शादी से पहले परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा ने बाबा महाकाल का लिया आशीर्वाद, साथ में की पूजा-अर्चना
परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा उज्जैन के महाकाल मंदिर पहुंचे। दोनों की शादी की रस्में अगले महीने होंगी। इसी के साथ उनकी तैयारियां भी शुरू हो गईं। परिणीति और राघव उदयपुर में सात फेरे लेंगे।

परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा जल्द शादी के बंधन में बंध जाएंगे। कपल ने दिल्ली में सगाई की थी। उनकी शादी की रस्में राजस्थान में होंगी। हाल ही में दोनों उदयपुर गए थे जहां उन्होंने वेडिंग वेन्यू तय किया। शनिवार को परिणीति और राघव मध्य प्रदेश के उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। शादी की तैयारियों के बीच दोनों ने साथ में पूजा अर्चना की।। सोशल मीडिया पर उनकी कई तस्वीरें वायरल हो रही हैं। दोनों मंदिर में प्रार्थना कर रहे हैं। इस मौके पर परिणीति ने गुलाबी रंग की साड़ी पहनी जबकि राघव ने पीली धोती के साथ लाल दुपट्टा कंधे पर लिया हुआ था।
बाबा महाकाल का लिया आशीर्वाद
परिणीति और राघव ने मंदिर के नंदीहाल में बैठकर भगवान शिव की पूजा की। सावन के महीने में मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश मना होता है। मंदिर के पुजारी यश गुरु ने उनकी पूजा सम्पन्न कराई। समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'सावन का महीना चल रह है और कई मशहूर हस्तियां बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेने के लिए यहां आ रही हैं। इसी कड़ी में परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा महाकाल का आशीर्वाद लेने पहुंचे। उन्होंने रुद्र सुक्त और शांति पाठ को सुना।'
उदयपुर में होगी शादी
रिपोर्ट के मुताबिक, परिणीति और राघव उदयपुर के ओबेरॉय उदयविलास में सितंबर में शादी करेंगे। शादी की रस्में ग्रैंड तरीके से निभाई जाएंगी। सितंबर के पहले हफ्ते से तैयारियां शुरू हो जाएंगी। इसके बाद वे गुरुग्राम में रिसेप्शन देंगे।
दिल्ली में हुई थी सगाई
परिणीति और राघव ने 13 मई को नई दिल्ली के कपूरथला हाउस में सगाई की। सगाई में राजनीति से जुड़ी बड़ी हस्तियां शामिल हुई थीं। इनमें दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सहित अन्य मेहमान थे। परिणीति की कजिन प्रियंका चोपड़ा खासकर उनके लिए अमेरिका से दिल्ली आईं थीं।
