सैफ अली खान ने अपनी इस हिट फिल्म को बताया 'गलती', बोले- उसे टाला नहीं जा सकता था
सैफ अली खान ने हाल ही में अपनी फिल्म कॉकटेल को लेकर बात की। उन्होंने 2012 की हिट फिल्म को एक गलती बताया है। सैफ ने फिल्म की स्क्रिप्ट को पिछड़ा हुआ बताया है।

सैफ अली खान (Saif Ali Khan) की फिल्म हैवान कल यानी 11 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। हैवान की रिलीज से पहले सैफ अली खान ने अपनी फिल्म के चुनावों को लेकर बात की। इस दौरान सैफ अली खान ने साल 2012 में रिलीज हुई अपनी फिल्म कॉकटेल को एक गलती बताया है। उन्होंने कहा कि वो ऐसी गलती है जिसे टाला नहीं जा सकता था।
कॉकटेल और हमशकल्स पर बोले सैफ अली खान
गल्फ न्यूज से खास बातचीत में बताया कि कॉकटेल में गौतम का किरदार उनके लिए सही नहीं था। सैफ ने कहा कि उन्होंने वो रोल इसलिए किया क्योंकि वो फिल्म को प्रोड्यूस कर रहे थे। इस दौरान सैफ ने फिल्म हमशकल्स को लेकर भी बात की है।
कॉकटेल को सैफ अली खान ने बताया गलती
कॉकटेल में अपने किरदार के बारे में बात करते हुए सैफ अली खान ने कहा, “मैं वो पार्ट किया क्योंकि मैं फिल्म प्रोड्यूस कर रहा था, वो एक ऐसी गलती थी जिसे टाला नहीं जा सकता था, 100 पर्सेंट वो एक गलती थी, और वो स्क्रिप्ट भी थोड़ी पिछड़ी हुई थी। वैसे तो वो एक हल्की-फुल्की मजेदार फिल्म थी।”
सैफ अली खान ने बताया कि क्यों की उन्होंने वो फिल्म
सैफ अली खान ने आगे कहा, "मैंने वो रोल के लिए नहीं की थी। मैंने वो रोल किया था ताकि फिल्म बन सके। आप अलग-अलग कारणों से चीजें करते हैं। मुझे पता था कि वेरोनिका वाला रोल ही सबसे दिलचस्प है, लेकिन यह उन चीजों में से एक है जिन्हें आप करते ही हैं।"
हमशकल्स को लेकर क्या बोले सैफ अली खान
सैफ अली खान ने इस दौरान हमशकल्स को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि हमशकल्स में उनकी कास्टिंग गलत हुई थी। उन्होंने कहा, "कुछ एक्टर्स हैं जो वाकई इसे बखूबी से कर सकते थे। इसके लिए एक खास तरह के कमिटमेंट और लोगों को थोड़े अलग लेवल पर हंसाने की काबिलियत होना जरूरी है। शायद मैं खुद को इसके लिए तैयार नहीं कर पाया या फिर मैं असल में इसमें उतना अच्छा नहीं था।”
सैफ अली ने कहा अक्षय कर सकते थे वो रोल
सैफ अली खान ने आगे कहा, "मुझे लगता है कि साजिद को ऐसा लगा कि मैं वो सब करूंगा...जैसे अक्षय कुमार कर पाते, वो एक गलती थी लेकिन मैं फिल्म के साथ खड़ा हूं, साजिद के साथ खड़ा हूं, और बिल्कुल हम सबको अपनी फिल्मों के साथ खड़ा होना चाहिए।"
क्या था कॉकटेल का प्लॉट?
कॉकटेल की बात करें तो ये फिल्म साल 2012 में रिलीज हुई थी। फिल्म में सैफ अली खान के साथ दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी नजर आई थीं। कॉकटेल एक रोमांटिक फिल्म थी जिसमें एक लव ट्रायंगल दिखाया गया था। फिल्म को होमी अदजानिया ने डायरेक्ट किया था। कॉकटले बॉक्स ऑफिस पर हिट साबित हुई थी। हाल ही में कॉकटेल का सीक्वल रिलीज हुआ था। कॉकटले 2 में शाहिद कपूर,कृति सेनन और रश्मिका मंदाना नजर आई थीं। इस फिल्म को भी होमी अदजानिया ने ही डायरेक्ट किया था।
हमशकल्स के बारे में
हमशकल्स की बात करें तो ये फिल्म साल 2014 में रिलीज हुई थी। फिल्म को साजिद खान ने डायरेक्ट किया था। फिल्म में रितेश देशमुख, राम कपूर, बिपाशा बसू, ईशा गुप्ता, तमन्ना भाटिया, सतीश शाह और सैफ अली खान जैसे कलाकार नजर आए थे। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर डिजास्टर साबित हुई थी।


