
जब अमिताभ बच्चन ने 7 दिन तक नहीं धोया मुंह, देखते ही मेकअप आर्टिस्ट के मुंह से निकली थी यह बात
अमिताभ बच्चन अपने काम को लेकर बहुत डेडिकेटेड रहते हैं। उनकी इसी डेडिकेशन ने उनकी पहली फिल्म में एक मेकअप आर्टिस्ट को हैरान कर दिया था। जानिए महानायक की डेब्यू फिल्म का यह यादगार किस्सा।
अमिताभ बच्चन काम को लेकर अपने समर्पण भाव और डिसिप्लिन के लिए जाने जाते हैं। अनुपम खेर भी एक किस्सा सुना चुके हैं, कि कैसे जब उनके सिर पर स्टारडम का भूत चढ़ने लगा था तब उन्हें अमिताभ बच्चन के साथ हुए एक किस्से ने अहसास करवाया कि असली प्रोफेशनलिज्म कैसा होता है। अमिताभ बच्चन अपने करियर की शुरुआत से ही ऐसे रहे थे। यही वजह है कि उन्हें उनकी पहली फिल्म में ही एक मेकअप आर्टिस्ट ने कहा था कि वो बहुत तरक्की करेंगे। हुआ भी ऐसा है, उनके करियर का ग्राफ तेजी से ऊपर गया।

अमिताभ ने 7 दिन तक नहीं धोया मुंह
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने जब अपने करियर की शुरुआत की थी तो हर कोई यही सोचता था कि वो सिनेमा जगत के लायक नहीं हैं। यह तो हर कोई जानता है कि अमिताभ बच्चन को शुरू में उनकी इसी आवाज और लंबाई के लिए ताने सुनने पड़े थे, जिसकी वजह से आज उन्हें जाना जाता है। लेकिन क्या आप इस किस्से के बारे में जानते हैं? जब उन्होंने फिल्म के बजट को मैनेज करने के लिए 7 दिन तक अपना चेहरा नहीं धोया था।
मेकअप आर्टिस्ट ने कही थी यह बात
अमिताभ बच्चन की डेब्यू फिल्म 'सात हिंदुस्तानी' पूरी तरह फ्लॉप रही थी। लेकिन इसी फिल्म का एक किस्सा आज भी लोगों को हैरान कर देता है। अमिताभ बच्चन ने एक इंटरव्यू में खुद यह बताया था कि उन्होंने इस फिल्म के लिए 7 दिन तक अपना चेहरा नहीं धोया था। अमिताभ बच्चन ने बताया कि इस फिल्म की शूटिंग गोआ में हुई थी और इसका बजट बहुत कम था। अचानक उनके मेकअप आर्टिस्ट को किसी काम से मुंबई जाना पड़ा और जाने से पहले उन्होंने अमिताभ से कहा- जब तक मैं वापस ना आऊं, अपना चेहरा मत धोना।
वापस लौटा तो देखकर दंग रह गया
मेकअप आर्टिस्ट को वापस आने में वक्त लग गया और जब वो 7 दिन के बाद वापस शूट पर लौटा तो हैरान था। अमिताभ बच्चन ने ठीक वैसा ही किया। उन्होंने बीते 7 दिनों से अपना चेहरा नहीं धोया था। वो उसी मेकअप के साथ सोते, खाते-पीते और घूमते-फिरते। अमिताभ बच्चन की काम को लेकर डेडिकेशन देखकर वो मेकअप आर्टिस्ट दंग रह गया और उसने अमिताभ बच्चन से कहा कि सर आप करियर में बहुत आगे जाएंगे। हुआ भी ऐसा ही, अमिताभ अपने करियर में तेजी से आगे गए।

लेखक के बारे में
Puneet Parasharलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




