'कौन बनेगा करोड़पति-12' के आज यानी गुरुवार के एपिसोड में की शुरुआत कंटेस्टेंट अंकुश शर्मा से हुई। जम्मू-कश्मीर के अंकुश ने बड़ी ही समझदारी और सूझबूझ के साथ 25 लाख रुपए तक के सवालों के सही जवाब दिए। हालांकि 50 लाख रुपए के सवाल का अंकुश को सही जवाब न पता होने पर उन्होंने शो छोड़ने का फैसला लिया। जानिए 50 लाख रुपए के लिए क्या था सवाल-
प्रश्न- विकास स्वरुप की पुस्तक 'क्यू एंड ए' में वर्णित टीवी क्विज शो में राम मोहम्मद थॉमस से पूछा गया आखिरी सवाल किस तथ्य पर आधारित था?
1. बीथोबेन की पियोनी सोनाटा नंबर 29
2. मुमताज महल के पिता
3. थ्री मसकेटीयर्स
4. कोस्टर्ड, एक शेक्सपियर चरित्र
ये है सवाल का सही जवाब- बीथोबेन की पियोनी सोनाटा नंबर 29
शो के दौरान अंकुश ने अपने रिलेशनशिप के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी गर्लफ्रेंड दिव्या से मुलाकात इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। अंकुश ने कहा कि कोरोना के खत्म होते ही या सब नॉर्मल होते ही वह शादी करेंगे। अपनी बीमारी के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि विटामिन डी की कमी के कारण उन्हें जन्म से ही एक बीमारी है। जिसके कारण उनकी लंबाई ज्यादा नहीं बढ़ सकी। उन्होंने कहा कि इस बीमारी के कारण बचपन में उनके कई ऑपरेशन भी हुए।
अंकुश ने अपने माता-पिता को उनके सपोर्ट के लिए शुक्रिया कहा। अंकुश कहते हैं, 'पापा आर्मी में हैं। वह हमेशा से मेरा साहस बढ़ाते थे और पॉजिटिव रहने के लिए कहते थे।' अंकुश के हौसले की अमिताभ बच्चन ने भी तारीफ की। उन्होंने कहा, 'आप जैसे लोगों को देखकर प्रेरणा मिलती है।'