नकाब में खाती महिला की ट्रोलिंग पर जायरा वसीम का कड़ा रिऐक्शन, बोलीं- ऐसे खाना मेरी चॉइस
जायरा वसीम 2019 में फिल्म इंडस्ट्री को अलविदा कह चुकी हैं। वह बता चुकी हैं कि उन्होंने यह फैसला इस्लाम की राह पर चलने के लिए लिया है। अब उनका एक ट्वीट चर्चा में है जिसे नकाब को अपनी चॉइस बताया है।

दंगल फेम जायरा वसीम शो बिज को काफी समय पहले अलविदा कह चुकी हैं। अब उनका एक ट्वीट चर्चा में है। उन्होंने एक ट्विटर पोस्ट पर रिऐक्ट किया है। शेयर करने वाले ने नकाब पहने हुए खाना खाती एक महिला की तस्वीर अपलोड की थी। साथ में लिखा था कि क्या यह किसी इंसान की चॉइस हो सकती है? जायरा वसीम ने थोड़ा अग्रेसिव मोड में इसका जवा दिया है। उन्होंने लिखा है कि वह ऐसा करती हैं और हाल ही में किया था।
महिला की तस्वीर पर सवाल
जायरा वसीम काफी पहले फिल्म इंडस्ट्री छोड़ चुकी हैं। वह सोशल मीडिया पर भी बहुत कम एक्टिव रहती हैं। अब उनके रीसेंट पोस्ट ने लोगों का ध्यान खींचा है। ट्विटर यूजर ने नकाब पहने एक महिला की तस्वीर शेयर की। महिला नकाब हटाकर खाना खाने की कोशिश करती दिख रही है। इस पर सोशल मीडिया यूजर ने लिखा है, क्या यह किसी इंसान की चॉइस हो सकती है?
जायरा बोलीं- मेरी चॉइस है
जायरा ने इस पोस्ट को रीट्वीट करते हुए लिखा है, हाल ही में एक शादी अटेंड की थी। बिल्कुल ऐसे ही खाया था। पूरी तरह से मेरी चॉइस है। जबकि मेरे आसपास हर कोई यह कहता रहा कि मैं नकाब हटा लूं। मैंने नहीं हटाया। हम ये तुम्हारे लिए नहीं करते। इसे सहन करो।
क्या है नकाब
जायरा के पोस्ट पर कई तरह के कमेंट्स हैं। कई लोगों ने उनकी तारीफ की है। वहीं कई नेगेटिव भी बोल रहे हैं। एक यूजर ने लिखा है कि यह किसी की भी चॉइस हो सकती है। लेकिन अल्लाह ऐसा करने को नहीं कहते। एक यूजर ने नकाब के बारे में भी पूछा है कि हिजाब और नकाब तो सुना था ये निकाब क्या है? बताते चलें कि निकाब महिलाओं को सिर से लेकर पांव तक ढंकता है इसमें बस आंखें खुली रहती हैं। कुछ लोग इसे नकाब भी कहते हैं।