गहना वशिष्ठ ने फैजान अंसारी के साथ किया निकाह! राज कुंद्रा केस में आया था नाम
गंदी बात फेम एक्ट्रेस गहना वशिष्ठ ने सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर फैजान अंसारी के साथ शादी कर ली है। शादी की रस्में बेहद निजी तरीके से हुईं। सोशल मीडिया पर दोनों की फोटोज वायरल हो रही हैं।

'गंदी बात' फेम एक्ट्रेस गहना वशिष्ठ ने शादी कर ली है। गहना ने फैजान अंसारी को अपना जीवन साथी चुना है। उनकी निकाह सेरेमनी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं। कथित तौर पर उन्होंने फैजान अंसारी से शादी करने के लिए हिंदू धर्म से इस्लाम धर्म अपना लिया है। उनकी शादी की रस्में मुस्लिम तरीके से हुईं। तस्वीरें वायरल होने के बाद गहना एक वर्ग के निशाने पर भी आ गई हैं। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने आरोप लगाया कि यह 'लव जिहाद' का मामला है। अभी तक गहना और फैजान की ओर से शादी को लेकर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है।
शादी की फोटोज वायरल
शादी में गहना ने लाल रंग का लहंगा पहना है जबकि फैजान ब्लैक पठानी में हैं। शादी में चुनिंदा लोग ही पहुंचे थे। गहना और फैजान काफी समय से एक दूसरे को जानते थे। उनकी शादी की खबर ने सभी को हैरान कर दिया। फैजान सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और एक्टर हैं। उन्हें हाल ही में अमेजन मिनी टीवी के रियलिटी शो 'डेटबाजी' में देखा गया। फिलहाल गहना और फैजान के ऐलान का इंतजार है।
राज कुंद्रा केस के वक्त आई थीं चर्चा में
गहना वशिष्ठ मॉडल-एक्ट्रेस हैं। वह पिछले साल उस वक्त चर्चा में आई थीं जब पोर्नोग्राफी केस में मुंबई क्राइम ब्रांच ने उनको गिरफ्तार कर लिया था। गहना पर शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा के साथ मिलकर काम करने का आरोप लगा। इस केस में उन्हें भी आरोपी बनाया गया। राज कुंद्रा की गिरफ्तारी के बाद गहना लगातार उनका बचाव करती दिखीं। उन्होंने कहा था कि राज कुंद्रा की गिरफ्तारी गलत है। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, गहना ने राज कुंद्रा के एप द्वारा प्रोड्यूस की गई 3 फिल्मों में काम किया था। गहना का कहना था कि फिल्म में एरॉटिक कंटेट था ना कि वह पोर्नोग्राफी फिल्म थी।
पहले भी हुआ विवाद
गहना उस वक्त विवादों में आई जब मैरीकॉम के ओलंपिक मेडल जीतने पर उन्होंने तिरंगा लपेटकर न्यूड फोटोशूट कराया था। वर्कफ्रंट की बात करें तो वह स्टार प्लस के शो 'बहनें' में लीडर रोल कर चुकी हैं। उन्हें ऑल्ट बालाजी की एडल्ट सीरीज 'गंदी बात' से जाना जाता है। गहना ने साउथ की कई फिल्मों में काम किया है।