'जवान' के आगे ना 'पठान' टिकी ना 'गदर 2', केवल 18 दिन में कमा लिए 1000 करोड़
'जवान' के 18वें दिन के कलेक्शन के आंकड़े आ गए हैं। शाहरुख खान ने एक और रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। 'जवान' ने सबसे तेजी से 1000 करोड़ कमा लिए हैं और इस मामले में 'पठान' को भी पछाड़ दिया।

एटली निर्देशित और शाहरुख खान स्टारर फिल्म 'जवान' ने अभी तक टिकट खिड़की पर शानदार प्रदर्शन किया। 'जवान' हिंदी के साथ ही तमिल और तेलुगू में भी ब्लॉकबस्टर रही। फिल्म का तीसरा हफ्ता चल रहा है और अब जाकर इसकी रफ्तार कम पड़ी है। इसके बावजूद भी यह ठीक-ठाक संख्या में दर्शकों को जुटा ले रही हैं। कलेक्शन के मामले में 'जवान' ने 'पठान' से लेकर 'गदर 2' तक को पीछे छोड़ दिया। केवल घरेलू बॉक्स ऑफिस पर ही नहीं वर्ल्डवाइड इसके कलेक्शन ने चौंकाया है। 18वें दिन के आधिकारिक आंकड़े आ गए हैं जो कि ऐतिहासिक है।
कितना हुआ वर्ल्डवाइड कलेक्शन
रेड चिलीज एंटरटेनमेंट ने सोशल मीडिया अकाउंट पर 'जवान' के वर्ल्डवाइड कलेक्शन के आंकड़े शेयर किए। फिल्म 1000 करोड़ में शामिल हो गई है और इसका कुल कलेक्शन 1004.92 करोड़ हो गया है। इस तरह एक ही साल में दो 1000 करोड़ की फिल्म देने वाले शाहरुख पहले एक्टर बन गए हैं। इसके साथ ही यह शाहरुख की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर बनने वाली है। कुछ ही दिनों में 'पठान' को पीछे छोड़कर 'जवान' आगे निकल जाएगी। 'पठान' का लाइफटाइम कलेक्शन 1050.30 करोड़ है।
'गदर 2' के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ा
'जवान' हिंदी की बात करें तो 18वें दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का कलेक्शन 505.94 करोड़ पहुंच गया है। सभी भाषाओं में फिल्म की कुल कमाई 560.78 करोड़ है। वहीं हालिया रिलीज 'गदर 2' पर नजर डालें तो 500 करोड़ क्लब में शामिल होने के लिए उसे 24 दिन लगे थे।
'पठान' से पहले कर दिखाया
'पठान' ने 4 हफ्ते में वर्ल्डवाइड 1000 करोड़ की कमाई की थी। 'पठान' 25 जनवरी को रिलीज हुई और 21 फरवरी को 1000 करोड़ कमाने में सफल हो पाई। इसकी तुलना में 'जवान' को केवल 18 दिन ही लगे हैं। 7 सितंबर को सिनेमाघरों में आई 'जवान' को हिंदी, तमिल और तेलुगू में रिलीज किया गया। शाहरुख के अलावा फिल्म में नयनतारा, विजय सेतुपति, प्रियामणि, सान्या मल्होत्रा, रिद्धि डोगरा, लहर खान, गिरिजा ओक और संजीता भट्टाचार्य हैं। फिल्म में संजय दत्त और दीपिका पादुकोण ने कैमियो किया।
