राखी सावंत, नाना पाटेकर के घर गई थी और उसने वहां से…- तनुश्री दत्ता का बड़ा दावा
तनुश्री दत्ता ने अब नए इल्जाम लगाए हैं। उन्होंने अपने वीडियो में राखी सावंत और नाना पाटेकर को लेकर नए दावे किए हैं। पढ़िए उन्होंने अब क्या कहा।

तनुश्री दत्ता ने अब राखी सावंत पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दरअसल, गुरुवार को नाना पाटेकर के निधन की खबर सामने आने के बाद तनुश्री ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था। इस वीडियो में उन्होंने नाना पाटेकर के लिए 'ईविल डेड' शब्द का इस्तेमाल किया था। उनके इस बयान पर लोगों ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया। इसके बाद तनुश्री ने एक और वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने अपने बयान पर सफाई दी और राखी सावंत को लेकर कई चौंकाने वाले दावे किए।
तनुश्री दत्ता ने राखी सावंत पर क्या आरोप लगाए?
तनुश्री दत्ता ने दावा किया कि साल 2018 में #MeToo आंदोलन के दौरान नाना पाटेकर ने राखी सावंत को उनके खिलाफ प्रेस कॉन्फ्रेंस करने और बयान देने के लिए 2 से 2.5 लाख रुपये दिए थे। तनुश्री के मुताबिक, राखी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस से दो दिन पहले नाना पाटेकर के मुंबई स्थित घर से नकद पैसे लिए थे। तनुश्री ने वीडियो में कहा, "उसके लिए उसे पैसे मिले थे नाना पाटेकर से। ये मैं खुद से नहीं कह रही हूं, राजश्री मोरे, जो राखी सावंत की बेस्ट फ्रेंड हुआ करती थी। उसकी गाड़ी में जाकर, राखी ने नाना पाटेकर के घर से 2-2.5 लाख, नोटों के गड्डी पिक अप की थी...।"
'मैं मानसिक रूप से बहुत परेशान हो गई थी'
तनुश्री ने आगे कहा, “वो सारा सब कुछ करने के लिए उसने नाना पाटेकर के घर से पैसे उठाए थे। मैं इतना मानसिक रूप से परेशान हो गई थी, नाना पाटेकर के लोग मुझे परेशान कर रहे थे। ऊपर से राखी सावंत ने आके गंदे-गंदे वीडियो, आरोप... और ज्यादा मुझे विक्टिमाइज किया।” तनुश्री का दावा है कि राजश्री मोरे ने यह बात पांच लोगों के सामने बताई थी।
राजश्री मोरे को लेकर क्या बोलीं तनुश्री?
तनुश्री ने आरोप लगाया कि जब राखी सावंत नाना पाटेकर के घर पैसे लेने गई थीं, तब राजश्री मोरे भी कार में मौजूद थीं। तनुश्री के मुताबिक, राजश्री ने खुद राखी को पैसे लेने जाते देखा था। इसके अलावा तनुश्री ने नाना पाटेकर को लेकर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने आरोप लगाया कि नाना अपने पक्ष में काम करवाने के लिए दूसरे लोगों का इस्तेमाल करते थे।
एक ही फिल्म में थे राखी, तनुश्री और नाना पाटेकर
अभिनेत्री तनुश्री दत्ता ने आरोप लगाया था कि 2008 में फिल्म 'हॉर्न ओके प्लीज' के गाने की शूटिंग के दौरान नाना पाटेकर ने उनके साथ अनुचित व्यवहार किया और गलत तरीके से छुआ था। इसी फिल्म में राखी सावंत भी थीं। उन्होंने इस फिल्म में आइटम सॉन्ग किया था।
कौन हैं राजश्री मोरे?
राजश्री मोरे का नाम तनुश्री दत्ता ने अपने नए वीडियो में लिया है। तनुश्री के मुताबिक, राजश्री पहले राखी सावंत की करीबी दोस्त हुआ करती थीं। तनुश्री का दावा है कि राजश्री ने ही उन्हें राखी के कथित तौर पर पैसे लेने की जानकारी दी थी। फिलहाल तनुश्री दत्ता के इन आरोपों पर राखी सावंत या राजश्री मोरे की तरफ से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

