सलमान की फिल्म से डिलीट किए गए थे ये गाने, बाद में मजबूरन मेकर्स को दोबारा जोड़ना पड़ा
Salman Khan: सलमान खान यूं तो अपनी शर्तों पर काम करते हैं, लेकिन उनकी एक फिल्म ऐसी भी थी, जिससे कुछ गाने डिलीट कर दिए गए थे।

बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान की पावर यह है कि वह अपनी किसी फिल्म के किसी आर्टिस्ट को हटवा तक सकते हैं। फिल्मी गलियारों में यह चर्चा बहुत पुरानी है कि सलमान खान अपनी फिल्म में अपनी शर्तों पर काम करते हैं, लेकिन क्या हो अगर हम आपको बताएं कि एक बार सलमान खान की खुद की मूवी से उन पर फिल्माए जा चुके 2 गाने हटा दिए गए थे। लेकिन फिर जब यह फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हुई तो सलमान खान का पावर देखने को मिला, मेकर्स को मजबूरन ये दोनों गाने वापस फिल्म में डालने पड़े।
फिल्म से क्यों हटाए गए थे दोनों गाने?
हम बात कर रहे हैं साल 1994 में आई मूवी 'हम आपके हैं कौन की'। इस फिल्म में सलमान खान ने लीड रोल प्ले किया था और IMDb पर 7.5 रेटिंग वाली इस फिल्म में माधुरी दीक्षित फीमेल लीड रोल में थीं। जाहिर तौर पर यह एक सुपरहिट मूवी थी, लेकिन अब सवाल यह उठता है कि आखिर इससे सलमान के 2 गाने क्यों हटाए गए थे? जवाब यह है कि इस फिल्म की रिलीज से पहले बहुत से लोगों ने इसकी लंबाई को लेकर बुराई की थी। लोगों ने कहा कि मूवी बहुत लंबी है और गाने भी बहुत ज्यादा हैं, इस दौरान ऑडियंस बोर हो जाएगी और इसे छोटा करने की जरूरत है।
मजबूरन फिल्म में दोबारा जोड़ना पड़ा
क्रिटिक्स और इंडस्ट्री के लोगों का फीडबैक मानते हुए इस मूवी के डायरेक्टर सूरज बड़जात्या ने इस मूवी से सलमान खान के दो गानों पर कैंची चला दी। हालांकि जब फिल्म 5 अगस्त 1994 को थिएटर्स में आई तो इसे बहुत पसंद किया गया। फिल्म को इतना प्यार मिला कि मेकर्स को अपना यह फैसला बदलना पड़ा और मजबूरन उन दोनों ही गानों को वापस इस मूवी में जोड़ा गया। क्या आप गेस कर सकते हैं कि ये दोनों गाने कौन से रहे होंगे? आप जानकर हैरान हो जाएंगे कि इन दोनों ही गानों को लता मंगेशकर ने आवाज दी थी।
कौन से थे हटाकर जोड़े गए ये गाने?
पहला गाना था, 'चॉकलेट लाइम सूज'। लता मंगेशकर की आवाज में गाए इस गाने को लिखा था देव कोहली ने। फिल्म का दूसरा गाना जिसे हटाया गया और फिर बाद में दोबारा जोड़ना पड़ा वह भी लता मंगेशकर ने ही गाया था। मेल वॉयस इसमें एसपी बालासुब्रह्मण्यम ने दी थी। फिल्म का दूसरा गाना 'मुझसे जुदा होकर' था। ये दोनों ही गाने बाद में इतने बड़े हिट साबित हुए कि आज भी इनका म्यूजिक भर सुनकर लोग इन्हें पहचान जाते हैं। सलमान खान आज जिस मुकाम पर हैं वहां पर जनता के प्यार और अपने काम की वजह से ही पहुंच पाए हैं।


