Citadel Review: धांसू एक्शन और कसी हुई स्क्रिप्ट, जानें क्यों खास है प्रियंका चोपड़ा और रिचर्ड की 'सिटाडेल'
Citadel Review in Hindi: देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा जोनस और हॉलीवुड एक्टर रिचर्ड मैडेन स्टारर अमेजन प्राइम वीडियो की सीरीज सिटाडेल रिलीज हो गई है। ये सीरीज एक्शन से भरपूर है और क्या है इस में खास...
वेब सीरीज: सिटाडेल
प्रमुख स्टारकास्ट: रिचर्ड मैडेन, प्रियंका चोपड़ा जोनस, स्टेनली टुकी और लेस्ली मैनविले आदि
निर्देशक: न्यूटन थॉमस सीगेल (शुरुआती दो एपिसोड्स)
कुल एपिसोड्स: 6
ओटीटी: अमेजन प्राइम वीडियो
क्या है कहानी: सिटाडेल एक इंडिपेंडेंट ग्लोबल स्पाई एजेंसी है, जिसके स्पाई पूरी दुनिया में फैले हैं लेकिन एक गद्दार की वजह से इसके एजेंट्स के डाटा लीक हो जाते हैं, जिसके बाद एक पावरफुल सिंडिकेट मांटीकोर के लोग चुन चुन कर इसके सभी लोगों को खत्म कर देते हैं। ऐसे ही एक मिशन में ट्रेन में नाडिया (प्रियंका चोपड़ा जोनस) और मेसन (रिचर्ड मैडेन) पर हमला होता है, जहां उन्हें मारने की कोशिश होती है। इस मिशन में नाडिया और मेसन बच जाते हैं, लेकिन एक डिवाइस की वजह से उनकी याददाश्त मिट जाती है। नाडिया और मेसन, दोनों ही आम लोगों की तरह जिंदगी जीना शुरू कर देते हैं। करीब 8 साल बाद मेसन की जिंदगी में बर्नार्ड (स्टेनली टुकी) की एंट्री होती है, जो उसे बताता है कि वो कौन है। मेसन इसके बाद नाडिया को ढूंढ़ता है और फिर मांटीकोर को के नापाक इरादों को रोकने में जुट जाते हैं। इस दौरान एक्शन के साथ ही कॉमेडी और रोमांस भी दोनों के बीच देखने को मिलता है। क्या हैं मांटीकोर के इरादे, कैसे नाडिया-मेसन इन्हें रोकने की कोशिश करते हैं और इस बीच क्या कुछ समस्याएं उनके सामने आती हैं, ये सब देखने के लिए आपको सिटाडेल देखनी होगी।
कैसी है एक्टिंग और निर्देशन: सिटाडेल को प्रियंका चोपड़ा जोनस का अभी तक का बेस्ट हॉलीवुड प्रोजेक्ट कहा जा सकता है, जहां वो अपने फुल फॉर्म में हैं। प्रियंका बेतरीन एक्ट्रेस हैं और अब सिटाडेल से उनकी एक्टिंग का डंका ग्लोबली और ज्यादा बजने वाला है। प्रियंका सीरीज में एक्शन भी करते हुए काफी सॉलिड दिख रही हैं। वहीं रिचर्ड मैडेन का स्वैग भी सीरीज में देखते ही बनता है। जिस तरह से वो खुद को सीन के हिसाब से बदलते हैं, वो देखने में मजा देता है। स्टेनली टुकी और लेस्ली मैनविले भी अपने अपने किरदारों में बखूबी जच रहे हैं। बात एक्टिंग के अलावा निर्देशन की करें तो सीरीज के शुरुआती दोनों एपिसोड्स को न्यूटन थॉमस सीगेल ने निर्देशित किया है और उनका काम कमाल का है।
क्या कुछ है खास और कहां खाई मात: सिटाडेल की सबसे अच्छी बात ये है कि ये महौल बनाने में वक्त बर्बाद नहीं करती हैं और पहले एपिसोड के शुरुआती मिनट्स से ही बतौर दर्शक आपको मजा आने लगता है। शुरुआती कुछ मिनट्स में ही आपको एक्शन देखने को मिलता है। सिटाडेल की राइटिंग अच्छी है, जो शानदार कैमरा वर्क और सिनेमैटोग्राफी के साथ आगे बढ़ती है, जिस पर तगड़ी एडिटिंग का तड़का देखने को मिलता है। सिटाडेल का कलर टेक्शचर सीन्स के मुताबिक बदलता है जो सीन्स की इंटेसिटी बढ़ाता है। इन सबके साथ ही सिटाडेल का बैकग्राउंड म्यूजिक भी अच्छा है। यानी कुल मिलाकर ये कहा जा सकता है कि सिटाडेल तकनीकि तौर पर एक मजबूत फिल्म है।
देखें या नहीं: अमेजन प्राइम वीडियो की सीरीज सिटाडेल के कुल 6 एपिसोड्स हैं, जिसके 2 एपिसोड्स, 28 अप्रैल को रिलीज हुए हैं। इस सीरीज में अच्छा सस्पेंस और एक्शन है, जो एक बढ़िया कहानी के साथ आगे बढ़ता है। अगर आपको स्पाई थ्रिलर और एक्शन कंटेंट का चस्का है तो आपको इस सीरीज को जरूर देखना चाहिए।
(नोट: ये रिव्यू शुरुआती दो एपिसोड्स को देखकर लिखा गया है।)
