नए साल 2021 के स्वागत में दुनिया भर में लोग जश्न मना रहे हैं। इस बीच फिल्मी सितारों ने भी अपने ही अंदाज में नए साल का स्वागत किया है। एक्टर अक्षय कुमार ने गायत्री मंत्र के साथ नए साल की शुरुआत की है। इसके अलावा अभिनेता ऋतिक रोशन ने अपनी ही फिल्म 'कहो ना प्यार है' के गाने 'ऐ मेरे दिल तू गाये जा' पर परफॉर्मेंस देकर नए वर्ष का जश्न मनाया है। अक्षय कुमार ने नए साल का स्वागत करते हुए गायत्री मंत्र बोलते हुए एक वीडियो क्लिप शेयर की है। इस वीडियो में सुबह की पहली किरणें दिख रही हैं और बैकग्राउंड में अक्षय कुमार आवाज है, जिसमें वह गायत्री मंत्र दोहरा रहे हैं।
वीडियो शेयर करते हुए अक्षय कुमार ने लिखा है, 'वर्ष 2021 का पहला सूर्योदय। यदि आपने मिस कर दिया हो। हर किसी की सफलता और खुशी के लिए प्रार्थना। आप सभी को नए साल की शुभकामनाएं।' अक्षय कुमार की वाइफ ट्विंकल खन्ना ने भी नए साल का स्वागत करते हुए लिखा है, 'आप सभी को नए साल की शुभकामनाएं। 2020 को भूल जाएं।' ऋतिक रोशन ने अपनी ही फिल्म के गाने एक पल का जीना में परफॉर्म करते हुए नए साल का स्वागत किया है। ऋतिक रोशन ने यह परफॉर्मेंस सिंगर मीका सिंह के साथ की है। मीका सिंह ने खुद इस जश्न का वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया है।
वीडियो में मीका सिंह गाना गाते हुए नजर आते हैं, जबकि ऋतिक रोशन मूवी के अपने स्टेप्स को दोहराते नजर आते हैं। वीडियो शेयर करते हुए मीका सिंह ने लिखा है, 'ऋतिक रोशन, राकेश रोशन जैद खान के साथ एक शानदार पार्टी। राकेश रोशन साहब को इस शानदार पार्टी के लिए धन्यवाद। आप सभी को नए साल की शुभकामनाएं। ईश्वर नए साल में सभी को बेहतर स्वास्थ्य और खुशियां दे। गुड बाय 2020, वेलकम 2021।'
इसके साथ ही मीका सिंह ने ऋतिक रोशन के साथ एक तस्वीर भी शेयर की है। मीका सिंह ने फोटो के साथ कैप्शन में लिखा है, 'नए साल की शुरुआत मेरे भाई ऋतिक रोशन के साथ।' प्रोफेशनल तौर पर बात करें तो ऋतिक रोशन आखिरी बार 'वॉर' मूवी में नजर आए थे।