तो चोरी की है फिल्म 'गांधारी' की कहानी? तापसी पन्नू की फिल्म पर लगे गंभीर आरोप
तापसी पन्नू की फिल्म 'गांधारी' रिलीज से पहले ही सुर्खियों में आ गई है। राइटर कल्याण बांदी का आरोप है कि यह कहानी उन्होंने ही लिखी और रजिस्टर करवाई थी।

बॉलीवुड एक्ट्रेस तापसी पन्नू की फिल्म 'गांधारी' अनाउंसमेंट के बाद से ही विवादों में बनी हुई है। अब यह फिल्म कॉपीराइट कॉन्ट्रोवर्सी में घिरती नजर आ रही है। राइटर कल्याण बांदी का आरोप है कि फिल्म की कहानी उनके द्वारा सालों पहले लिखी जा चुकी एक कहानी से मेल खाती है। बता दें कि तापसी पन्नू स्टारर मूवी की कहानी कनिका ढिल्लों ने लिखी है और वही इसका प्रोडक्शन भी कर रही हैं। कनिका के प्रोडक्शन हाउस ने एक बयान जारी करके सभी आरोपों का खंडन किया है और कहा है कि यह एक ऑरिजनल स्टोरी है।
कल्याण का दावा, उन्होंने लिखी थी कहानी
बात कहानी की करें तो इसमें तापसी एक ऐसी मां का किरदार निभा रही हैं जिसकी बेटी किडनैप हो जाती है। इसके बाद यह मां अपनी अगवा हुई बेटी को बचाने के लिए निकल पड़ती है। वहीं IIT मद्रास के स्टूडेंट रहे कल्याण बांदी का दावा है कि उन्होंने साल 2019 में गांधारी नाम की एक कहानी लिखी और रजिस्टर कराई थी। सेंट्रल जीएसटी और कस्टम विभाग में बतौर इंस्पेक्टर कार्यरत कल्याण बांदी ने दावा किया है कि उन्होंने जो कहानी रजिस्टर कराई थी इसमें एक मां चाइल्ड ट्रैफिकिंग रैकेट में फंसने पर एक गुस्सैल देवी का अवतार ले लेती है।
मोनिका शेरगिल को सुनाई थी कहानी!
इंडिया टुडे के साथ बातचीत में उन्होंने बताया कि उन्होंने 2019 में मोनिका शेरगिल को यह कहानी सुनाई थी। जो उस वक्त वूट में काम कर रही थीं और अब नेटफ्लिक्स में वाइस प्रेसिडेंट हैं। कल्याण का कहना है कि उन्होंने तब से ही फिल्म के प्रोडक्शन पर सवाल उठाए हैं और दावा किया है कि उन्होंने सितंबर 2025 में आर्थिक हर्जाने और क्रेडिट की मांग करते हुए एक लीगल नोटिस भी भेजा था। राइटर बांदी का कहना है कि उन्होंने सबसे पहले साल 2019 में लिंक्डइन पर शेरगिल से संपर्क किया था और अगले महीने अपनी 8 पेज की कहानी और गांधारी पर बेस्ड 2 पेज की समरी उनके साथ साझा की थी।
कब हुआ नेटफ्लिक्स के इरादों पर शक?
बांदी ने बताया कि कहानी प्रपोज किए जाने के कुछ हफ्तों बाद उन्हें बताया गया कि उनकी स्टोरी रिजेक्ट हो गई है। कहानी रिजेक्ट किए जाने की वजह उन्हें यह बताई गई कि यह कंपनी के पैमाने पर ठीक नहीं बैठती है। उन्होंने आगे बताया कि उन्होंने लगभग उसी वक्त स्क्रिप्ट राइटर्स के यूनियन में कहानी और इसकी समरी रजिस्टर कराई। फिर 2025 में नेटफ्लिक्स पर गांधारी अनाउंस हुई जिससे वह शॉक्ड रह गए। बांदी के मुताबिक शीर्षक ने तुरंत उनका ध्यान खींचा। जब उन्होंने प्रोजेक्ट को कंपेयर किया तो यह काफी हद तक उनकी कहानी जैसा था।


