महेश भट्ट ने पुलिस से कहा- रिया चक्रवर्ती को सुशांत सिंह राजपूत से दूर रहने को नहीं कहा
सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामले में हाल ही में मुंबई पुलिस ने महेश भट्ट से पूछताछ की। बता दें कि सुशांत के निधन के बाद ऐसी खबरें आ रही थीं कि महेश भट्ट ने रिया चक्रवर्ती को सुशांत से दूर रहने को...
सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामले में हाल ही में मुंबई पुलिस ने महेश भट्ट से पूछताछ की। बता दें कि सुशांत के निधन के बाद ऐसी खबरें आ रही थीं कि महेश भट्ट ने रिया चक्रवर्ती को सुशांत से दूर रहने को कहा था। रिप्बलिक वर्ल्ड की रिपोर्ट के मुताबिक महेश ने इन खबरों को गलत बताया है। महेश भट्ट ने यह भी बताया कि फिल्म जलेबी के बाद से रिया उन्हें गुरू मानती थीं।
खबरें यह भी है कि महेश भट्ट ने पूछताछ में बताया है की नवंबर 2018 से 2019 के बीच वह सुशांत से सिर्फ 2 बार मिले थे, एक बार किसी इवेंट में और दूसरी बार जब 'जलेबी' फिल्म में उन्होंने रिया चक्रवर्ती को कास्ट किया था। सुशांत के निधन के बाद ऐसी खबर आ रही थी कि महेश, सुशांत के साथ पहले सड़क 2 बनाने वाले थे। महेश ने इस बारे में पुलिस को बताया कि उन्होंने सड़क 2 के लिए कभी सुशांत का नाम नहीं सोचा क्योंकि वह पहले ही तय कर चुके थे फिल्म में संजय दत्त को ही लीड लेंगे।
बता दें कि सुशांत के निधन को 1 महीने से ज्यादा का समय हो गया है, लेकिन अभी तक यह नहीं पता चल पाया है कि उन्होंने आत्महत्या क्यों की। मुंबई पुलिस की जांच जारी है और अभी तक एक्टर के परिवार, दोस्त, गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती और कई फिल्ममेकर्स का बयान दर्ज हो चुका है।
मुंबई पुलिस का कहना है कि इस हफ्ते करण जौहर का बयान भी दर्ज किया जाएगा। रविवार को महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने बताया था कि सुशांत सुसाइड मामले में महेश भट्ट और करण जौहर के मैनेजर से पूछताछ की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा था कि अगर जरूरत पड़ी तो करण जौहर को भी पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।
बता दें कि सुशांत के निधन के बाद कंगना रनौत ने एक वीडियो शेयर कर इंडस्ट्री के कुछ लोगों पर निशाना साधा था। कंगना ने यह भी दावा किया था कि सुशांत ने अपने कई सोशल मीडिया पोस्ट ये बात जाहिर की थी कि वह इस इंडस्ट्री में सर्वाइव करने के लिए बहुत स्ट्रगल कर रहे हैं।