'खुद साफ करते हैं बर्तन-किचन', पति की तारीफ में श्रेया घोषाल बोलीं, 'किस्मतवाली हूं कि मुझे..'
Shreya Ghoshal: सिंगर श्रेया घोषाल ने एक हालिया पॉडकास्ट में बताया कि कैसे उनकी निजी जिंदगी इसलिए खुशहाल है, क्योंकि उनके पति उनके साथ हर तरह से कॉपरेट कर लेते हैं।

लीजेंडरी सिंगर श्रेया घोषाल ने अपनी खुशहाल जिंदगी के बारे में बात करते हुए इसका क्रेडिट अपने पति को दिया। सिंगर ने बताया कि उनके पति शिलादित्य मुखोपाध्याय उनकी बिजी प्रोफेशनल जिंदगी और उनकी गैरमौजूदगी को लेकर कभी सवाल नहीं करते हैं। श्रेया घोषाल ने बताया कि कैसे उनके पति घर के काम बहुत सहजता से संभाल लेते हैं और प्रोफेशनल बाध्यताओं के चलते उनकी परिवार में अनुपस्थिति को लेकर कभी सवाल नहीं उठाते। श्रेया ने कहा कि वह ऐसे जीवनसाथी को पाकर खुद को भाग्यशाली महसूस करती हैं।
खुद बर्तन-सफाई करते हैं पति
श्रेया घोषाल ने 'द मेल फेमिनिस्ट पॉडकास्ट' में अपनी निजी जिंदगी के बारे में खुलकर बात की और बताया कि कैसे वह और उनके पति घरेलू जिम्मेदारियों को मिल-जुलकर निभाते हैं। श्रेया ने बताया कि उनके पति शिलादित्य को अकेले ही सब कुछ संभालने की आदत है और वह उनसे यह उम्मीद नहीं करते कि पत्नी होने के नाते वह घर के कामों की जिम्मेदारी संभालें। श्रेया ने बताया कि उनके पति घर में बर्तन धोना और किचन की साफ-सफाई करना जैसी चीजें भी बहुत सहजता से कर लेते हैं और कभी उनका ईगो आड़े नहीं आता।
'किस्मतवाली हूं कि मुझे यह आदमी..'
बातचीत के दौरान श्रेया ने कहा, "मैं किस्मतवाली हूं कि मुझे यह आदमी मिल गया। वह पूरे घर का ख्याल रखते हैं। वह अपनी शर्तों पर जीना पसंद करते हैं, वह खुद अपने बर्तन धोते हैं, वह किचन की साफ सफाई कर लेते हैं। अगर मैं यह सब कर दूं तो वह नाराज हो जाते हैं।" श्रेया ने बताया कि उन्होंने कभी यह सवाल नहीं उठाया कि मैं क्यों उनके लिए घर पर मौजूद नहीं हूं। उन्होंने कहा कि उन दोनों के बिजी शेड्यूल ने उनकी जिम्मेदारियों के बंटवारे को उनकी जिंदगी में अहम जगह दे दी है। क्योंकि सामने वाला लंबे-लंबे वक्त तक खुद व्यस्त है, तो वह सामने वाले से उम्मीद नहीं करता कि आप अवेलिबल क्यों नहीं हो।
बचपन से एक दूसरे को जानते हैं
जहां तक दोनों के स्वभाव की बात है तो दोनों एक दूसरे से काफी अलग हैं। एक तरफ जहां श्रेया भारत की सबसे नामचीन प्लेबैक सिंगर्स में से एक हैं। वहीं दूसरी तरफ शिलादित्य थोड़े रिजर्व नेचर के हैं। वह मीडिया की चकाचौंध से दूर रहना पसंद करते हैं। शिलादित्य ने अपनी पहचान को काफी हद तक सीमित रखा है। जहां तक दोनों के रिश्ते की बात है तो श्रेया और शिलादित्य एक दूसरे को बचपन से जानते हैं। दोनों करीब एक दशक तक एक दूसरे के साथ रिश्ते में रहे जिसके बाद उन्होंने शदी के बंधन में बंधने का फैसला किया।


