जूनियर NTR के कजिन नंदमुरी तारक रत्ना हार्ट अटैक के बाद बेहोश, आईसीयू में भर्ती
नंदमुरी तारक रत्ना (Nandamuri Taraka Ratna) शुक्रवार को एक रैली में शामिल हुए, जहां वह अचानक हार्ट अटैक के बाद बेहोश हो गए। नंदमुरी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वह आईसीयू में भर्ती हैं।

इस खबर को सुनें
एक्टर और नेता नंदमुरी तारक रत्ना शुक्रवार को एक रैली में शामिल हुए, जहां वह अचानक हार्ट अटैक के बाद बेहोश हो गए। नंदमुरी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वह आईसीयू में भर्ती हैं। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। नंदमुरी ‘आरआरआर’ स्टार जूनियर एनटीआर के कजिन हैं। वह शुक्रवार को आंध्र प्रदेश के चितूर जिले के कुप्पम में राजनीतिक पदयात्रा कर रहे थे तभी वह बेहोश हो गए। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री नारा चंद्र बाबू नायडू के बेटे नारा लोकेश ने रैली शुरू की थी जिसमें नंदमुरी हिस्सा ले रहे थे।
भीड़ में हुए बेहोश
रिपोर्ट के मुताबिक, नंदमुरी तारक रत्ना ने लक्ष्मीपुरम श्री वरदराजा स्वामी मंदिर में पूजा में हिस्सा लिया था जिसके बाद वह एक मस्जिद में गए। बताया जा रहा है कि भीड़ में निकलते वक्त वह बेहोश होकर गिर गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। नंदमुरी को अस्पताल ले जाते वक्त कई वीडियोज सामने आए हैं।
बंगलुरू शिफ्ट करने की सलाह
नंदमुरी के करीबी रिश्तेदार और एक्टर नंदमुरी बालाकृष्णा ने मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘वह अभी स्थिर हैं। डॉक्टर अपनी पूरी कोशिश में हैं कि उन्हें जल्द से जल्द ठीक किया जाए। डॉक्टरों ने परिवार को सलाह दी है कि उनके इलाज के लिए बंगलुरू शिफ्ट कर दें। हम उन्हें बंगलुरू शिफ्ट करने के बारे में सोच रहे हैं। अभी यह तय नहीं हुआ है कि हम उन्हें एयरलिफ्ट करके ले जाएं या सड़क मार्ग से ले जाएं।‘ बालाकृष्ण ने आगे कहा कि उन्हें उम्मीद है कि नंदमुरी ठीक हो जाएंगे। उनके साथ परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों की दुआएं हैं।
मुख्य फिल्में और वेब सीरीज
नंदमुरी ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत 2002 में तेलुगू फिल्म ओकाटो नंबर कुराडु से की थी। उनकी मुख्य फिल्मों में तारक, भद्री रामुदु, मनमनथ और राजा छेई वेस्थे है। वह आखिरी बार वेब सीरीज 9 ऑवर्स में नजर आए थे।