'अमर अकबर एंथनी' के लेखक प्रयाग राज का निधन, अमिताभ-अनिल ने जताया दुख
दिग्गज लेखक और निर्देशक प्रयाग राज ने 88 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। वह उम्र संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। उनके निधन पर अमिताभ बच्चन और अनिल कपूर ने पोस्ट लिखकर शोक व्यक्त किया।

दिग्गज लेखक-निर्देशक प्रयाग राज अब इस दुनिया में नहीं रहे। प्रयाग राज को अमर अकबर एंथनी, कुली, मर्द और धर्मवीर जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है। वह 88 साल के थे। शनिवार को मुंबई में उनका निधन हो गया। अमिताभ बच्चन, अनिल कपूर और शबाना आजमी ने सोशल मीडिया पर उनके निधन पर शोक जताया और उन्हें श्रद्धांजलि दी। प्रयाग राज ने अमिताभ बच्चन, राजेश खन्ना, धर्मेंद्र सहित अन्य कलाकारों के साथ काम किया। प्रयाग राज म्यूजिक कम्पोज भी करते थे और गायिकी में भी हाथ आजमाया था। वह 100 से ज्यादा फिल्मों में लेखक के तौर पर और कुछ में गीतकार के रूप में जुड़े रहे।
सितारों ने जताया दुख
अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में प्रयाग राज के निधन पर लिखा, 'कल शाम को हमने अपनी महान फिल्म इंडस्ट्री के एक और स्तंभ को खो दिया। प्रयाग राज का कल शाम 4 बजे निधन हो गया।'
अनिल कपूर ने ट्विटर पर प्रयाग राज के साथ फोटो शेयर की। उन्होंने उनके साथ फिल्म 'हिफाजत' में काम किया। अनिल कपूर लिखते हैं, 'मैं स्वर्गीय प्रयाग राज के निधन से बहुत दुखी हूं। हिफाजत में उनके साथ काम करना सौभाग्य की बात थी। उसकी आत्मा को शांति मिलें।'
'अमर अकबर एंथनी' में काम कर चुकीं शबाना आजमी लिखती हैं, 'यह सुनकर दुख हुआ कि लेखक-निर्देशक प्रयाक राज अब नही रहे।'

कई सालों से बीमारी से जूझ रहे थे प्रयाग राज
समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए प्रयाग राज के बेटे आदित्य ने कहा, 'वह बांद्रा स्थित अपने घर पर शनिवार की शाम 4 बजे शांति से गुजर गए। उन्हें 8-10 सालों से हृदय रोग और उम्र से संबंधित बीमारियां थीं।'
