'जवान' के डब वर्जन के कलेक्शन ने चौंकाया, साउथ में पहले नहीं दिखा किसी हिंदी फिल्म का इतना क्रेज
शाहरुख खान की 'जवान' दुनियाभर में धुआंधार कमाई कर रही है लेकिन सबसे ज्यादा साउथ ने हैरान किया है। फिल्म साउथ बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड मेकर बनकर साबित हुई और इसने हाफ सेंचुरी लगा दी है।

'जवान' फिल्म के कास्ट और क्रू में बॉलीवुड से लेकर साउथ इंडस्ट्री के सभी लोगों ने काम किया। डायरेक्टर एटली, एक्ट्रेस नयनतारा और प्रियामणि साउथ फिल्म इंडस्ट्री से हैं। उनके अलावा बहुत से टेक्निशियंस भी जुड़े थे। जब 'जवान' की प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई थी तो शाहरुख खान ने कहा था कि साउथ के बहुत से लोग पिछले 4 सालों से मुंबई में ही रहे। फिल्म के लिए उन्होंने दिन-रात काम किया। अब फिल्म को साउथ से भी उतना ही जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म हिंदी बेल्ट और वर्ल्डवाइड में तो धूम मचा ही रही है। 'जवान' ने साउथ इंडियन बॉक्स ऑफिस पर नया बेंचमार्क सेट कर दिया है जो इससे पहले कोई हिंदी फिल्म नहीं कर पाई।
देशभर में मिल रहा फिल्म को प्यार
'जवान' को हिंदी के साथ तमिल और तेलुगू में भी रिलीज किया गया था। साउथ बॉक्स ऑफिस पर भी यह शानदार बिजनेस कर रही है। ऐसा केवल शाहरुख खान ही कर सकते थे कि देशभर में उनके चाहने वाले सिनेमाघरों की तरफ इस तरह चले आएं। हर दिन के साथ फिल्म नए-नए रिकॉर्ड बना रही है। 'जवान' दूसरे हफ्ते में चल रही है और 11वें दिन के आधिकारिक आंकड़े आ गए हैं।
हिंदी वर्जन का कुल कलेक्शन
ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने बताया कि 'जवान' हिंदी ने दूसरे वीकेंड पर 82.46 करोड़ का कलेक्शन किया जबकि 'पठान' ने 63.50 करोड़ कमाए थे। ना केवल यह रिकॉर्ड ब्रेकर है बल्कि रिकॉर्ड मेकर है। दूसरे हफ्ते शुक्रवार को फिल्म ने 18.10 करोड़, शनिवार को 30.10 करोड़ और रविवार को 34.26 करोड़ का कलेक्शन किया। इस तरह 11 दिन में फिल्म का कुल कलेक्शन 430.44 करोड़ हो गया है।
हाफ सेंचुरी लगाने वाली पहली हिंदी फिल्म
'जवान' तमिल और तेलुगू ने भी अलग ही रिकॉर्ड बना दिया। दूसरे शुक्रवार को फिल्म ने 1 करोड़, शनिवार को 2.20 करोड़ और रविवार को 3 करोड़ की कमाई की। इस तरह इसका कुल बिजनेस 49.55 करोड़ हो गया है। डब वर्जन में हाफ सेंचुरी लगाने वाली यह पहली हिंदी फिल्म है। यह नया बेंचमार्क भी है।
