Gulshan Kumar Murder Case: गुलशन कुमार की हत्या के मामले में मानव कौल को उठा ले गई थी पुलिस और फिर...
Gulshan Kumar Murder Case: मानव कौल ने चौंका देने वाला खुलासा किया है। मानव कौल ने बताया कि गुलशन कुमार की हत्या के मामले में पुलिस उन्हें और उनके दोस्तों को उठाकर पुलिस स्टेशन लेकर चली गई थी।

'तुम्हारी सुलु', 'जॉली एलएलबी 2' जैसी फिल्मों में अपने अभिनय का जल्वा बिखेर चुके मानव कौल ने चौंका देने वाला खुलासा किया है। मानव कौल ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में कहा, "जब मैं 'तुम्हारी सुलु' के लिए टी-सीरीज के ऑफिस पहुंचा तब मेरे पैर ऑफिस के बाहर ही रुक गए। दरअसल, टी-सीरीज के ऑफिस में गुलशन कुमार की एक बड़ी-सी तस्वीर लगी थी। जब मैंने उस तस्वीर को देखा तब मुझे मेरे करियर के शुरुआत दिन याद आ गए। मुझे वो दिन याद आ गया जब पुलिस ने गुलशन कुमार की हत्या के मामले में मुझे हिरासत में ले लिया था।"
मानव कौल ने बताया पूरा किस्सा
मानव कौल ने सिद्धार्थ कनन को दिए इंटरव्यू में आगे कहा, "स्ट्रगल के दिनों की बात है। पैसों की तंगी की वजह से मैं कुछ लड़कों के साथ दहिसर में एक कमरे में रहते था। नाश्ते के पैसे बचाने के लिए हम देर रात तक जागते थे और सुबह देर से उठते थे। हम सभी फिल्मों में काम पाने के लिए स्ट्रगल कर रहे थे। एक साथ स्टूडियो की खाक छानते और इधर-उधर घूमते रहते थे। जिंदगी ठीक-ठाक तरीके से चल रही थी लेकिन, तभी ही टी-सीरीज के मालिक गुलशन कुमार की किसी ने गोली मारकर हत्या कर दी।"
पुलिस बोली- तू कश्मीरी है न
मानव कौल आगे बोले, "गुलशन कुमार की हत्या के बाद एक रात मैं अपने दोस्तों के साथ ताश के पत्ते खेल रहा था। हम सब लाेग हर रोज की ही तरह बातें कर रहे थे। तभी पुलिस आई। पुलिस ने आते साथ हमसे पूछा, गुलशन कुमार को किसने मारा? कुछ लोग डर गए। वहीं कुछ लोगों को हंसी आने लगी। हमें हंसता देख पुलिस हम सभी को उठाकर दहिसर पुलिस स्टेशन ले गई और पूछताछ करने लगी। वहां एक शख्स ने मुझसे पूछ, 'तेरा कट्टा कहां है? तू तो कश्मीरी है न।' मैंने उन्हें समझाने की बहुत कोशिश की कि मैं एक कलाकार हूं। थोड़ी देर बाद पूछताछ खत्म हुई और उन्होंने हमें छोड़ दिया।
1997 में हुई थी हत्या
बता दें, गुलशन कुमार को 12 अगस्त 1997 के दिन गोलियों से भून दिया गया था। अंधेरी वेस्ट मुंबई के जीत नगर इलाके में स्थित शिव मंदिर के बाहर उनके शरीर पर 16 बार गोलियां मारकर उनकी हत्या कर दी गई थी।




