीवुड व उद्योग जगत की विशिष्ट हस्तियां शामिल थीं। संगीत एवं विवाह की रस्मों के दौरान निक और प्रियंका बहुत खुश नजर आ रहे थे।
संगीत कार्यक्रम के दौरान दोनों तरफ के परिवारों के बीच नृत्य स्पर्धा आयोजित की गई थी। इस दौरान जमकर ठहाके भी लगे। प्रियंका की चचेरी बहन परिणीति चोपड़ा और निक के भाई जो जोनस एवं उनकी मंगेतर सोफी टर्नर (गेम ऑफ थ्रोन्स की कलाकार) ने विशेष प्रस्तुतियां दीं।
प्रियंका ने सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट में लिखा कि हम सभी इन प्रयासों और एक-दूसरे के प्रेम के प्रति कृतज्ञ हैं, यह लम्हें और शाम हमें जीवनभर याद रहेंगी। हम दोनों के जीवन की यह खूबसूरत शुरुआत है, जिसमें हमारे परिवार और दोस्त भी साथ हैं।
निक ने हाथ में रचवाया, ‘ओम प्रियंकाय नम:’
निक ने मेहंदी की रस्म के दौरान अपनी एक हथेली पर प्रियंका के प्रति प्यार और समर्पण का इजहार करने के लिए मेहंदी से ‘ओम प्रियंकाय नम: ओम’ लिखवाया। रविवार को जारी मेहंदी समारोह की तस्वीरों से यह खुलासा हुआ।
चोट लगने के बाद भी थिरकीं प्रियंका
मेहंदी और संगीत की रस्मों से पहले प्रियंका उमैद भवन स्थित अपने कमरे में फिसलकर गिर गई थीं। उनके पैर में चोट लगने से खून भी बहा था। डॉक्टरों ने मरहम-पट्टी के बाद प्रियंका को दर्द निवारक इंजेक्शन लगाया और ज्यादा चलने-फिरने से बचने की सलाह दी। बावजूद इसके प्रियंका ने न सिर्फ पैरों में मेहंदी लगवाई, बल्कि संगीत में ‘देसी गर्ल’ सहित कई गानों पर जमकर ठुमके भी लगाए।
विदेशी जेठानी का देसी अंदाज
प्रियंका की विदेशी जेठानी हॉलीवुड अभिनेत्री सोफी टर्नर का देसी अंदाज सोशल मीडिया पर चर्चा का सबब रहा। लोगों ने न सिर्फ मेहंदी की रस्म में हरे रंग का लहंगा पहनकर पहुंची सोफी की तस्वीरें साझा कीं, बल्कि उनके रंग-रूप और सादगी की तारीफों के पुल भी बांधे।
आतिशबाजी की आलोचना
उमैद भवन में ईसाई रीति-रिवाज से प्रियंका-निक की शादी के बाद हुई भव्य आतिशबाजी की लोगों ने जमकर आलोचना की। एक ट्विटर यूजर ने लिखा, ‘प्रियंका प्रदूषण-रोधी अभियान का प्रमुख चेहरा रही हैं। वे खुद को अस्थमा रोगी बताते हुए दिवाली पर पटाखों से दूर रहने की अपील कर रही थीं। ऐसे में अपनी शादी के जश्न में इतने भव्य पैमाने पर आतिशबाजी करवाना उन्हें शोभा नहीं देता।’ एक अन्य यूजर ने तंज कसा, ‘दिवाली के बाद प्रियंका चोपड़ा की सेहत इतनी जल्दी सुधर गई? अस्थमा की इतनी कारगर दवा बनाने के लिए दवा कंपनियों का शुक्रिया अदा करना चाहिए।’
बरेली की प्रियंका को मुंह दिखाई में मिला झुमका
बरेली का झुमका दुनियाभर में मशहूर है। इसे इत्तेफाक ही कहेंगे कि बरेली में पली-बढ़ी प्रियंका को मुंह दिखाई के रूप में जो पहला तोहफा मिला, वो एक झुमका था। निक जोनास की मां ने उन्हें फ्रांस में तैयार हीरे के झुमके दिए, जिनकी कीमत 79500 डॉलर (लगभग 55.65 लाख रुपये) बताई जा रही है।
बरेली के लोगों ने मनाया शादी का जश्न
प्रियंका का जन्म भले ही जमशेदपुर में हुआ, लेकिन उन्होंने शुरुआती जीवन का काफी वक्त बरेली में बिताया। वहीं के आर्मी स्कूल से उन्होंने शुरुआती शिक्षा ली। उनकी मां मधु चोपड़ा वहां डॉक्टर रही हैं। जोधपुर में प्रियंका और निक की शादी की खुशी बरेली में भी देखी गई। वहां के लोगों ने प्रियंका के पुराने घर को झिलमिल रोशनी से सजाकर और मिठाइयां बांटकर शादी की खुशियां मनायीं और अपनेपन का इजहार किया। शहर में सैकड़ों क्विंटल मिठाई बांटी जा चुकी है और तमाम जगह प्रियंका-निक के पोस्टर लगे हैं।
सिविल लाइन स्थित एक प्रतिष्ठान ने गरीब बच्चों को मुफ्त चाट खिलायी। इस दुकान पर प्रियंका अक्सर चाट खाती थीं। प्रतिष्ठान के मालिक चमन कुमार ने बताया कि प्रियंका को उनके यहां की चाट बहुत पसंद थी और उनकी शादी की खुशी में वह आज गरीब बच्चों को मुफ्त चाट खिला रहे हैं। आर्मी स्कूल में प्रियंका की शिक्षिका रही माधवी मिश्रा ने नवदंपती को शुभकामनाएं दीं। उधर, बरेली के महापौर उमेश गौतम ने इन्वर्टिस विश्वविद्यालय में प्रियंका की शादी की खुशी में रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किया।