Hindi Newsएंटरटेनमेंट न्यूज़bollywood legend sridevi passed away live updates body being brought to india from dubai

अलविदा श्रीदेवी: आज दुबई से मुंबई आएगा पार्थिव शरीर, अंतिम दर्शन को जुटे फैंस

अनिवार्य कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने में हुई देरी के कारण बॉलीवुड अभिनेत्री श्रीदेवी का पार्थिव शरीर रविवार को दुबई से मुंबई नहीं लाया जा सका। उनका पार्थिव शरीर सोमवार को मुंबई लाया जाएगा। उनके...

अलविदा श्रीदेवी: आज दुबई से मुंबई आएगा पार्थिव शरीर, अंतिम दर्शन को जुटे फैंस
नई दिल्ली, लाइव हिन्दुस्तान टीम Mon, 26 Feb 2018 06:40 AM
हमें फॉलो करें

अनिवार्य कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने में हुई देरी के कारण बॉलीवुड अभिनेत्री श्रीदेवी का पार्थिव शरीर रविवार को दुबई से मुंबई नहीं लाया जा सका। उनका पार्थिव शरीर सोमवार को मुंबई लाया जाएगा। उनके पति बोनी कपूर के प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। खलीज टाइम्स के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि श्रीदेवी का पोस्टमॉर्टम पूरा हो चुका है। अधिकारियों के हवाले से बताया गया है कि प्रोटोकॉल के मुताबिक यदि दुबई में अस्पताल के बाहर किसी की मौत हुई हो तो इस जांच में 24 घंटे तक का समय लग जाता है। इस बीच, श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को लाने के लिए अनिल अंबानी के निजी विमान को भेजा गया है। यह विमान 13 सीटों वाला है।

इससे पहले दुबई में भारतीय वाणिज्य दूत विपुल ने कहा, हमलोग उन्हें (श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को) भारत भेजने के लिए दुबई पुलिस के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। इससे पहले संयुक्त अरब अमीरात में भारतीय दूत नवदीप सिंह पुरी ने ट्वीट किया, 'श्रीदेवी के असामयिक निधन की खबर से स्तब्ध हूं। दुबई में हमारा वाणिज्य दूतावास स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर हर संभव मदद मुहैया कराने के लिए काम कर रहा है।'

घर के बाहर उमड़े प्रशंसक
श्रीदेवी के निधन के बाद उनके घर के बाहर गम के माहौल में शोकाकुल प्रशंसकों की भीड़ अपनी 'चांदनी' की एक झलक पाने के लिए एकत्र हैं। इस दुखद खबर के आते ही श्रीदेवी को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके लोखंडवाला स्थित घर के बाहर प्रशंसकों की भीड़ जुटना शुरू हो गई।

बाथरूम में गिर पड़ी थीं श्रीदेवी

54 साल की श्रीदेवी संयुक्त अरब अमीरात के रास अल खैमा में पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गई थीं। शादी से लौटने के बाद श्रीदेवी दुबई के होटल जुमैरा लौट आईं थीं वहां बाथरूम में दिल का दौरा पड़ा। जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 

मीडिया में चल रही खबरों के मुताबिक UAE में भारत के राजदूत नवदीप सूरी ने भी इस खबर की पुष्टि की है और कहा कि  हार्ट अटैक के बाद श्रीदेवी बाथरूम में गिर गई थीं। दुबई के खिल्जी टाइम्स को ये जानकारी देते हुए संजय कपूर ने कहा कि वो पूरी तरह से सदमे में हैं। उन्होंने आगे कहा कि श्रीदेवी को हार्ट अटैक से जुड़ी कोई बीमारी नहीं थी।

आपको बता दें कि संदीप मारवाह के बेटे मोहित मारवाह की शादी अटेंड करने ही श्रीदेवी दुबई गई थीं। पूरा परिवार वहां से वापस आ गया था लेकिन श्रीदेवी वहां शॉपिंग करने के लिए रूक गई थीं।

हिन्दुस्तान को रुला गईं 'चांदनी'

- प्रियंका चोपड़ा ने श्रीदेवी के निधन पर ट्वीट करते हुए लिखा कि, 'मेरे पास कोई शब्द नहीं है। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के लिए जिन्होंने श्रीदेवी से प्यार किया है। एक काला दिन।

- आमिर खान ने भी श्रीदेवी के निधन पर शोक जताते हुए ट्वीट किया है कि, 'मैं अंदर से बहुत परेशान और दुखी हूं कि श्रीदेवी जी असमय चली गईं। मैं हमेशा से उनके काम का बहुत बड़ा फैन रहा हूं। मेरी उनके परिवार के हर सदस्य के लिए गहरी संवेदनाएं हैं। मैम हम हमेशा आपको प्यार और आदर के साथ याद रखेंगे।

-काजोल ने श्रीदेवी के निधन पर कहा कि, 'मैं स्तब्ध हूं, अभी भी उनके हंसते हुए चेहरे को बात करते हुए देख रही हूं। अविश्वसनीय, वो खुद में एक स्कूल थीं। उनसे मैंने बहुत कुछ सीखा है। मैं विश्वास नहीं कर सकती। बहुत बड़ा घाटा।

- अभिनेता रकुल प्रीत ने कहा उन्हें विश्वास नहीं हो रहा कि श्रीदेवी हमारे बीच नहीं हैं। भारतीय सिनेमा में उनकी जगह कोई नहीं ले सकता।

- जूली-2 की अभिनेत्री राई लक्ष्मी ने ट्वीट किया कि उन्होंने अपनी पसंदीदा अभीनेत्री को खो दिया है। श्रीदेवी की अचानक मौत ने मुझे हिलाकर रख दिया है।

- अभिनेता और फिल्म निर्देशक एसजे सूर्या ने श्रीदेवी की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए कहा है कि यह भारतीय सिनेमा के लिए बड़ा झटका है। श्रीदेवी हमेशा मेरे दिल में रहेंगी।

- कंपोज़र अनिरुद्ध रविचंदर ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा है, "RIP श्रीदेवी मैम। आप बहुत जल्दी चली गईं।"

- अभिनेत्री श्रुति हसन ने ट्वीट किया है, "RIP श्रीदेवी मैम। आपकी खूबसूरत अदाकारी, आपकी मौजूदगी और आपके टैलेंट के लिए धन्यवाद। आप हमेशा याद आती रहेंगी।

- दृश्यम की अभिनेत्री श्रेया सरन ने कहा है कि उन्हें विश्वास नहीं हो रहा है कि श्रीदेवी हमेशा के लिए जा चुकी हैं। आप हम लोगों के लिए एक इंस्पिरेशन हैं।

- राषट्रपति रामनाथ कोविंद ने श्रीदेवी के निधन पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ट्वीट किया है कि, 'मैं फिल्म स्टार श्रीदेवी के निधन की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। वो अपने करोड़ों फैंस के दिलों को तोड़कर चली गईं। उनकी लम्हें और इंग्लिश-विंग्लिश में दी गई परफॉर्मेंस दूसरे कलाकारों के लिए प्रेरणा है। उनके परिवार और करीबीयों के प्रति मेरी संवेदनाएं।

- पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सचिन तेंदुलकर ने श्रीदेवी के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि इस दुख को व्यक्त करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। हम उन्हें देख कर बड़े हुए हैं। इस सच को सहन करना हमारे लिए बहुत ही कठिन है। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं।  

- पीएम मोदी ने भी श्रीदेवी के आकस्मिक निधन पर शोक जताया है। प्रधानमंत्री के दफ्तर की ओर से ट्वीट करके दुख जताया गया। 'प्रसिद्ध अभिनेत्री श्रीदेवी के असमय और अचानक निधन से दुखी हूं। लंबे करियर में उन्होंने अलग-अलग तरह के यादगार रोल निभाए। मैं इस दुख की घड़ी में उनके परिवार के साथ हूं। उनकी आत्मा को शांति मिले।

पाकिस्तान भी गमजदा
-पाकिस्तान की अभिनेत्री माहिरा खान ने ट्वीट किया है कि मैं भाग्यशालि हूं कि आपके समय में बड़ी हुई। आपकी फिल्मों और जिंदादिली के लिए धन्यवाद। हमेशा याद आती रहेंगी आप।

- गायक राहत फतेह अली खान ने बोनी कपूर के प्रति संवेदना जाहिर करते हुए कहा कि श्रीदेवी की मौत से उन्हें गहरा धक्का लगा है।

- अभिनेता अली जाफर ने ट्वीट किया है, "RIP श्रीदेवी जी। आप हमेशा याद आती रहेंगी।"

- अभिनेत्री सबा कमर ने ट्वीट किया है, "RIP लीजेंड। हम आपको हमेशा याद करते रहेंगे"

बता दें, श्रीदेवी को जिस वक्त शनिवार देर रात दिल का दौरा पड़ा, तब उनके साथ पति बॉनी कपूर और छोटी बेटी खुशी के साथ वे दुबई में थीं। बोनी कपूर के भाई संजय कपूर ने इस खबर की पुष्टी की है। कपूर परिवार एक्टर मोहित मारवाह की शादी अटेंड करने के लिए दुबई में था। श्री देवी सिर्फ 54 साल की थीं। बॉलिवुड अदाकार श्रीदेवी अब इस दुनिया में नहीं हैं। उन की आखिरी फिल्म मॉम थी जो पिछले साल 2017 में आई थी। इसे रवि उदयवार ने डायरेक्ट किया था और प्रॉड्यूसर थे श्रीदेवी के पति बॉनी कपूर। फिल्म में श्रीदेवी के साथ अक्षय खन्ना और नवाजुद्दीन सिद्दिकी ने भी भूमिका निभाई थी।

तमिलनाडु में हुआ था श्रीदेवी का जन्म

श्रीदेवी का जन्म 13 अगस्त 1963 को हुआ। हिन्दी फिल्मों में आने से पहले श्रीदेवी ने तमिल, तेलगु, मलयालम और कन्नड़ फिल्मों में काम किया। उन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत बाल कलाकार के रूप में की थी और वह देश की सबसे बड़ी अभिनेत्रियों में शुमार हुईं। फिल्म जगत में उनके योगदान को देखते हुए सरकार ने उन्हें वर्ष 2013 में पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया।

लेटेस्ट Hindi News, Entertainment News के साथ-साथ TV News, Web Series और Movie Review पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
ऐप पर पढ़ें